Deoria: रुद्रपुर में कदम रखते ही SDM राजकुमार गुप्ता के सामने खड़ी हुईं दो बड़ी चुनौतियां, क्या पीड़ितों को दिला पाएंगे हक?

देवरिया के रुद्रपुर तहसील में नए उपजिलाधिकारी (एसडीएम) के रूप में पीसीएस अधिकारी राजकुमार गुप्ता ने कार्यभार संभाल लिया है। हमीरपुर से स्थानांतरित होकर आए एसडीएम के सामने कछारांचल को बाढ़ से बचाने और राजस्व मामलों के निपटारे की बड़ी चुनौती है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 17 July 2026, 4:30 PM IST

Deoria: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले की अति-संवेदनशील और भौगोलिक रूप से चुनौतीपूर्ण रुद्रपुर तहसील को आखिरकार अपना नया प्रशासनिक मुखिया मिल गया है। तेजतर्रार पीसीएस अधिकारी राजकुमार गुप्ता ने शुक्रवार को रुद्रपुर के नए उपजिलाधिकारी (एसडीएम) के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया है।

पूर्व एसडीएम अवधेश कुमार निगम के फिरोजाबाद तबादले के बाद से खाली पड़े इस पद पर राजकुमार गुप्ता की नियुक्ति को क्षेत्र के विकास और आगामी बाढ़ सत्र के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पद संभालते ही उन्होंने अपनी प्राथमिकताओं से साफ कर दिया है कि वे केवल दफ्तर में बैठकर फाइलें निपटाने वाले अफसर नहीं हैं।

कुशीनगर की मिट्टी से निकले और इलाहाबाद में तपे प्रशासनिक योद्धा

मूल रूप से पड़ोसी जनपद कुशीनगर के छितौनी के रहने वाले राजकुमार गुप्ता की कहानी ग्रामीण परिवेश से निकलकर प्रशासनिक सेवाओं के शीर्ष पर पहुंचने की एक प्रेरणादायक दास्तान है। उनकी प्रारंभिक शिक्षा छितौनी की मिट्टी में हुई, जिसके बाद उन्होंने गोरखपुर के प्रतिष्ठित एम.जी. कॉलेज से इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण की।

आगे बढ़ते हुए उन्होंने भाटपार रानी डिग्री कॉलेज से स्नातक और फिर कानपुर से स्नातकोत्तर की उच्च शिक्षा हासिल की। इसके बाद उन्होंने सिविल सेवा के गढ़ इलाहाबाद (प्रयागराज) का रुख किया, जहां उनकी कड़ी मेहनत रंग लाई। वर्ष 2012 में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की परीक्षा पास कर वे नायब तहसीलदार बने और अपनी बेहतरीन कार्यशैली के दम पर वर्ष 2023 में पदोन्नत होकर एसडीएम बने।

बाढ़ की विभीषिका से मुक्ति दिलाना पहली परीक्षा

रुद्रपुर तहसील का कछारांचल क्षेत्र हर साल नदियों के उफान और बाढ़ की विभीषिका से त्रस्त रहता है। कार्यभार ग्रहण करने के तुरंत बाद एसडीएम राजकुमार गुप्ता ने स्पष्ट कर दिया कि इस बाढ़ प्रभावित क्षेत्र और इसके निवासियों का बचाव उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।

जेब ढीली होने से बचना है तो नियमों का करें पालन, देवरिया पुलिस की चालकों से अपील- ‘दस्तावेज रखें साथ’

उन्होंने कहा कि बाढ़ नियंत्रण की तैयारियों की समीक्षा धरातल पर जाकर की जाएगी ताकि किसी भी आपातकालीन स्थिति से समय रहते निपटा जा सके। इसके अलावा सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनका मुख्य संकल्प है।

राजस्व मामलों और कानून-व्यवस्था पर रहेगा कड़ा रुख

क्षेत्र में पेंडिंग पड़े जमीन और राजस्व से जुड़े मामलों को लेकर भी नए एसडीएम ने सख्त रुख अपनाने के संकेत दिए हैं। उन्होंने राजस्व कर्मियों को समयबद्ध तरीके से विवादों के निस्तारण के निर्देश दिए हैं ताकि आम जनता को कचहरी के चक्कर न काटने पड़ें।

देवरिया में सोनम वांगचुक के समर्थन में सपा का हल्लाबोल, पेपर लीक को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

गुप्ता ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि तहसील परिसर में बिचौलियों का हस्तक्षेप बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ रखने और जनसुनवाई के जरिए आम नागरिकों की शिकायतों का मौके पर ही त्वरित समाधान सुनिश्चित करना उनकी दैनिक कार्यशैली का हिस्सा रहेगा।

Location :  Deoria

Published :  17 July 2026, 4:30 PM IST