श्रद्धा दुबे आज लखनऊ कोर्ट में हो सकती है पेश, 10 दिन तक पुलिस को छकाया; नागपुर में ऐसे हुई गिरफ्तारी!

शिवा शर्मा हत्याकांड में श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर दानिश को नागपुर से गिरफ्तार किया गया। ट्रांजिट रिमांड के बाद तीनों को लखनऊ लाया जा रहा है। कोर्ट में पेशी की संभावना।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 22 October 2026, 9:45 AM IST

Lucknow: कारोबारी शिवा शर्मा हत्याकांड में फरार चल रही श्रद्धा दुबे को पकड़ने के लिए पुलिस को करीब 10 दिनों तक मशक्कत करनी पड़ी। आखिरकार मंगलवार को लखनऊ पुलिस, उत्तर प्रदेश एसटीएफ और नागपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में श्रद्धा को उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर दानिश उर्फ तनवीर के साथ नागपुर से गिरफ्तार कर लिया गया। तीनों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। बुधवार को नागपुर की अदालत से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद पुलिस टीम उन्हें लेकर लखनऊ के लिए रवाना हुई। अब बृहस्पतिवार को श्रद्धा समेत तीनों आरोपियों को लखनऊ की अदालत में पेश किए जाने की संभावना है।

नागपुर के अपार्टमेंट में दबिश, तीनों आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की तलाश में जुटी टीमों को सोमवार रात उनकी लोकेशन नागपुर की तरफ मिली। इसके बाद लखनऊ पुलिस और एसटीएफ की टीमें नागपुर पहुंचीं और स्थानीय पुलिस की मदद से तलाशी अभियान चलाया। मंगलवार दोपहर नागपुर के प्रोजोन पॉम्स अपार्टमेंट स्थित स्प्लेंडर-टू टॉवर के फ्लैट नंबर एस-2, 1103 में दबिश दी गई। वहां श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर दानिश मिले। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी करने में समय लगा। इसके चलते मंगलवार को आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड के लिए अदालत में पेश नहीं किया जा सका। तीनों को रात में नागपुर के हुडकेश्वर थाने में रखा गया। बुधवार दोपहर करीब तीन बजे उन्हें अदालत में पेश किया गया। ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद पुलिस टीम उन्हें लेकर लखनऊ रवाना हुई।

श्रद्धा दुबे के पीछे कौन? खाकी-खादी से कनेक्शन की चर्चा, मीडिया बाइट से कोर्ट तक पहुंचने की कहानी

2200 किलोमीटर का सफर, कई ठिकानों पर बदले ठिकाने

पुलिस की तलाश के दौरान श्रद्धा दुबे अपनी बहन और ड्राइवर के साथ लगातार ठिकाने बदलती रही। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, तीनों ने करीब 2200 किलोमीटर का सफर किया और अलग-अलग होटलों व लॉज में रुके। बताया जा रहा है कि पुलिस के पहुंचने से कुछ घंटे पहले ही वे कई ठिकानों से निकल जाते थे। ऐसे में जांच टीम को बार-बार नए सिरे से तलाश शुरू करनी पड़ती थी।

आरोपियों के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी कराया गया था और तीनों पर इनाम भी घोषित था। लगातार ठिकाने बदलने के कारण उनकी गिरफ्तारी पुलिस के लिए चुनौती बन गई थी। इसी वजह से तलाश अभियान में यूपी एसटीएफ को भी शामिल किया गया।

दिल्ली से घर लौट रहा था परिवार, गंगा एक्सप्रेसवे पर पलटी स्कॉर्पियो, पिता-पुत्री की मौत

केजीएमयू से निकलने के बाद नेपाल पहुंचने का दावा

इस मामले में सामने आई जानकारी के मुताबिक, 9 अक्टूबर की रात श्रद्धा अपनी बहन रश्मि और ड्राइवर दानिश के साथ घायल कारोबारी शिवा शर्मा को लेकर केजीएमयू पहुंची थी। इसके बाद वह वहां से निकल गई। पुलिस के अनुसार, वह लखनऊ से सीतापुर और महमूदाबाद होते हुए बहराइच पहुंची और रुपईडीहा सीमा पार कर नेपाल चली गई थी। नेपाल के बुटवल में एक होटल में ठहरने की बात भी सामने आई है।

अब लखनऊ पहुंचने के बाद आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा। इसके बाद पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी। मामले में नामजद आरोपी आमिर की गिरफ्तारी को लेकर भी चर्चा है, लेकिन उसकी गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस की अगली कार्रवाई और पूछताछ से हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं पर स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

Location :  Lucknow

Published :  22 October 2026, 9:45 AM IST