Sonbhadra News: राइस मिल से फैलता प्रदूषण बना ग्रामीणों की मुसीबत, प्रशासन तक पहुँचा मामला

सोनभद्र के राबर्ट्सगंज स्थित लसड़ा गांव में राइस मिल से हो रहे प्रदूषण के विरोध में ग्रामीणों ने मानव श्रृंखला बनाकर प्रदर्शन किया। चिमनी से गिरने वाली राख से जनजीवन प्रभावित है। ग्रामीणों ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को ज्ञापन सौंपा।

Post Published By: सौम्या सिंह
Updated : 9 February 2026, 2:22 PM IST

Sonbhadra: जनपद के राबर्ट्सगंज तहसील अंतर्गत लसड़ा गांव में स्थित एक राइस मिल से फैल रहे प्रदूषण के खिलाफ ग्रामीणों का आक्रोश सोमवार को खुलकर सामने आया। राइस मिल की चिमनी से निकलने वाली राख और धुएं से परेशान ग्रामीणों ने राइस मिल के समीप मानव श्रृंखला बनाकर विरोध प्रदर्शन किया और प्रदूषण से निजात दिलाने की मांग उठाई।

चिमनी से गिरने वाली राख बनी बड़ी समस्या

ग्रामीणों का आरोप है कि राइस मिल की चिमनी से लगातार उड़ने वाली राख आसपास के पूरे इलाके में फैल जाती है। यह राख घरों की छतों, आंगनों, खेतों और जल स्रोतों तक पहुंच रही है। इससे वातावरण तो दूषित हो ही रहा है, साथ ही ग्रामीणों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है। लोगों को सांस लेने में परेशानी, आंखों में जलन और एलर्जी जैसी समस्याएं हो रही हैं।

Sonbhadra News: दो लग्जरी स्कॉर्पियो से बरामद 60 किलो गांजा, पुलिस ने किया रैकेट का भंडाफोड़

खेती और पशुपालन भी हो रहा प्रभावित

प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने बताया कि राख खेतों में गिरने से फसलों की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है। पशुओं के चारे पर राख जमने से मवेशी बीमार पड़ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन राइस मिल प्रबंधन द्वारा अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया।

चिमनी की राख से परेशान ग्रामीण

मानव श्रृंखला बनाकर जताया विरोध

ग्रामीणों ने राइस मिल के बाहर एकजुट होकर मानव श्रृंखला बनाई और शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान ग्रामीणों ने प्रशासन और प्रदूषण नियंत्रण विभाग से राइस मिल पर सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा के संयोजक संदीप मिश्रा भी मौजूद रहे।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति

प्रदर्शन की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया और आश्वासन दिया कि उनकी शिकायतों को संबंधित विभाग तक पहुंचाया जाएगा। पुलिस की मौजूदगी में प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को सौंपा गया ज्ञापन

प्रदर्शन के बाद ग्रामीणों ने क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सहायक अभियंता को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में राइस मिल की प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों की जांच कराने, चिमनी में मानक के अनुरूप प्रदूषण नियंत्रण उपकरण लगाने और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की गई।

Sonbhadra News: मारुति वैगनआर में छुपा था करोड़ों का राज, दुद्धी में पुलिस की कार्रवाई से मचा हड़कंप

ग्रामीणों ने दी आंदोलन तेज करने की चेतावनी

ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही राइस मिल के प्रदूषण से राहत नहीं मिली तो वे आगे और बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे। ग्रामीणों का कहना है कि वे विकास के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन अपने स्वास्थ्य, पर्यावरण और भविष्य के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं करेंगे।

फिलहाल, मामले में प्रशासन और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है।

Location : 
  • Sonbhadra

Published : 
  • 9 February 2026, 2:22 PM IST