
इकरा हसन बोलीं- 'हाईकोर्ट जाने का समय नहीं दिया
सहारनपुर: कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद के ध्वस्तीकरण को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। समाजवादी पार्टी की कैराना सांसद इकरा हसन ने प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए इसे लोकतंत्र के खिलाफ बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित पक्ष को हाईकोर्ट जाने का मौका तक नहीं दिया गया और जल्दबाजी में कार्रवाई कर दी गई।
इकरा हसन ने कहा कि निचली अदालत का आदेश आने के बाद मस्जिद को सील कर दिया गया और आसपास बैरिकेडिंग कर दी गई। इसके बाद लोग अधिकारियों से बातचीत कर कुछ समय मांगना चाहते थे, ताकि कानूनी प्रक्रिया के तहत हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया जा सके, लेकिन उन्हें यह मौका नहीं दिया गया।
सपा सांसद ने दावा किया कि लोग न्यायिक प्रक्रिया का पालन करते हुए हाईकोर्ट जाना चाहते थे। उनका कहना है कि प्रशासन से कार्रवाई रोकने के लिए समय मांगा गया, लेकिन अधिकारियों ने कोई मोहलत नहीं दी।
उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बाद सहारनपुर के कई प्रमुख लोगों को हाउस अरेस्ट कर लिया गया और सुबह-सुबह मस्जिद को ध्वस्त कर दिया गया।
इकरा हसन ने प्रशासन की कार्रवाई को शर्मनाक और निंदनीय बताते हुए कहा कि इस मामले को कोर्ट में चुनौती दी जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी पक्ष को न्याय पाने और कानूनी विकल्प अपनाने का अधिकार मिलना चाहिए।
उन्होंने कहा, "अगर हर फैसला सिर्फ सरकारी आदेशों से ही होना है तो फिर न्यायालय और कानूनी व्यवस्था की जरूरत ही क्या रह जाती है?"
सपा सांसद ने आरोप लगाया कि मौजूदा समय में जल्दबाजी में फैसले लेने की प्रवृत्ति बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी कार्रवाई से पहले संबंधित पक्ष को न्यायालय में जाने का अवसर दिया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि मस्जिद ध्वस्तीकरण मामले को कोर्ट में ले जाया जाएगा और कानूनी लड़ाई जारी रहेगी।
हालांकि, इकरा हसन द्वारा लगाए गए आरोपों पर प्रशासन की ओर से विस्तृत प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है।
Location : Saharanpur
Published : 5 September 2026, 1:30 PM IST
Topics : Collectorate Mosque Case Iqra Hasan Statement Mosque Dispute UP Saharanpur Mosque Demolition Saharanpur News