
यूपी के डिप्टी सीएम बृजेश पाठक (FIle Photo)
Moradabad: मुरादाबाद एयरपोर्ट पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब उत्तर प्रदेश सरकार के सरकारी विमान में अचानक तकनीकी खराबी आ गई। रनवे पर विमान के एक इंजन ने काम करना बंद कर दिया और उसमें से धुआं निकलने लगा। उस वक्त विमान में यूपी के डिप्टी सीएम Brajesh Pathak भी मौजूद थे। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए डिप्टी सीएम को सुरक्षित बाहर निकाला।
बताया जा रहा है कि विमान उड़ान की तैयारी में था, तभी अचानक उसके एक इंजन में तकनीकी खराबी आ गई। देखते ही देखते इंजन से धुआं निकलने लगा, जिससे एयरपोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने तुरंत सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू किया।
घटना की जानकारी मिलते ही एयरपोर्ट प्रशासन, फायर टीम और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं। एहतियात के तौर पर विमान को रनवे पर ही रोक दिया गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
प्रशासन की ओर से बताया गया कि विमान में सवार सभी यात्री और अधिकारी पूरी तरह सुरक्षित हैं। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और उन्हें किसी प्रकार की चोट नहीं आई।
घटना के बाद तकनीकी टीम ने विमान की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि इंजन में खराबी आखिर किस वजह से आई। एयरपोर्ट प्रशासन ने कहा है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है।
Location : Moradabad
Published : 25 May 2026, 6:32 PM IST