नहर में कूदी महिला की तलाश में जुटी पुलिस, सीतापुर में मचा हड़कंप, तलाश में जुटी पुलिस

सीतापुर जिले के बिसवां क्षेत्र में शारदा सहायक नहर में महिला के कूदने की सूचना के बाद पुलिस और प्रशासन अलर्ट हो गया। करीब 24 घंटे तक चले सर्च अभियान के बावजूद महिला का कोई पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 9 August 2026, 5:48 PM IST

Sitapur: सीतापुर जिले के बिसवां क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब शारदा सहायक नहर में एक महिला के कूदने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और खोजबीन शुरू कर दी। घटना शनिवार की बताई जा रही है। रविवार तक लगातार तलाश अभियान चलाया गया, लेकिन महिला का कोई सुराग नहीं मिल पाया।

जानकारी के अनुसार, मानपुर थाना क्षेत्र के शिवथाना गांव की रहने वाली 35 वर्षीय नीतू मिश्रा, पत्नी संतोष कुमार मिश्रा, कुछ दिन पहले पारिवारिक विवाद के बाद अपने मायके आई थीं। वह बिना किसी को बताए घर से निकल गईं। कुछ देर बाद डायल-112 पर सूचना मिली कि रामाभारी गांव के सामने शारदा सहायक नहर में एक महिला ने छलांग लगा दी है।

गोताखोरों की मदद से चला सर्च अभियान

सूचना मिलते ही पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से नहर में तलाश शुरू कराई। संभावित स्थानों पर घंटों तक खोजबीन की गई, लेकिन शनिवार देर शाम तक महिला का कोई पता नहीं चला। रविवार को भी पुलिस और गोताखोरों ने नहर और आसपास के इलाकों में सर्च अभियान जारी रखा।

यह भी पढ़ें: Sitapur: झाड़ियों में मिला शव, नाक से बहता खून… 35 साल के युवक की मौत पर गहराया रहस्य

परिजनों ने समझाने की कोशिश की थी

पुलिस के अनुसार, महिला के घर से निकलने के बाद परिजनों और ग्राम प्रधान ने फोन पर उससे संपर्क कर उसे समझाने का प्रयास किया था। हालांकि इसके बाद उसका कोई पता नहीं चल सका। महिला के लापता होने से परिवार के लोग बेहद परेशान हैं और लगातार उसकी तलाश की जा रही है।

दो बच्चों की मां है नीतू

नीतू मिश्रा विवाहित हैं और उनके दो बच्चे हैं। उनके अचानक लापता होने से परिवार में चिंता और बेचैनी का माहौल है। पुलिस का कहना है कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि महिला ने वास्तव में नहर में छलांग लगाई थी या मामला कुछ और है।

जांच जारी

पुलिस का कहना है कि महिला की तलाश जारी है। उसकी बरामदगी के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी। फिलहाल सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।

Location :  Sitapur

Published :  9 August 2026, 5:48 PM IST