राम मंदिर में चोरी के बीच RSS ने तोड़ी चुप्पी, दिए ऐसे संकेत जिसने बढ़ाई हलचल

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर पहली बार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) ने खुलकर प्रतिक्रिया दी है। सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही मंदिर ट्रस्ट से प्रबंधन और वित्तीय व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी बनाने की अपील करते हुए हिंदू समाज से संयम बनाए रखने का आग्रह किया है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 3 July 2026, 4:35 PM IST

Ayodhya : राम मंदिर में चढ़ावे की दानपेटियों से कथित चोरी के मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है। इस पूरे विवाद के बीच राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) ने पहली बार आधिकारिक बयान जारी कर अपनी प्रतिक्रिया दी है। संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने इस घटना को बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि करोड़ों रामभक्तों की आस्था के केंद्र बने मंदिर में हुई चोरी ने पूरे हिंदू समाज की भावनाओं को गहरी ठेस पहुंचाई है। संघ के इस बयान के बाद मामले को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं।

दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग

दत्तात्रेय होसबाले ने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अनुरोध पर उत्तर प्रदेश सरकार ने विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है और जांच की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ बिना किसी भेदभाव के कठोरतम कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। उनका कहना था कि कानून अपना काम करे और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाना चाहिए।

ट्रस्ट से पारदर्शिता बढ़ाने की अपील

आरएसएस ने अपने बयान में सिर्फ कार्रवाई की मांग ही नहीं की, बल्कि मंदिर के प्रबंधन और वित्तीय व्यवस्था को लेकर भी महत्वपूर्ण सुझाव दिए। संघ ने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को संचालन व्यवस्था की सभी कमियों को दूर करना चाहिए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की कोई गुंजाइश न रहे। बयान में कहा गया कि करोड़ों श्रद्धालुओं का विश्वास बनाए रखने के लिए मंदिर का वित्तीय प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासन पूरी तरह पारदर्शी, जवाबदेह और त्रुटिरहित होना चाहिए।

राम मंदिर चोरी केस पर विनय कटियार का दावा, पीएम मोदी से हुई बात, बोले- चंपत राय भी जा सकते हैं जेल

हिंदू समाज से संयम की अपील

आरएसएस ने पूरे हिंदू समाज से अपील की कि इस संवेदनशील मामले में धैर्य और संयम बनाए रखें। संघ ने कहा कि कुछ हिंदू-विरोधी और राष्ट्र-विरोधी ताकतें इस घटना का फायदा उठाकर समाज को बदनाम करने की कोशिश कर सकती हैं। ऐसे प्रयासों को विफल करना सभी रामभक्तों और समाज की जिम्मेदारी है।

SIT जांच पर टिकी निगाहें

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में पहले ही कई आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और SIT लगातार जांच कर रही है। ऐसे में RSS के इस बयान को बेहद अहम माना जा रहा है। अब सभी की नजर जांच की अंतिम रिपोर्ट और उसके आधार पर होने वाली कार्रवाई पर टिकी है।

Location :  Ayodhya

Published :  3 July 2026, 4:35 PM IST