यूपी में आज बदला-बदला रहेगा मौसम: सुबह से ही कहीं धूप तो कहीं कोहरा, जानें अपने शहर का माहौल

उत्तर प्रदेश में सक्रिय विक्षोभ के कारण मौसम का मिजाज बदला हुआ है। लखनऊ में पारा 30 डिग्री पार पहुंचा, जबकि शामली में घना कोहरा छाया रहा। पछुआ हवा से रात के तापमान में गिरावट की संभावना है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 21 February 2026, 7:53 AM IST

Noida: उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को धूप निकली हुई थी। अब शनिवार को भी मौसम साफ रहेगा। हालांकि, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में धूप और बादलों की आंखमिचौली चलती रहेगी। लखनऊ और आसपास के इलाकों में दोपहर तक हल्की गर्मी महसूस की जा सकती है। मौसम का यह बदला-बदला रूप लोगों के लिए थोड़ा चौंकाने वाला रहा, क्योंकि सुबह की हल्की ठंड के बाद दिन में धूप ने तेवर दिखा दिए।

लखनऊ में 30 पार पारा

राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 30.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। जबकि न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को भी तापमान लगभग इसी स्तर पर बना रह सकता है। दिन में हल्की गर्माहट और रात में सामान्य ठंड का सिलसिला जारी रहेगा।

बहराइच सबसे गर्म, शामली में कोहरा

सुबह से ही बहराइच जिले में गर्मी महसूस की गई। दूसरी ओर शामली में मौसम का अलग ही नजारा देखने को मिला। यहां घना कोहरा छाया रहा। इसके अलावा आगरा, मथुरा, अलीगढ़, हाथरस, फिरोजाबाद और मैनपुरी में सुबह धूप खिली रही। जिससे लोगों को राहत भी मिली और हल्की गर्मी का एहसास भी हुआ।

पछुआ हवा दिखाएगी असर

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार शनिवार से पछुआ हवा का असर बढ़ेगा। इसके चलते न्यूनतम तापमान में करीब तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। हालांकि दिन के तापमान में ज्यादा बदलाव की उम्मीद नहीं है। अगले तीन से चार दिनों तक मौसम का मिजाज लगभग ऐसा ही बना रहेगा।

आगे क्या रहेगा हाल

मौसम विभाग का अनुमान है कि दिन के तापमान में एक-दो डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन किसी बड़े बदलाव की संभावना फिलहाल नहीं है। यानी सुबह-शाम हल्की ठंड और दिन में हल्की गर्मी का मिला-जुला मौसम कुछ दिन और बना रहेगा।

Location : 
  • Noida

Published : 
  • 21 February 2026, 7:53 AM IST