
यूपी की बड़ी खबर (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Lucknow: देश की राजधानी दिल्ली से संचालित उत्तर प्रदेश की खबरों का नंबर-1 चैनल डाइनामाइट न्यूज़ अपने नये प्रयोगों, तेज-तर्रार रिपोर्टिंग और बिग ब्रेकिंग समाचारों के लिए जाना जाता है। देश के सबसे अधिक आबादी वाले राज्य उत्तर प्रदेश की हर छोटी-बड़ी हलचल पर हमारी नजर रहती है। इसी कड़ी में 21 अगस्त 2026 को हम आपके लिए यूपी की खबरों को पढ़ने और समझने का एक नया अनुभव लेकर आए हैं।
प्रदेश में आज मौसम से लेकर सियासत, अपराध, प्रशासन, ट्रैफिक और जनसरोकार से जुड़ी कई अहम खबरें सामने आ रही हैं। कहीं भारी बारिश और जलभराव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ाई हैं तो कहीं अपराध से जुड़े मामलों ने सनसनी मचा दी है। वहीं राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियों पर भी लगातार अपडेट सामने आ रहे हैं। ऐसे में हर खबर पर अलग-अलग जाने की जरूरत नहीं है।
डाइनामाइट न्यूज़ के UP Live Blog में आपको उत्तर प्रदेश की दिनभर की हर बड़ी खबर एक ही जगह, एक ही क्लिक में मिलती रहेगी। लखनऊ से लेकर नोएडा, प्रयागराज, कानपुर, वाराणसी, गोरखपुर, मेरठ और प्रदेश के हर जिले की महत्वपूर्ण खबरों को हम लगातार अपडेट करते रहेंगे।
21 अगस्त 2026 के इस लाइव ब्लॉग में पढ़िए यूपी की सियासत, अपराध, मौसम, प्रशासन और हर बड़ी हलचल की पल-पल की अपडेट। खबरों के बदलते घटनाक्रम के साथ यह लाइव ब्लॉग भी लगातार अपडेट होता रहेगा, ताकि आप प्रदेश की हर जरूरी खबर से जुड़े रहें।
हमेशा विवादों के कटघड़े में खड़ी रहने वाली पुलिस एक व्यक्ति के लिए उस समय देवदूत बन गई जब उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में पारिवारिक कलह के चलते एक व्यक्ति ने अपनी जीवनलीला समाप्त करने के लिए गंगा में छलांग लगा दी थी।
इसी दौरान एक सिपाही ने अपनी जान दाव पर लगाकर 3 किलोमीटर दूर पानी मे तैरकर व्यक्ति की जान बचा ली थी। घटना के दौरान किसी व्यक्ति ने ये पूरा वाक्या अपने मोबाईल में कैद कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया जो इस समय जनपद में चर्चा का विषय बना हुआ है।
दिनांक 25 जुलाई 2026 एवं 20 अगस्त 2026 को जनता दर्शन में जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी के समक्ष हृदयानन्द यादव पुत्र स्व. हंसनाथ यादव निवासी ग्राम लाखोपार, थाना व तहसील भाटपाररानी, जनपद देवरिया ने प्रार्थना पत्र प्रस्तुत कर अपनी समस्या से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि उनके पट्टेदार विशुन यादव, मुलायम यादव एवं राजन पुत्रगण राधेश्याम यादव निवासी ग्राम लाखोपार द्वारा उनके बने हुए मकान को क्षति पहुंचाने के उद्देश्य से खाता संख्या-42, रकबा 0.458 हेक्टेयर के आधे भाग में मकान से सटकर करीब पांच फीट गहरा गड्ढा कर दिया गया है तथा उसमें पानी भर दिया गया है। इससे उनके मकान को क्षति पहुंचने की आशंका जताते हुए उन्होंने कड़ी कार्रवाई की मांग की थी।
सीतापुर: नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में प्रेम संबंध और सहमति की दलील देकर बचने की कोशिश कर रहे कुशेन्द्र पुत्र रामनरेश को विशेष न्यायाधीश पॉक्सो एक्ट की अदालत ने दोषी करार दिया है। अदालत ने उसे 10 वर्ष के कठोर कारावास और 10 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई। अर्थदंड न देने पर तीन माह का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा। दोषसिद्धि के बाद उसकी जमानत निरस्त कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
सीतापुर: शिव शक्ति सनातन सेवा समिति के तत्वावधान में खेमकरण इंटर कॉलेज परिसर में नौवें विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। प्रसिद्ध संत श्री श्री 1008 पूज्यनीय त्यागी जी महाराज की अगुवाई में गोला गोकर्णनाथ जलाभिषेक के लिए जा रहे हजारों शिवभक्त कांवड़ियों ने भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। कांवड़ियों की सेवा में समिति के सैकड़ों कार्यकर्ता देर रात तक जुटे रहे।
सीतापुर: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह की पांचवीं पुण्यतिथि पर शुक्रवार को भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया। लालबाग स्थित भाजपा के निवर्तमान जिलाध्यक्ष अचिन मेहरोत्रा के कैंप कार्यालय पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई।
इस दौरान निवर्तमान जिलाध्यक्ष अचिन मेहरोत्रा समेत कार्यकर्ताओं ने कल्याण सिंह के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके व्यक्तित्व और कृतित्व को नमन किया। अचिन मेहरोत्रा ने कहा कि कल्याण सिंह जैसे जननेता युगों-युगों में कभी-कभी जन्म लेते हैं। राजनीतिक कौशल, दृढ़ निर्णय क्षमता और सुशासन के लिए पहचाने जाने वाले कल्याण सिंह को प्रदेश और देश की जनता कभी भुला नहीं सकती।
लखीमपुर खीरी: मध्य प्रदेश के भिण्ड जिले में एनएच-719 पर हुए भीषण सड़क हादसे के पीड़ित परिवारों के बीच समाजवादी पार्टी ने पहुंचकर आर्थिक मदद दी। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की ओर से सरकारी सहायता पहुंचने से पहले ही आठ मृतकों के परिजनों को एक-एक लाख रुपये और 15 घायलों को दस-दस हजार रुपये के चेक दिए गए।
मिर्जापुर: पहाड़ी इलाके से लेकर मैदानी इलाके में लगातार हो रहे बारिश के कारण उत्तर प्रदेश के कई जिले में बाढ़ देखने को मिल रहा है। छोटी-छोटी नदियों से लेकर गंगा नदी तक रौद्र रूप में बह रही है। मिर्जापुर जनपद में भी तीन दिन से गंगा नदी रौद्र रूप में बह रही है। विंध्याचल धाम के घाट डूब गए हैं। मां विंध्यवासिनी देवी का दर्शन करने आने वाले श्रद्धालु गंगा स्नान घाटों के सीढ़ियों के ऊपर करने को मजबूर हैं। जलस्तर बढ़ने से तटवर्ती इलाके वाले गांव में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है।
सुल्तानपुर जिले में कृषि यंत्रीकरण की विभिन्न योजनाओं के तहत कृषि यंत्रों पर अनुदान उपलब्ध कराने के लिए शुक्रवार को विकास भवन स्थित प्रेरणा सभागार में ई-लॉटरी प्रक्रिया आयोजित की गई। मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह की अध्यक्षता में गठित समिति की मौजूदगी में सुबह 10 बजे से अपराह्न 3:30 बजे तक विकासखंडवार एवं यंत्रवार ई-लॉटरी कराई गई।
ई-लॉटरी में कुल 920 किसानों की बुकिंग/आवेदनों के सापेक्ष 113 किसानों का चयन किया गया। जिन कृषि यंत्रों के लिए निर्धारित लक्ष्य से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, उनमें पारदर्शी तरीके से ई-लॉटरी के माध्यम से लाभार्थियों का चयन किया गया। वहीं, जिन यंत्रों के लिए लक्ष्य के बराबर या उससे कम आवेदन प्राप्त हुए, उनमें पात्र किसानों का चयन स्वतः किया गया।
सुल्तानपुर जिले के थाना कोतवाली देहात पुलिस ने अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार को दो अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए हत्या के एक आरोपी तथा जानलेवा हमले के मुकदमे में वांछित पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लाठी-डंडा और कुल्हाड़ी भी बरामद की है।
बरेली नगर निगम में प्रॉपर्टी टैक्स की कम वसूली और बिल बांटने में लापरवाही पर नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने सख्ती दिखाई है। समीक्षा बैठक में कर समाहर्ता विशाल जौहरी का काम संतोषजनक नहीं मिलने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। वहीं, कुछ आउटसोर्स कर्मचारियों की आईडी में गड़बड़ी मिलने पर जांच के आदेश दिए गए हैं।
झांसी के महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज की सुपर स्पेशियलिटी विंग में निर्माण गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं। शुक्रवार रात आईसीयू की चौथी मंजिल में फॉल्स सीलिंग गिरने से मरीजों में हड़कंप मच गया। इसके बाद यूरोलॉजी वॉर्ड में भी सीलिंग गिरने की घटना सामने आई, जिसमें तीमारदार घायल होने से बाल-बाल बचा।
देवरिया: भारतीय किसान यूनियन जिला इकाई देवरिया की मासिक बैठक शुक्रवार को सिंचाई विभाग के डाक बंगले में जिलाध्यक्ष गिरीश नारायण शाही उर्फ बड़े शाही की अध्यक्षता में हुई। बैठक में संगठन के विस्तार, सदस्यता अभियान और किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर आंदोलन की रणनीति पर चर्चा की गई।
देवरिया में पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर शुक्रवार को अटेवा-पेंशन बचाओ मंच के बैनर तले देवरिया में पेंशन तिरंगा यात्रा निकाली गई। प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर आयोजित यात्रा में बड़ी संख्या में शिक्षक और कर्मचारी शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लेकर कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन बहाली समेत विभिन्न मांगों को लेकर आवाज बुलंद की।
देवरिया के जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने शुक्रवार को जनपद में चल रही दो निर्माण परियोजनाओं का औचक निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता परखी। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर निर्माणाधीन सड़क की खुदाई कराकर उसकी विभिन्न परतों की जांच कराई। साथ ही निर्माण में प्रयुक्त सामग्री के नमूने लेकर उनकी गुणवत्ता की प्रयोगशाला जांच कराने के निर्देश दिए।
मिर्जापुर में जिलाधिकारी पवन गंगवार ने फरियादियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए नई पहल शुरू की है। जनसुनवाई के दौरान डीएम अपने लैपटॉप के जरिए सभी तहसीलों के एसडीएम और संबंधित अधिकारियों से सीधे फरियादियों को जोड़ते हैं। फरियादी अपनी समस्या सीधे संबंधित अधिकारी के सामने रखते हैं, जिसके बाद डीएम तत्काल जानकारी लेकर समाधान के लिए जरूरी निर्देश देते हैं। जिला प्रशासन का यह प्रयोग उन फरियादियों के लिए खास तौर पर राहत देने वाला साबित हो रहा है, जो लंबे समय से अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों और कार्यालयों के चक्कर लगा रहे थे। पहल का उद्देश्य शिकायतों के निस्तारण में तेजी लाने के साथ फरियादियों को मौके पर ही प्रभावी समाधान उपलब्ध कराना है।
हाथरस के मुरसान थाना क्षेत्र के बेरीसला गांव के पास शुक्रवार को तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से 65 वर्षीय रूमाली देवी की मौत हो गई। वह बैंक से पेंशन के रुपये निकालने के लिए पैदल जा रही थीं। सड़क पार करते समय बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। ग्रामीणों ने बाइक सवार को पकड़ लिया और घायल महिला को 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बाइक सवार को हिरासत में लेकर पुलिस हादसे की जांच कर रही है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
फतेहपुर के खागा तहसील क्षेत्र के प्रेमनगर कस्बे में शुक्रवार को दुकान के बाहर लगे टीन शेड के लोहे के पाइप में करंट उतरने से हादसा हो गया। पाइप छूते ही नाबालिग युवक मोहम्मद कैफ करंट की चपेट में आकर चिपक गया और तेज झटके से नाली में जा गिरा। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना मंडवा रोड मोड़ के पास सुपर कम्प्यूटर के बगल की बताई जा रही है। आसपास मौजूद दुकानदारों ने लकड़ी और डंडे की मदद से युवक को बिजली के संपर्क से अलग किया। इसके बाद उसे आनन-फानन हथगाम ले जाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। सूचना पर बिजली विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और केबल हटाकर फॉल्ट ठीक किया। हादसे के बाद स्थानीय दुकानदारों में बिजली सुरक्षा को लेकर चिंता का माहौल है।
चंदौली में डीएम चंद्रमोहन गर्ग और एसपी ने सकलडीहा तहसील क्षेत्र के धरहरा स्कूल का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने कक्षाओं में पहुंचकर बच्चों से सीधे संवाद किया और पढ़ाई की गुणवत्ता परखी। छात्राओं ने बेबाकी से स्कूल की समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। छात्राओं ने खेल मैदान को बेहतर कराने और संगीत शिक्षक की नियमित कक्षाएं संचालित कराने की मांग की। डीएम ने खेल मैदान को सुसज्जित कराने के निर्देश दिए और बीएसए को सप्ताह में संगीत की कक्षाएं लगाने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। वहीं, एसपी ने छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।
बलिया के शहर कोतवाली क्षेत्र के विजयीपुर कटहल नाले के पास गंगा नदी के मुहाने में शुक्रवार को एक अज्ञात युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन अब तक शिनाख्त नहीं हो सकी है। मृतक ने भगवा रंग की ‘बोल बम’ लिखी बनियान और काले रंग का हाफ लोअर पहन रखा था। गले में पतली माला और हाथ में एक अंगूठी भी मिली है। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है और पहचान के प्रयास जारी हैं।
मीरजापुर के लालगंज कोतवाली क्षेत्र के रेही गांव निवासी गंगासागर की बाइक घर पर खड़ी रहती है, लेकिन उसके नाम पर वाराणसी में लगातार चालान कट रहे हैं। जांच में सामने आया कि किसी दूसरी बाइक पर गंगासागर की बाइक का फर्जी नंबर लगाकर इस्तेमाल किया जा रहा है। पीड़ित का कहना है कि उसकी वास्तविक बाइक HF Deluxe है, जबकि चालान दूसरी मॉडल की बाइक के नंबर पर हो रहे हैं। गंगासागर ने पुलिस चौकी से लेकर मुख्यमंत्री कार्यालय तक शिकायत की, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है। मजदूरी कर परिवार चलाने वाले गंगासागर का कहना है कि हर चालान के लिए मीरजापुर से वाराणसी जाना उनके लिए संभव नहीं है। अधिवक्ता प्रभाशंकर दुबे ने मामले को फर्जी नंबर प्लेट और डिजिटल चालान व्यवस्था की सटीकता से जुड़ा गंभीर सवाल बताया है।
चंदौली में सदर थाना क्षेत्र के जगदीशसराय गांव के समीप एनएच-19 पर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार अजीत कुमार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल अजीत को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। अजीत कुमार चंदौली कलेक्ट्रेट के रिकॉर्ड रूम में मुंशी के रूप में कार्यरत थे। घटना की सूचना मिलते ही कलेक्ट्रेट में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और ट्रक को कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने शुक्रवार को पिपरा चंद्रभान-सहजौली मार्ग और भलुअनी में निर्माणाधीन आवासीय परियोजना का औचक निरीक्षण किया। डीएम ने सड़क की खुदाई कर परतों की मोटाई और गुणवत्ता जांची। निर्माण सामग्री के नमूने भी जांच के लिए भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने मानकों की अनदेखी पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी।
औरैया की ग्राम पंचायत जशवंतपुर में नाला जाम होने से जलभराव की स्थिति गंभीर हो गई है। ग्रामीणों के मुताबिक करीब 100 मकान पानी की चपेट में हैं, जबकि पूर्व प्राथमिक विद्यालय भी जलमग्न है। ग्रामीणों ने नाला खुलवाकर जल निकासी कराने और मामले की जांच की मांग की है।
देवरिया में घाघरा (सरयू), राप्ती और गोर्रा नदियों का जलस्तर बढ़ने से तटवर्ती और निचले इलाकों में बाढ़ की आशंका बढ़ गई है। खेतों में पानी पहुंचने से किसानों की चिंता बढ़ी है। ग्रामीणों ने संवेदनशील तटबंधों का तत्काल निरीक्षण, मरम्मत और बाढ़ से पहले राहत-बचाव की तैयारी की मांग की है।
Kannauj Live Update: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर तिर्वा क्षेत्र में शुक्रवार सुबह दिल्ली से लखनऊ जा रही बस आगे चल रहे ट्रेलर में पीछे से जा घुसी। हादसे में आठ यात्री घायल हुए, जिनमें एक की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक चालक को झपकी आने से बस अनियंत्रित हुई।
Mirzapur Live Update: ज्ञानपुर के पूर्व विधायक विजय मिश्रा, उनके भतीजे मनीष मिश्रा समेत छह आरोपियों को करीब 24 साल पुराने धमकी मामले में बड़ी राहत मिली है। एमपी-एमएलए सेशन कोर्ट ने फरवरी 2025 में सुनाई गई दो साल की सजा को निरस्त कर दिया। मामला 2002 के विधानसभा चुनाव से जुड़ा है।
हमीरपुर के भरुआ सुमेरपुर में दुल्हन देखने जा रहे युवक को उसकी भाभी ने हाईवे किनारे रोककर हंगामा कर दिया। महिला ने देवर की शादी का विरोध किया। विवाद बढ़ने पर परिवार थाने पहुंचा। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर पहले आपसी सहमति बनाने की हिदायत दी और घर भेज दिया।
फर्रुखाबाद के कायमगंज क्षेत्र में स्कूल से लौटते समय 5 वर्षीय छात्रा सौम्या करीब 50 फीट गहरे कुएं में गिर गई। सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। करीब तीन घंटे के रेस्क्यू के बाद सिपाही मनोज ऑक्सीजन सिलेंडर लेकर कुएं में उतरे और छात्रा को सकुशल बाहर निकाला।
मुजफ्फरनगर के तितावी थाना क्षेत्र में मजदूरों को कथित तौर पर बंधक बनाकर जबरन मजदूरी कराने के मामले में पुलिस ने वांछित आरोपी विपिन को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर बंधुआ मजदूरी, बाल श्रम, मारपीट और जेजे एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने आरोपी को हैदरनगर जंगल की पुलिया के पास से पकड़ा।
बलिया के CMO कार्यालय में रसड़ा की निलंबित ANM की कथित फर्जी नियुक्ति को लेकर गुरुवार को जमकर हंगामा हुआ। निदेशक चिकित्सा के पत्र में नियुक्ति फर्जी पाए जाने का उल्लेख है और CMO से 15 दिनों में जवाब मांगा गया था। पत्र पर कार्रवाई लंबित होने को लेकर कार्यालय में काफी देर तक गहमागहमी रही।
फतेहपुर के हुसैनगंज में भोर करीब 3 बजे तीन नकाबपोश बदमाशों ने रामकेश दीक्षित के घर में घुसकर असलहे के बल पर लूट की। बदमाश शांति देवी के जेवर और 1.25 लाख रुपये लेकर फरार हो गए। पुलिस और डॉग स्क्वायड टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी है।
बलरामपुर के पुलिस कप्तान विकास कुमार का तबादला झांसी SSP पद पर हुआ है। उनके स्थान पर मार्तंड प्रकाश सिंह को नया SP बनाया गया है। विकास कुमार के कार्यकाल में अपराध नियंत्रण, साइबर क्राइम, भू-माफिया और तस्करी के खिलाफ कार्रवाई पर जोर रहा। अब नए SP के सामने कानून-व्यवस्था और सीमा सुरक्षा बड़ी चुनौती होगी।
फतेहपुर के हुसैनगंज में भोर करीब 3 बजे तीन नकाबपोश बदमाशों ने घर में घुसकर सो रही शांति देवी और उनके बेटे अनुराग को असलहे के बल पर बंधक बनाया। बदमाश सोने-चांदी के जेवर और 1.25 लाख रुपये लेकर फरार हो गए। पुलिस और डॉग स्क्वायड टीम जांच में जुटी है।
देवरिया सदर कोतवाली क्षेत्र में जमीन दिलाने के नाम पर 50 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। कैलाशपुरी निवासी राजेंद्र कुमार जायसवाल की तहरीर पर संजय तिवारी समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस बैंक रिकॉर्ड, ई-स्टांप और अन्य दस्तावेजों की जांच कर रही है।
लखनऊ के गोमतीनगर में बैंककर्मी पत्नी दिव्या की हत्या के मामले में पुलिस जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस के मुताबिक मानस दो असलहे लेकर बैंक पहुंचा था। एक पिस्तौल से फायर मिस होने पर उसने दूसरी से गोली चला दी। पत्नी को बचाने पहुंचे सहयोगी पर भी उसने असलहा तान दिया।
बदायूं के उसावां थाना क्षेत्र में भैंस बेचकर लौट रहे किसान से बाइक सवार बदमाशों ने 1 लाख रुपये लूट लिए। सूचना पर पुलिस ने पीछा किया, जहां मुठभेड़ में तीन बदमाश घायल हो गए। जवाबी कार्रवाई में एक सिपाही भी जख्मी हुआ। पुलिस ने नकदी, तीन तमंचे और कारतूस बरामद किए हैं।
मुजफ्फरनगर के खतौली स्थित बड़ा बाजार में ज्वेलर्स की दुकान में चोर ने गल्ले का ताला तोड़कर 1.30 लाख रुपये की नगदी और सोने-चांदी की ज्वेलरी चोरी कर ली। घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने फुटेज के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और चोरी का माल बरामद करने में जुटी है।
बलरामपुर में सड़क हादसों पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। बिना हेलमेट, सीट बेल्ट, ओवरस्पीडिंग और बिना नंबर प्लेट के 367 वाहनों के चालान काटे गए। कार्रवाई में 66 लाख 11 हजार 500 रुपये का जुर्माना लगाया गया। अभियान आगे भी जारी रहेगा।
बलरामपुर के दूरस्थ ग्रामीण इलाकों में लंबे इंतजार के बाद बिजली पहुंची है। पचपेड़वा, रेहरा बाजार और उतरौला क्षेत्र के कई गांवों और मजरों को पावर ग्रिड से जोड़ा गया। बिजली आपूर्ति शुरू होते ही ग्रामीणों में खुशी छा गई। इससे बच्चों की पढ़ाई और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
सुल्तानपुर की SP चारू निगम के तबादले के बाद उनके कार्यकाल को लेकर पुलिस महकमे और आम जनता के बीच चर्चा है। पुलिस अधिकारी के तौर पर उन्होंने कानून-व्यवस्था मजबूत करने और जनसुनवाई पर जोर दिया। थानों की शिकायतों की निगरानी कर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से अधिकारियों को दिशा-निर्देश देती थीं।
महराजगंज के मुख्य चौराहे पर देर रात मिक्सर डंपर अनियंत्रित होकर मकान में जा घुसा। हादसे में मकान का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। शुक्रवार सुबह करीब छह बजे दो क्रेनों की मदद से डंपर हटाने का काम शुरू हुआ। गनीमत रही कि हादसे में किसी बड़े जनहानि की सूचना नहीं है।
उत्तर प्रदेश में देर रात बड़ा पुलिस फेरबदल हुआ है। 9 IPS अधिकारियों के तबादले के साथ सात जिलों के पुलिस कप्तान बदले गए। सुल्तानपुर की SP चारू निगम को यूपी-112, लखनऊ भेजा गया, जबकि 2014 बैच के IPS विनीत जायसवाल को सुल्तानपुर का नया SP बनाया गया।
चंदौली के नौगढ़ में वनवासी समाज के मुद्दों को लेकर सपा की PDA जन पंचायत आयोजित हुई। कार्यक्रम में समाज के राजनीतिक, आर्थिक और सामाजिक अधिकारों पर चर्चा हुई। सपा नेताओं ने सरकार पर गरीबों की जमीन छीनने और वनवासी समाज के उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
Location : Lucknow
Published : 21 August 2026, 8:05 AM IST