झांसी में एक बुजुर्ग के साथ दूसरी शादी के नाम पर धोखाधड़ी और लूट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। रिश्तेदार ने महिला से शादी कराई, जो बाद में अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। आरोप है कि महिला लाखों के जेवर और नकदी लेकर भाग गई। पीड़ित ने पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई है।

प्रतीकात्मक फोटो (सोर्स: इंटरनेट)
Jhansi: अकेलेपन का फायदा उठाकर भरोसे का कत्ल… झांसी में एक बुजुर्ग की जिंदगी उस वक्त बर्बाद हो गई, जब दूसरी शादी का फैसला उसके लिए जाल साबित हुआ। जिस रिश्ते को सहारा समझा, वही साजिश बनकर सामने आया और अब उसके हिस्से में सिर्फ डर, बदनामी और नुकसान बचा है।
रिश्तेदार ने रचा पूरा खेल
मामला झांसी के नया गांव इलाके का है, जहां रामजी नाम के बुजुर्ग को उनके रिश्तेदार उमेश अहिरवार ने एक महिला से मिलवाया। बताया गया कि महिला रश्मि अपने पहले ससुराल से अलग हो चुकी है और शादी करना चाहती है। पत्नी की मौत के बाद अकेलेपन से जूझ रहे रामजी ने इस रिश्ते को स्वीकार कर लिया, लेकिन यही फैसला उनकी सबसे बड़ी भूल बन गया।
शादी के बाद बढ़ा शक
शादी के बाद महिला लंबे समय तक घर में रही, लेकिन उसने कभी वैवाहिक संबंध नहीं बनाए। वह घंटों फोन पर बात करती और हर बार “दीदी” से बात करने का बहाना बनाती रही। धीरे-धीरे रामजी को शक हुआ, लेकिन भरोसे के चलते उन्होंने इसे नजरअंदाज कर दिया।
शादीशुदा मर्द का लिव-इन रिश्ता अपराध नहीं! इलाहाबाद हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, पढ़ें पूरा मामला
गर्भ और अस्पताल से खुला राज
मामले ने उस समय चौंकाने वाला मोड़ लिया, जब महिला बीमार होने का बहाना बनाकर घर से गई और बाद में झांसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती मिली। जांच में सामने आया कि वह ढाई महीने की गर्भवती थी और यह गर्भ उसके कथित पति का नहीं, बल्कि उसी रिश्तेदार उमेश का था। पीड़ित का आरोप है कि अस्पताल में गर्भपात के दौरान उसके फर्जी हस्ताक्षर तक किए गए।
ताला तोड़कर लाखों की चोरी
जब रामजी ने महिला को अपनाने से इंकार किया, तो आरोप है कि महिला अपने प्रेमी और साथियों के साथ वापस आई और घर का ताला तोड़ दिया। वह सोने-चांदी के जेवरात और करीब 1 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गई। स्थानीय लोगों ने रोकने की कोशिश की, लेकिन उसने खुद को घर की मालकिन बताकर सामान ले लिया।
सुसाइड नोट का सच: आखिर क्यों बढ़ रहे हैं अकेलेपन के केस? एक महिला की कहानी से खुला बड़ा सवाल
लॉज में रहने के सबूत, खुद किया कबूल
पीड़ित का दावा है कि महिला 19 फरवरी 2026 को अपने प्रेमी के साथ झांसी के एक लॉज में रुकी थी, जिसका रिकॉर्ड उसके पास है। इतना ही नहीं, महिला ने खुद मैसेज कर यह भी स्वीकार किया कि वह अब अपने प्रेमी के साथ रह रही है और वापस नहीं आएगी।
उल्टा पीड़ित पर दबाव और धमकी
आरोप है कि अब आरोपी पीड़ित पर 5 लाख रुपये और जमीन अपने नाम कराने का दबाव बना रहे हैं। झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर उसे लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है।
पुलिस से न्याय की गुहार
पीड़ित ने मामले की शिकायत झांसी पुलिस और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से की है। हालांकि अभी तक ठोस कार्रवाई नहीं होने से वह खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। वहीं, प्रेम नगर थाना प्रभारी का कहना है कि मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।