मैनपुरी में बिजली विभाग की अनदेखी ने ली मासूम की जान? आम तोड़ते समय बड़ा हादसा

मैनपुरी के करहल थाना क्षेत्र के सिमरऊ गांव में आम तोड़ते समय 13 वर्षीय किशोर 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 11 July 2026, 3:01 PM IST

Mainpuri : जिले के करहल थाना क्षेत्र के सिमरऊ गांव में दर्दनाक हादसा हो गया। आम तोड़ने के दौरान 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आने से 13 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने घटना के लिए बिजली विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए जांच की मांग की है।

आम तोड़ते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, सिमरऊ गांव निवासी अखलेन्द्र (13), पुत्र रविन्द्र सिंह, गांव में एक आम के पेड़ पर आम तोड़ने के लिए चढ़ा था। पेड़ के ऊपर से 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन गुजर रही थी। इसी दौरान वह लाइन के संपर्क में आ गया और तेज करंट लगने से गंभीर रूप से झुलस गया। करंट इतना तेज था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस और बिजली विभाग की टीम

घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी करहल अजय सिंह चौहान, करहल थाना पुलिस और विद्युत विभाग के एसडीओ उपेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

मैनपुरी में भगवान के रास्ते पर सिस्टम का ताला बालाजीधाम का चकरोड दबंगों ने काटा, भड़के पुजारी

 शव घर पहुंचते ही मचा कोहराम

किशोर का शव घर पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। बेटे की असामयिक मौत से परिजन गहरे सदमे में हैं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने पेड़ के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन को हादसे का कारण बताते हुए बिजली विभाग की लापरवाही की जांच की मांग की है।

अधिकारियों ने क्या कहा?

करहल के क्षेत्राधिकारी अजय सिंह चौहान ने बताया कि प्रारंभिक जांच में किशोर की मौत हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से हुई है। पोस्टमार्टम के बाद नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

वहीं, विद्युत विभाग के एसडीओ उपेंद्र सिंह ने बताया कि संबंधित लाइन 11 हजार वोल्ट की है। प्रथम दृष्टया किशोर के लाइन के संपर्क में आने से हादसा हुआ है। मामले की विस्तृत जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Mainpuri

Published :  11 July 2026, 3:01 PM IST