रसोई से सड़क तक महंगाई की मार; CNG-PNG के दाम बढ़े, जानिए आपके शहर का नया रेट

महंगाई के बीच उत्तर प्रदेश के पांच शहरों में गैस की कीमतों ने नया झटका दिया है। कहीं गाड़ी चलाना महंगा हुआ तो कहीं रसोई का बजट बढ़ने वाला है। रविवार से लागू हुई नई दरों में आपके शहर का रेट कितना है?

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 23 November 2026, 9:36 AM IST

Lucknow: उत्तर प्रदेश के कई शहरों में महंगाई का एक और झटका लगा है। चावल, दाल और मसालों की कीमतों में बढ़ोतरी के बीच अब सीएनजी और पीएनजी के दाम भी बढ़ा दिए गए हैं। ग्रीन गैस लिमिटेड (जीजीएल) ने लखनऊ, आगरा, उन्नाव, अयोध्या और सुलतानपुर में सीएनजी की कीमतों में दो रुपये प्रति किलो और पीएनजी की कीमतों में एक रुपये प्रति एससीएम की बढ़ोतरी की है। नई दरें रविवार सुबह से लागू हो गई हैं।

पांच शहरों में बढ़े CNG के दाम, जानिए नया रेट

ग्रीन गैस लिमिटेड के इस फैसले के बाद लखनऊ और आगरा में सीएनजी की कीमत 108 रुपये से बढ़कर 110 रुपये प्रति किलो हो गई है। वहीं, अयोध्या और सुलतानपुर में अब सीएनजी के लिए 106 रुपये के बजाय 108 रुपये प्रति किलो चुकाने होंगे। उन्नाव में सीएनजी की कीमत बढ़कर 107 रुपये प्रति किलो हो गई है।

सीएनजी की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी से वाहन चालकों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। आंकड़ों के मुताबिक, तीन अक्टूबर से अब तक लखनऊ में सीएनजी पांच रुपये प्रति किलो तक महंगी हो चुकी है।

रसोई में इस्तेमाल होने वाली PNG भी हुई महंगी

सीएनजी के साथ ही घरों की रसोई तक पाइप के जरिए पहुंचने वाली पीएनजी की कीमतों में भी इजाफा किया गया है। कंपनी ने 25 जनवरी के बाद पीएनजी की दरों में बदलाव करते हुए एक रुपये प्रति एससीएम की बढ़ोतरी की है।

नई दरें लागू होने के बाद लखनऊ और आगरा में पीएनजी की कीमत 57.50 रुपये प्रति एससीएम हो गई है। वहीं, उन्नाव में इसके लिए 57 रुपये प्रति एससीएम चुकाने होंगे। अयोध्या और सुलतानपुर में पीएनजी की नई कीमत 58.50 रुपये प्रति एससीएम हो गई है।

क्यों बढ़े CNG-PNG के दाम?

ग्रीन गैस लिमिटेड (जीजीएल) के डीजीएम मार्केटिंग प्रवीण सिंह ने कीमतों में बढ़ोतरी की वजह बताई है। उन्होंने कहा कि सर्दियों में गैस की मांग बढ़ने और वैश्विक स्तर पर सप्लाई को लेकर अनिश्चितता के कारण आरएलएनजी (रीगैसिफाइड लिक्विफाइड नेचुरल गैस) की खरीद लागत बढ़ गई है।

इसी वजह से कंपनी ने सीएनजी और पीएनजी की कीमतों में बदलाव किया है। नई दरें लागू होने के बाद पांच शहरों के वाहन चालकों और घरेलू उपभोक्ताओं को अब गैस के लिए पहले से ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे।

शहरों में CNG-PNG की नई कीमतें

शहर CNG (प्रति किलो) PNG (प्रति SCM)
लखनऊ ₹110 ₹57.50
आगरा ₹110 ₹57.50
उन्नाव ₹107 ₹57
अयोध्या ₹108 ₹58.50
सुलतानपुर ₹108 ₹58.50

 

Location :  Lucknow

Published :  23 November 2026, 9:36 AM IST