UP Assembly Election 2027: जेवर पहुंचे मायावती के भतीजे आकाश आनंद, अपने गृहजनपद में सबसे पहले झोंकी ताकत

बसपा ने 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच गौतमबुद्ध नगर के जेवर में बड़ा राजनीतिक कार्यक्रम आयोजित किया। नेशनल कोआर्डिनेटर आकाश आनंद की जनसभा में करीब 20 हजार समर्थक पहुंचे। इस दौरान जेवर विधानसभा सीट से प्रत्याशी के नाम के ऐलान की चर्चा तेज रही।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 25 August 2026, 3:07 PM IST

Greater Noida: बहुजन समाज पार्टी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में बसपा के नेशनल कोआर्डिनेटर आकाश आनंद ने मंगलवार को गौतमबुद्ध नगर के जेवर में बड़ी जनसभा को संबोधित किया। दनकौर स्थित आदर्श इंटर कॉलेज में आयोजित इस सम्मेलन में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक पहुंचे। बताया जा रहा है कि कार्यक्रम में करीब 20 हजार लोगों की मौजूदगी रही।

गृहजनपद में आकाश आनंद का पहला बड़ा शक्ति प्रदर्शन

आकाश आनंद का अपने गृहजनपद गौतमबुद्ध नगर में यह पहला बड़ा राजनीतिक कार्यक्रम है। यही वजह है कि बसपा इस आयोजन को काफी अहम मान रही है। पार्टी इसे सिर्फ कार्यकर्ता सम्मेलन नहीं, बल्कि 2027 विधानसभा चुनाव के लिए जमीन तैयार करने की रणनीति के तौर पर देख रही है। इस जनसभा के जरिए बसपा ने क्षेत्र में अपनी राजनीतिक ताकत दिखाने की कोशिश की है। पार्टी का फोकस संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ स्थानीय मतदाताओं तक अपनी पहुंच बढ़ाने पर है।

जेवर सीट पर प्रत्याशी के ऐलान की चर्चा

सम्मेलन के दौरान जेवर विधानसभा सीट से बसपा प्रत्याशी के नाम की घोषणा होने की संभावना जताई जा रही है। राजनीतिक गलियारों में पूर्व लोकसभा प्रत्याशी सतवीर नागर के नाम की चर्चा चल रही है। सतवीर नागर पहले गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ चुके हैं। अगर बसपा उनके नाम पर मुहर लगाती है तो इसे गुर्जर समाज को साधने की रणनीति के तौर पर देखा जा सकता है।

गुर्जर वोट बैंक और युवाओं पर बसपा की नजर

जेवर विधानसभा क्षेत्र में गुर्जर मतदाताओं की भूमिका अहम मानी जाती है। ऐसे में बसपा किसी स्थानीय और मजबूत चेहरे को आगे कर सामाजिक समीकरण साधने की कोशिश कर सकती है। पार्टी की रणनीति सिर्फ एक जातीय समूह तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं और क्षेत्र के दूसरे सामाजिक वर्गों के बीच भी अपनी पकड़ मजबूत करने की है। आकाश आनंद की यह सभा बसपा के चुनावी अभियान की शुरुआत के तौर पर देखी जा रही है। आने वाले दिनों में जेवर सीट पर प्रत्याशी चयन और बसपा की रणनीति से साफ होगा कि पार्टी 2027 के चुनावी मैदान में किस तरह की तैयारी के साथ उतरती है।

Location :  Greater Noida

Published :  25 August 2026, 3:07 PM IST