UP SIR News: यूपी के 75 जिलों में जारी हुई ड्राफ्ट वोटर लिस्ट, नाम जुड़वाने और सुधार का मिलेगा मौका

UP Voter List 2027: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी कर दी गई है। नई सूची में 13.58 करोड़ मतदाताओं के नाम शामिल हैं। 16 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां दर्ज होंगी, जबकि 4 जनवरी 2027 को फाइनल वोटर लिस्ट जारी की जाएगी।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 17 November 2026, 12:32 PM IST

Lucknow: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मंगलवार को ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी कर दी गई। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नई ड्राफ्ट मतदाता सूची में करीब 13.58 करोड़ मतदाताओं के नाम शामिल किए गए हैं। अब मतदाताओं को सूची में अपना नाम जुड़वाने, अपात्र नाम हटवाने और व्यक्तिगत विवरण में संशोधन कराने का एक और मौका मिलेगा।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी के मुताबिक, प्रदेश में 10 अप्रैल को जारी एसआईआर की अंतिम मतदाता सूची में 13.39 करोड़ मतदाता दर्ज थे। इसके मुकाबले पिछले सात महीनों में मतदाताओं की संख्या में करीब 17 लाख की बढ़ोतरी हुई है। ड्राफ्ट सूची जारी होने के बाद अब मतदाता अपने नाम और अन्य जानकारियों की जांच कर सकते हैं।

16 दिसंबर तक दर्ज करा सकेंगे दावे और आपत्तियां

ड्राफ्ट मतदाता सूची पर दावे और आपत्तियां दर्ज कराने के लिए 16 दिसंबर तक का समय दिया गया है। इस दौरान जिन मतदाताओं का नाम सूची में शामिल नहीं है, वे नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकेंगे। वहीं, गलत तरीके से दर्ज या अपात्र नामों को हटाने और नाम-पते समेत अन्य विवरण में संशोधन कराने के लिए भी आवेदन किया जा सकेगा।

निर्वाचन विभाग के अनुसार, प्राप्त दावों और आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को उत्तर प्रदेश की अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

यूपी के सभी 75 जिलों के बूथों पर मिलेगी ड्राफ्ट सूची

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि प्रदेश के सभी 75 जिलों की 403 विधानसभा क्षेत्रों में ड्राफ्ट मतदाता सूची उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए कुल 1,73,730 बूथ निर्धारित किए गए हैं।

मतदाता अपने मतदान केंद्र पर जाकर सूची में नाम चेक कर सकेंगे। इसके अलावा जिला निर्वाचन अधिकारियों की आधिकारिक वेबसाइट पर भी ड्राफ्ट मतदाता सूची देखी जा सकेगी। बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) और राजनीतिक दलों को भी मतदाता सूची उपलब्ध कराई जाएगी।

शनिवार और रविवार को चलेगा विशेष अभियान

मतदाताओं की सुविधा के लिए निर्वाचन विभाग शनिवार और रविवार को विशेष अभियान चलाएगा। इस दौरान बूथ लेवल अधिकारी मतदाताओं की मदद करेंगे। लोग अपनी जानकारी की जांच कर सकेंगे और नाम जोड़ने, हटाने या विवरण में सुधार के लिए जरूरी आवेदन कर सकेंगे।

निर्वाचन विभाग का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आगामी विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची में सभी पात्र मतदाताओं के नाम शामिल हों और अपात्र नामों को हटाया जा सके।

4 जनवरी 2027 को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची

ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी होने के बाद अब दावे और आपत्तियों की प्रक्रिया शुरू हो गई है। 16 दिसंबर तक आवेदन स्वीकार किए जाएंगे और 28 दिसंबर तक उनका निस्तारण किया जाएगा। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी। ऐसे में यूपी के मतदाताओं के लिए यह जरूरी है कि वे समय रहते अपना नाम और अन्य जानकारियां जांच लें।

Location :  Lucknow

Published :  17 November 2026, 12:32 PM IST