
यूपी की सभी बड़ी खबर (Img: Dynamite News)
Lucknow: देश की राजधानी दिल्ली से संचालित उत्तर प्रदेश की खबरों का नंबर-1 चैनल डाइनामाइट न्यूज़ अपने नये प्रयोगों, तेज-तर्रार रिपोर्टिंग और बिग ब्रेकिंग समाचारों के लिए जाना जाता है। देश के सबसे अधिक आबादी वाले राज्य उत्तर प्रदेश की हर छोटी-बड़ी हलचल पर हमारी नजर रहती है। इसी कड़ी में 22 अगस्त 2026 को हम आपके लिए यूपी की खबरों को पढ़ने और समझने का एक नया अनुभव लेकर आए हैं।
प्रदेश में आज मौसम से लेकर सियासत, अपराध, प्रशासन, ट्रैफिक और जनसरोकार से जुड़ी कई अहम खबरें सामने आ रही हैं। कहीं भारी बारिश और जलभराव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ाई हैं तो कहीं अपराध से जुड़े मामलों ने सनसनी मचा दी है। वहीं राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियों पर भी लगातार अपडेट सामने आ रहे हैं। ऐसे में हर खबर पर अलग-अलग जाने की जरूरत नहीं है।
डाइनामाइट न्यूज़ के UP Live Blog में आपको उत्तर प्रदेश की दिनभर की हर बड़ी खबर एक ही जगह, एक ही क्लिक में मिलती रहेगी। लखनऊ से लेकर नोएडा, प्रयागराज, कानपुर, वाराणसी, गोरखपुर, मेरठ और प्रदेश के हर जिले की महत्वपूर्ण खबरों को हम लगातार अपडेट करते रहेंगे।
22 अगस्त 2026 के इस लाइव ब्लॉग में पढ़िए यूपी की सियासत, अपराध, मौसम, प्रशासन और हर बड़ी हलचल की पल-पल की अपडेट। खबरों के बदलते घटनाक्रम के साथ यह लाइव ब्लॉग भी लगातार अपडेट होता रहेगा, ताकि आप प्रदेश की हर जरूरी खबर से जुड़े रहें।
महराजगंज में सार्वजनिक भवनों के ऊपर से गुजर रही हाइटेंशन विद्युत लाइनों को अब शिफ्ट किया जाएगा। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने स्कूल, स्वास्थ्य केंद्र, थाना, गोशाला, पंचायत भवन समेत सभी सार्वजनिक भवनों को चिन्हित कर हाइटेंशन तारों को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने का निर्देश दिया है। आदेश को तत्काल प्रभाव से लागू करने के निर्देश के बाद संबंधित विभागों में कार्रवाई तेज होने की उम्मीद है।
गोरखपुर: ऑटो रिक्शा में गलती से छूटे दो बैग में रखे कीमती सामान और आभूषण को कैंट पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर बरामद कर पीड़ित के चेहरे पर मुस्कान लौटा दी। पुलिस की तत्परता और सीसीटीवी कैमरों की मदद से ऑटो की पहचान कर सामान सुरक्षित बरामद किया गया। शनिवार को सत्यापन के बाद दोनों बैग पीड़ित को सुपुर्द कर दिए गए।
गोरखपुर: जमीन धोखाधड़ी के पुराने मामले में करीब 12 वर्षों से वांछित चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को चिलुआताल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध पिस्टल, 10 कारतूस, दो मैगजीन, एक कार, 33,500 रुपये नकद तथा बड़ी संख्या में पहचान और बैंकिंग से संबंधित दस्तावेज बरामद किए हैं। अवैध हथियार मिलने के बाद आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज किया गया है।
बलिया: संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन आजमगढ़ सुनील दत्त के पर्यवेक्षण में गुरुवार को परिवहन विभाग की टीम ने जनपद के सिकंदरपुर रोड पर स्कूली वाहनों के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान स्कूलों में संचालित वाहनों की जांच की गई। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन अरुण कुमार राय एवं यात्रीकर अधिकारी अरविंद कुमार जैशन के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान कुल 11 बसों का चालान किया गया। वहीं, नियमों के उल्लंघन पर तीन बसों को थाने में बंद कराया गया। परिवहन विभाग की कार्रवाई से स्कूली वाहन संचालकों में हड़कंप मचा रहा। अधिकारियों ने स्कूली वाहनों का संचालन निर्धारित नियमों के अनुरूप करने की हिदायत दी। विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया कि विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर वाहनों की जांच का अभियान आगे भी जारी रहेगा।
महराजगंज: कोल्हुई थाना क्षेत्र के खैराघाट के पास शनिवार को तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए सीएचसी लोटन भेजा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया।
हाथरस: मुरसान स्थित जीएसएएस बालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्वास्थ्य कैंप आयोजित किया गया। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के साथ कैंप का निरीक्षण किया और छात्राओं से संवाद कर उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य कैंप का उद्देश्य बच्चों और किशोरियों को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना तथा पोषण की कमी को समय रहते पहचानकर उसका समाधान करना है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर ही जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है, इसलिए छात्राओं को अपने खान-पान और नियमित स्वास्थ्य जांच पर विशेष ध्यान देना चाहिए।
बदायूं जिले के दातागंज कोतवाली क्षेत्र के गड़ा महिला गांव में एक दर्दनाक हादसा हो गया। घर में सो रही 30 वर्षीय महिला को किसी जहरीले कीड़े ने काट लिया, जिससे उसकी मौके पर ही हालत बिगड़ गई और बाद में मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
मिर्जापुर के विंध्याचल STP परिसर में मां विंध्यवासिनी धाम से निकलने वाले फूलों से जैविक खाद बनाने की योजना पर सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि पुष्प रीसाइक्लिंग के नाम पर बनाए गए चैंबरों में खाद बनने के बजाय काला पानी और प्लास्टिक कचरा जमा है। स्थानीय लोगों ने परियोजना में लापरवाही और सरकारी धन के उपयोग को लेकर सवाल खड़े किए हैं। नगर पालिका की इस योजना को लेकर अब जांच और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग उठ रही है।
चीनी के बढ़ते दामों को लेकर उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद स्थित एशिया की सबसे बड़ी गुड मंडी में शनिवार को जिला प्रशासन की टीम ने चीनी के छोटे बड़े व्यापारियों के प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की, छापेमारी के चलते जहां व्यापारियों में हड़कंप मच गया तो वही टीम द्वारा व्यापारियों के गोदाम को भी चेक किया गया और ये सुनिश्चित किया गया की सरकार द्वारा तय की गई 4 हजार कुंतल की सीमा से ज्यादा तो किसी व्यापारी ने चीनी का स्टॉक तो नही किया हुआ है। जिला प्रशासन का साफ तौर पर कहना था कि लगातार सभी चीनी व्यापारियों के प्रतिष्ठानों को चेक किया जा रहा है और अगर तय सीमा से अधिक स्टॉक कहीं भी पाया जाता है तो जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के निर्देशन पर उस व्यापारी पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बदायूं जनपद में ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने में फर्जीवाड़ा करने का एक बड़ा मामला सामने आया है। ऑटोमेटेड ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक पर एक व्यक्ति के स्थान पर दूसरे व्यक्ति द्वारा टेस्ट देने की कोशिश को सतर्क सुपरवाइजर ने नाकाम कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार आज बिल्सी रोड स्थित ड्राइविंग ट्रेनिंग इंस्टिट्यूट के ऑटोमेटेड ट्रैक पर ड्राइविंग टेस्ट का आयोजन किया जा रहा था। इसी दौरान आवेदन संख्या 3829276226 का आवेदक सुनील कुमार पुत्र महावीर सिंह टेस्ट देने के लिए उपस्थित हुआ।
सुल्तानपुर: अयोध्या जनपद की सोहावल तहसील में लेखपाल उत्कर्षदीप के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण संगठन की ट्रैप कार्रवाई को लेकर उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ ने विरोध जताया है। सुलतानपुर तहसील सदर उपशाखा की ओर से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी सदर के माध्यम से भेजकर प्रकरण की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की गई है।
औरैया में जिला मजिस्ट्रेट बृजेश कुमार और पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने PM SHRI नवोदय विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने पढ़ाई-लिखाई, प्रशासन, सुरक्षा, साफ-सफाई, रहने की व्यवस्था और खाने की गुणवत्ता जैसे कई पहलुओं का जायजा लिया। अच्छी शिक्षा और छात्रों के सर्वांगीण विकास पर जोर देते हुए DM ने उच्च मानक बनाए रखने के निर्देश दिए। SP ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की और छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान, अधिकारी छात्रों के साथ बैठकर खाना खाए और उनसे बातचीत भी की।
औरैया के सहायल पुलिस स्टेशन में आयोजित 'समाधान दिवस' (शिकायत निवारण दिवस) में जिला मजिस्ट्रेट बृजेश कुमार और पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती शामिल हुए और शिकायतकर्ताओं की शिकायतें सुनीं। आवेदन लेने के बाद, उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का समय पर और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जिला मजिस्ट्रेट ने अधिकारियों को राजस्व और पुलिस विभागों से जुड़े मामलों के लिए मौके पर जाकर जांच करने का निर्देश दिया। वहीं, पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को अपनी ड्यूटी ईमानदारी से निभाने का निर्देश दिया और शिकायतों के समाधान में किसी भी तरह की लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
सीतापुर: शहर के मुख्य बाजार में घंटाघर स्थित सरकारी ऐतिहासिक इमारत में करीब 55 वर्षों से संचालित शहर कांग्रेस कमेटी के कार्यालय को शनिवार सुबह प्रशासन ने पुलिस बल की मौजूदगी में खाली करा दिया। कार्रवाई के बाद नगर पालिका ने भवन पर अपना ताला जड़कर कब्जा अपने हाथ में ले लिया। अचानक हुई कार्रवाई से मौके पर काफी देर तक हलचल बनी रही। नगर पालिका के अनुसार भवन का लंबे समय से किराया जमा नहीं किया जा रहा था। करीब 55 वर्षों से कार्यालय संचालित होने और किराया न दिए जाने के कारण नगर पालिका ने कब्जे को नियमों के विपरीत मानते हुए कार्यालय खाली कराने की प्रक्रिया शुरू की थी। करीब 15 दिन पहले कार्यालय खाली करने का नोटिस जारी किया गया था।
कोल्हुई थाने में शनिवार को आगामी बारावफात त्यौहार को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को कोल्हुई थाने में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं पुलिस अधिकारियों ने सहभागिता की। ठक के दौरान आगामी त्यौहार को लेकर क्षेत्र की शांति व्यवस्था पर चर्चा की गई। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से आपसी भाईचारा एवं सौहार्द बनाए रखने तथा किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की। साथ ही त्यौहार के दौरान निर्धारित नियमों का पालन करने की बात कही गई।
सीतापुर के महमूदाबाद में पति-पत्नी के बीच एक युवक को लेकर विवाद थाने पहुंच गया। शुक्रवार देर शाम तीनों पक्ष कोतवाली पहुंचे, जहां पुलिस ने समझौते का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बन सकी। बताया गया कि पत्नी पति के साथ रहने के साथ युवक के साथ भी रहने की बात कह रही है। वहीं पति दोनों को नहीं छोड़ने की बात पर अड़ा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
देवरिया: यातायात व्यवस्था को सुचारु और सुरक्षित बनाए रखने के लिए देवरिया यातायात पुलिस ने शनिवार को जनपद के विभिन्न स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में चलाए गए अभियान के दौरान सड़क पर वाहन खड़ा कर सवारी चढ़ाने-उतारने और तेज गति से वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
बुलंदशहर के सलेमपुर थाना क्षेत्र में मेरठ-बदायूं स्टेट हाईवे पर दर्दनाक हादसा हुआ। गांव चित्सौन के पास कौशांबी डिपो की रोडवेज बस ने बाइक सवार दंपती और उनके भाई को टक्कर मार दी। हादसे में दंपती की मौत हो गई, जबकि भाई गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने बस कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है।
'पानी बचाओ महासंघ' ने शनिवार को देवरिया के जिला मजिस्ट्रेट को एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें स्थानीय स्तर पर मौजूद एक बड़े जलाशय के संरक्षण और सौंदर्यीकरण की मांग की गई। महासंघ ने बताया कि पुलिस लाइन्स, मान्यवर कांशीराम शहरी आवास, पुलिस लाइन्स मंदिर और अनुसूचित जाति छात्रावास के बीच स्थित यह तालाब गंदगी और जलकुंभी से भरा पड़ा है। ज्ञापन में कहा गया है कि तालाब की खराब हालत के कारण बदबू फैल रही है और जलजनित बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। संगठन ने मांग की कि तालाब की सफाई की जाए और इसके चारों ओर सीढ़ियां और पक्के घाट बनाए जाएं। इस मौके पर दीनानाथ कुशवाहा समेत सैकड़ों लोग मौजूद थे।
हाथरस: उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के आह्वान पर तहसील सदर परिसर में लेखपालों ने भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एंटी करप्शन) द्वारा कथित तौर पर गलत सूचनाओं और शिकायतों के आधार पर लेखपालों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने के विरोध में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। धरने का नेतृत्व तहसील अध्यक्ष मोहित शर्मा ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में लेखपाल संघ के पदाधिकारी और लेखपाल मौजूद रहे।
गोरखपुर एयरपोर्ट पर इंडिगो के विमान में टेल इम्पैक्ट मिलने के बाद उसे ग्राउंड कर दिया गया। इसके चलते 19 अगस्त को गोरखपुर से दिल्ली जाने वाली इंडिगो की उड़ान करीब साढ़े पांच घंटे विलंबित हुई। एयरलाइंस ने यात्रियों के लिए वैकल्पिक विमान की व्यवस्था कर उन्हें दिल्ली भेजा। एयरपोर्ट निदेशक संजय कुमार के अनुसार, दिल्ली से आई उड़ान संख्या 6ई 2381 के विमान में तकनीकी जांच के दौरान टेल इम्पैक्ट पाया गया। सुरक्षा कारणों से विमान का संचालन रोक दिया गया। यात्रियों को भोजन और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।
देवरिया: विकासखंड भागलपुर के ग्राम इशारू में माता-पिता और भाई की मृत्यु के बाद कठिन परिस्थितियों में जीवनयापन कर रही पांच बालिकाओं के मामले का जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने संवेदनशीलता के साथ संज्ञान लिया है। डीएम के निर्देश पर जिला प्रोबेशन अधिकारी, महिला एवं बाल कल्याण समिति, वन स्टॉप सेंटर और चाइल्ड हेल्पलाइन की संयुक्त टीम ने गांव पहुंचकर परिवार की वास्तविक स्थिति की जानकारी ली और बालिकाओं को सरकारी योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया शुरू की।
महराजगंज: ठूठीबारी थाना क्षेत्र के माधवनगर तुर्कहिया स्थित अमृत सरोवर में शनिवार को महिला का शव उतराता मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पानी में शव देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
देवरिया: मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर जुलाई 2026 की प्रगति में जनपद की रैंकिंग प्रभावित करने वाले विभागों के प्रति मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने कड़ा रुख अपनाया है। विकास भवन के गांधी सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में विभिन्न योजनाओं में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर 10 अधिकारियों को कठोर चेतावनी जारी की गई। सीडीओ ने स्पष्ट निर्देश दिया कि अगस्त माह की रैंकिंग में हर हाल में सुधार दिखाई देना चाहिए। लापरवाही दोहराए जाने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय कर कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
सुल्तानपुर: अवैध खनन के खिलाफ खनन विभाग ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए चार ट्रैक्टरों को पकड़कर सीज कर दिया। कार्रवाई गोसाईगंज थाना क्षेत्र के द्वारिकागंज में की गई। खनन निरीक्षक शिव दयाल सिंह के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के बाद अवैध खनन और खनन सामग्री के अवैध परिवहन से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया। बताया गया कि क्षेत्र में अवैध खनन की सूचना मिलने के बाद खनन विभाग की टीम ने निगरानी बढ़ाई थी। इसी क्रम में टीम ने मौके पर पहुंचकर चार ट्रैक्टरों को पकड़ा। जांच-पड़ताल के बाद सभी वाहनों को सीज करते हुए द्वारिकागंज पुलिस चौकी में बंद करा दिया गया।
चंदौली के शहाबगंज पुलिस स्टेशन इलाके के किधिरा गांव में शनिवार को एक दुखद घटना हुई। एक खराब सबमर्सिबल पंप को निकालने के लिए कुएं में उतरे चार लोग जहरीली गैस की चपेट में आ गए। इस घटना में मोनू, मुजसेर आलम और वारिस अली की मौत हो गई जबकि शमशेर का अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। इस दुखद घटना के बाद गांव में मातम छा गया है।
महराजगंज: निचलौल थाना क्षेत्र में चार लोगों की जान लेने वाले भीषण डम्फर हादसे के मामले में पुलिस ने आखिरकार वांछित चालक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही हादसे की जांच में एक अहम कड़ी सामने आई है। पुलिस के मुताबिक जिस चालक के हाथ में भारी वाणिज्यिक वाहन की स्टेयरिंग थी, उसका ड्राइविंग लाइसेंस ऐसे वाहन के संचालन के लिए वैध ही नहीं था।
झांसी के मोठ में विद्युत विभाग के संविदा लाइन कर्मचारियों का गुस्सा अब सड़क से लेकर विद्युत उपखंड कार्यालय तक दिखाई देने लगा है। समय पर वेतन नहीं मिलने से परेशान दर्जनों कर्मचारियों ने मोठ विद्युत उपखंड कार्यालय पर एकजुट होकर जमकर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने “कर्मचारी एकता जिंदाबाद” के नारे लगाए और बकाया वेतन जल्द दिलाने की मांग की। कर्मचारियों का कहना है कि पिछले महीने का वेतन अभी तक नहीं मिला और नया महीना शुरू होने के बाद भी भुगतान नहीं किया गया है। ऐसे में घर का खर्च चलाना, बच्चों की स्कूल फीस भरना और त्यौहार मनाना मुश्किल हो गया है। कर्मचारियों ने साफ चेतावनी दी है कि जब तक वेतन का भुगतान नहीं होता, उनका प्रदर्शन जारी रहेगा।
वाराणसी में NEET की तैयारी कर रही और MSc की छात्रा की हत्या मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट से वारदात की भयावहता सामने आई है। रिपोर्ट के अनुसार छात्रा की हत्या गला रेतकर की गई थी। उसके सिर पर भारी वस्तु से प्रहार के निशान मिले हैं और पैर बंधे हुए पाए गए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दुष्कर्म की आशंका भी जताई गई है। इसकी पुष्टि के लिए डॉक्टरों की टीम ने फॉरेंसिक जांच के लिए सैंपल प्रयोगशाला भेजे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
झांसी की मोठ तहसील के कंडोर गांव के लोग बिजली की लगातार समस्याओं से परेशान हैं। उनका आरोप है कि पिछले दो महीनों से बिजली की सप्लाई ठीक नहीं है और बार-बार बिजली जा रही है। रात में बार-बार बिजली कटने से लोगों को गर्मी और मच्छरों का सामना करना पड़ता है। बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने बिजली सप्लाई सिस्टम में तुरंत सुधार की मांग की है। उनका कहना है कि कुछ इलाकों में तो बिजली है, लेकिन बाकी इलाके अंधेरे में डूबे हुए हैं। ग्रामीणों ने ट्रांसफॉर्मर और पूरे बिजली इंफ्रास्ट्रक्चर की जांच की भी मांग की है।
मिर्जापुर में UGC आरक्षण और SC/ST से जुड़े मुद्दों को लेकर चल रहे विरोध-प्रदर्शनों के बीच, सामाजिक कार्यकर्ता नागेंद्र दुबे ने अपनी राय रखी है। उन्होंने कहा कि आरक्षण व्यवस्था और जाति-आधारित राजनीति समाज में बंटवारा पैदा कर रही है। कल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने की जरूरत पर जोर देते हुए, उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक पार्टियां लोगों को जाति के आधार पर बांट रही हैं।
फतेहपुर जनपद के थाना औंग के ग्राम विकमपुर में शनिवार को गांव के बाहर खेत में एक व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव की शिनाख्त कराने के साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ की।
सुल्तानपुर: गोसाईगंज थाना क्षेत्र के उमरी गांव की एक महिला ने ग्राम प्रधान के यहां मेट के रूप में काम करने वाले युवक पर घर में घुसकर छेड़छाड़, मारपीट, जातिसूचक गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर मामले में एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता सपना पत्नी सुरजीत कोरी का आरोप है कि गांव का अमित धुरिया पुत्र चंद्रभान प्रधान के यहां मेट का काम करता है और मनरेगा के रुपये की जानकारी देने के बहाने उसके घर आता था। आरोप है कि 10 अगस्त को दोपहर करीब एक बजे जब वह घर पर अकेली थी, तभी आरोपी घर में पहुंचा और अभद्र टिप्पणी करते हुए उसके साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया।
महिला के मुताबिक विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और जातिसूचक गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद पीड़िता आरोपी के घर शिकायत करने पहुंची तो आरोप है कि उसकी मां ने भी उसके साथ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए उसे वहां से भगा दिया।
देवरिया: विधानसभा क्षेत्र 336 रुद्रपुर में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने चौपाल लगाकर आम जनता से संवाद किया। चौपाल में महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा और सरकार की कथित गलत नीतियों को लेकर जमकर चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है, जबकि बेरोजगारी के कारण युवाओं के सामने रोजगार का संकट बना हुआ है। चौपाल के दौरान समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने लोगों के बीच पार्टी की नीतियों और पूर्ववर्ती सपा सरकार के कार्यकाल में किए गए विकास कार्यों को रखा। कार्यकर्ताओं ने कहा कि सपा ने हमेशा किसान, नौजवान, मजदूर और गरीब वर्ग के हितों को प्राथमिकता दी है।
सुल्तानपुर: राजकीय स्वशासी मेडिकल कॉलेज सुल्तानपुर के चिकित्सकों की टीम ने गंभीर हालत में पहुंचे मरीज की इमरजेंसी लैप्रोस्कोपिक सर्जरी कर सड़े हुए पित्ताशय को सफलतापूर्वक बाहर निकालकर उसकी जान बचाई। मरीज के पेट में पित्त फैल चुका था और स्थिति जानलेवा बन गई थी। सफल ऑपरेशन के बाद मरीज की हालत स्थिर है और उसे विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है।
अस्पताल के अनुसार मरीज को गंभीर अवस्था में इमरजेंसी विभाग में लाया गया था। चिकित्सकों ने तत्काल क्लिनिकल जांच के बाद सीटी स्कैन कराया। जांच में पेट के भीतर पित्त फैलने की पुष्टि हुई, जिसे बिलियस पेरिटोनिटिस कहा जाता है। यह गंभीर और जानलेवा स्थिति मानी जाती है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सर्जरी विभाग की टीम ने बिना समय गंवाए इमरजेंसी लैप्रोस्कोपिक एक्सप्लोरेशन का निर्णय लिया।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कार्यक्रम में शामिल अतिथियों और साहित्यकारों का आभार जताया। उन्होंने सभी का धन्यवाद करते हुए कहा कि साहित्य और साहित्यकारों का सम्मान समाज व देश के विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। अखिलेश ने साहित्यिक योगदान को समाज की सोच और संस्कृति को मजबूत करने वाला बताया।
सुल्तानपुर: जिला जेल में बंद बंदी की अचानक हालत बिगड़ने से जेल प्रशासन की स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। गंभीर स्थिति में बंदी को सुल्तानपुर मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां चिकित्सकों ने हालत नाजुक देखते हुए उसे लखनऊ चिकित्सा विश्वविद्यालय रेफर कर दिया। बंदी की पहचान छोटेलाल पुत्र पांचू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि जेल में उपचार के अभाव में उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई। स्थिति गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ रेफर कर दिया।
गोरखपुर: अयोध्या में एंटी करप्शन टीम की कार्रवाई के विरोध में शनिवार को खजनी तहसील के लेखपालों ने एक दिवसीय हड़ताल कर तहसील परिसर में जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। लेखपालों ने नारेबाजी करते हुए एंटी करप्शन टीम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए और साथी लेखपालों को कथित रूप से फर्जी मामलों में फंसाए जाने का आरोप लगाते हुए आक्रोश जताया।
धरने में लेखपाल संघ के पदाधिकारियों ने अयोध्या में लेखपाल अंकुर गिरी के खिलाफ हुई कार्रवाई को लेकर नाराजगी जताई। लेखपाल संघ अध्यक्ष हर्षित सिंह ने आरोप लगाया कि एंटी करप्शन टीम ने षड्यंत्र के तहत लेखपाल को फंसाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि लेखपालों के साथ किसी भी तरह का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सुलतानपुर: भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एसीओ) द्वारा लेखपालों के खिलाफ की जा रही कथित गलत एवं अनुचित ट्रैप कार्रवाई के विरोध में उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ ने प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू किया है। इसी क्रम में शनिवार को तहसीलों में लेखपालों ने थाना समाधान दिवस का बहिष्कार कर धरना-प्रदर्शन किया। संघ के प्रांतीय आह्वान पर लेखपाल सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक तहसीलों में उपस्थित रहकर एसीओ की कथित अनुचित एवं दमनात्मक कार्रवाई के खिलाफ विरोध जताया। संघ ने ट्रैप कार्रवाई की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने के साथ दोषी अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जनपद मैनपुरी में सनातन सेना ने यूजीसी कानून को वापस लेने की मांग को लेकर जिलाधिकारी को राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। सनातन सेना के अध्यक्ष रितिक पांडे ने कहा कि संगठन किसी भी वर्ग या समुदाय के खिलाफ नहीं है। उनकी मांग है कि आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद विद्यार्थियों व युवाओं को समान अवसर और उचित सम्मान दिया जाए।
मैनपुरी: थाना एलाऊ क्षेत्र के ग्राम भावत निवासी सावित्री पत्नी कर्मसिंह कोरैया ने पुलिस अधीक्षक मैनपुरी को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि उसकी पुत्री सोनी के साथ घर पर घुसकर मारपीट करने के मामले में मुकदमा दर्ज होने के बावजूद पुलिस ने अब तक आरोपियों के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की है। पीड़िता ने मामले में आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
शमशाबाद ब्लॉक क्षेत्र में गंगा की बाढ़ का संकट अभी पूरी तरह टला नहीं है। गंगा के जलस्तर में कमी आने से जहां पानी धीरे-धीरे उतर रहा है, वहीं नदी किनारे कटान ने रफ्तार पकड़ ली है। कटरी क्षेत्र के गांवों में तेज कटान के चलते ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
समेंचीपुर चितार गांव में पानी कम होते ही मिट्टी धंसने और जमीन कटने की घटनाएं बढ़ गई हैं। गंगा का तेज बहाव गांव की सीमा से लगी जमीन को लगातार काट रहा है। रात के समय कटान की तेज आवाज से ग्रामीणों में भय बना हुआ है। कई परिवार अपने जरूरी सामान को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में जुटे हैं।
मैनपुरी: महिला संबंधी अपराधों में वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत दन्नाहार थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने के मामले में वांछित आरोपी अमन पुत्र उपदेश, निवासी गनला मुगरिया, थाना दन्नाहार, जनपद मैनपुरी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
गोरखपुर के चौरी-चौरा इलाके में शनिवार सुबह एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल बेकाबू होकर सरदारनगर ब्लॉक के पास एक दीवार से टकरा गई। इस हादसे में बाइक चला रहे 23 साल के राजेश राजभर (उर्फ बन्नू) गंभीर रूप से घायल हो गए। परिवार वाले उन्हें चौरी-चौरा कम्युनिटी हेल्थ सेंटर (CHC) ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है; मृतक के पिता को शक है कि यह हादसा किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से हुआ है।
कौशांबी में एक विवाहिता के पति ने अपनी पत्नी पर शादी के बाद भी प्रेमी से संबंध रखने और उसे घर बुलाने का आरोप लगाया है। पति ने प्रेमी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ी गई पत्नी का वीडियो पुलिस अधीक्षक को सौंपते हुए निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। यह शिकायत 21 अगस्त 2026 को दर्ज कराई गई है।
सुलतानपुर की आवास विकास कॉलोनी के पास पानी की टंकी के समीप सात घरों में लगे स्मार्ट मीटर एक साथ फट गए। हादसे में एक ही परिवार के चार सदस्य, जिनमें दो बच्चे भी शामिल हैं, झुलस गए। सभी घायलों का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी है। पीड़ित परिवार ने शॉर्ट सर्किट से नुकसान की बात कही है।
बदायूं में श्रावण मास के अंतिम सप्ताह को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रभारी मंत्री डॉ. अरुण कुमार ने विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक में कांवड़ियों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कांवड़ियों पर अधिक से अधिक पुष्पवर्षा कराने और कछला से बदायूं तक स्वास्थ्य शिविर लगाने के निर्देश दिए हैं।
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में स्थित सरकारी स्कूलों में पढ़ाई की जगह रील बनाने का मामला सामने आया है। वायरल रील में बच्चों को पढ़ाने वाली शिक्षिकाएं स्कूल में फिल्मी गानों पर डांस करती नजर आ रही हैं। इतना ही नहीं, बच्चों से भी डांस कराया गया और स्कूल परिसर में स्टंटबाजी करते हुए रील बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड की गई।
सुल्तानपुर: असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों और छोटे कारोबारियों के बुढ़ापे की चिंता दूर करने के लिए संचालित प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना और प्रधानमंत्री लघु व्यापारी मानधन योजना से जिले के 9382 लोग जुड़ चुके हैं। योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को 60 वर्ष की आयु पूरी होने के बाद न्यूनतम 3000 रुपये मासिक पेंशन आजीवन देने का प्रावधान है।
मिर्जापुर: पतंजलि युवा भारत उत्तर प्रदेश (पूर्व) की ओर से एक दिवसीय राज्य स्तरीय बैठक एवं संगठन विस्तार युवा भारत प्रशिक्षण शिविर का आयोजन उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर नगर के लालडिग्गी पार्क स्थित साईं मंडपम में रविवार को प्रातः 10 बजे होने जा रहा है। बैठक में हरिद्वार से चलकर मीरजापुर आए योग गुरु बाबा रामदेव रामदेव जी महाराज के शिष्य युवा भारत के मुख्य केंद्रीय प्रभारी राम आशीष जी के नेतृत्व में यह बैठक होगा।
Location : Lucknow
Published : 22 August 2026, 9:43 AM IST