
61वें शहादत दिवस
सुलतानपुर : शहीद वीर अब्दुल हमीद के 61वें शहादत दिवस पर सुलतानपुर में देशभक्ति और सामाजिक एकता का संदेश देते हुए कार्यक्रम आयोजित किया गया। शहीद वीर अब्दुल हमीद एसोसिएशन के बैनर तले आयोजित इस कार्यक्रम में 160 फीट लंबे तिरंगे के साथ भव्य यात्रा निकाली गई। इस दौरान शहीद वीर अब्दुल हमीद अमर रहें, हिन्दुस्तान जिंदाबाद समेत कई देशभक्ति के नारे लगाए गए।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने देश और समाज को एकजुट रखने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पहले देश, फिर धर्म... देश ही नहीं रहेगा तो धर्म भी नहीं बचेगा। उन्होंने लोगों से नफरत और विभाजन की राजनीति से ऊपर उठकर देश को मजबूत करने की अपील की।
संजय सिंह ने कहा कि शहीद वीर अब्दुल हमीद जैसे महान योद्धाओं की कुर्बानी देश के लिए प्रेरणा है। उनके आदर्शों को अपनाकर समाज में भाईचारा और एकता को मजबूत किया जा सकता है।
कार्यक्रम की जिम्मेदारी शहीद वीर अब्दुल हमीद एसोसिएशन के अध्यक्ष सरफराज अहमद ने संभाली। संस्था के संस्थापक स्वर्गीय मकबूल अहमद नूरी के निधन के बाद सरफराज अहमद ने अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाली है। उन्होंने शहीद वीर अब्दुल हमीद के आदर्शों और संस्था के सामाजिक सरोकारों को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों ने देशभक्ति से जुड़ी मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। इसके अलावा सामाजिक क्षेत्र में योगदान देने वाली कई विभूतियों को सम्मानित भी किया गया। 160 फीट लंबे तिरंगे के साथ निकली यात्रा में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया और शहीद वीर अब्दुल हमीद को श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम के मंच पर सुलतानपुर के गांधी कहे जाने वाले करतार केशव यादव, असिस्टेंट डीआईजी सुरेंद्र यादव, कमलनयन पांडे, सपा के पूर्व लोकसभा प्रत्याशी शकील अहमद, नगर पालिका अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल, डॉ. सुधाकर सिंह, रिजवान पप्पू, मुफ्ती अकील अहमद मिस्बाही, चंदन नारायण सिंह, मकसूद आलम, अशोक सिंह, अमर बहादुर सिंह, इलियास खान और पूर्व तहसीलदार अब्दुल हई समेत कई प्रमुख लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन आयुष चतुर्वेदी ने किया।
आयोजकों ने बताया कि शहीद वीर अब्दुल हमीद की शहादत को याद करने के साथ-साथ युवाओं में राष्ट्रप्रेम, सामाजिक सद्भाव और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य है। 160 फीट तिरंगे के साथ निकली यात्रा इसी संदेश का प्रतीक बनी।
Location : Sultanpur
Published : 11 September 2026, 6:02 PM IST