आरपीआईसी स्कूल ने छात्रों को ऐसे किया विदा, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां

महाराजगंज के RPIC स्कूल में कक्षा 12 के छात्रों के लिए भव्य विदाई समारोह ‘यादें’ का आयोजन किया गया। इस दौरान सीनियर्स के सम्मान में विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। मंच पर छात्रों ने नृत्य, संगीत और अन्य रचनात्मक प्रस्तुतियों के जरिए अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 15 March 2026, 8:25 PM IST

Maharajganj: महाराजगंज जिले के सिसवा बाजार स्थित एक मैरिज हॉल में रविवार को आरपीआईसी स्कूल द्वारा कक्षा 12 के छात्रों के लिए भव्य विदाई समारोह ‘यादें’ का आयोजन किया गया। हर वर्ष की तरह इस बार भी विद्यालय ने अपने सीनियर विद्यार्थियों को सम्मानपूर्वक विदा देने की परंपरा को जारी रखा। कार्यक्रम में भावनाओं, यादों और भविष्य की शुभकामनाओं का अनोखा संगम देखने को मिला।

समारोह का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. पंकज तिवारी ने मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर और दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना ने पूरे वातावरण को भक्तिमय और ऊर्जा से भर दिया। स्वागत गीत के माध्यम से सीनियर छात्रों और अतिथियों का गर्मजोशी से अभिनंदन किया गया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां

कार्यक्रम में कक्षा 11 के विद्यार्थियों ने मेजबान की भूमिका निभाते हुए अपने सीनियर्स के सम्मान में विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। मंच पर छात्रों ने नृत्य, संगीत और अन्य रचनात्मक प्रस्तुतियों के जरिए अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

इस दौरान साक्षी, मिलक्छि, छवि, नंदिता, अंशुमान, आयुष पांडेय, अंश सिंह, ओजस्वी रौनियार, सिमरन, आयुषी, पलक, अनुपमा, जान्हवी, खुशी, अनूप, अंश, अंकित, कविता, गरिमा और रजनी के समूहों ने अपने नृत्य और संगीत से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित छात्र-छात्राओं और अभिभावकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।

फनी गेम्स में भी दिखा उत्साह

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ-साथ सीनियर छात्रों के लिए कुछ मजेदार खेलों का भी आयोजन किया गया। इन फनी गेम्स में छात्रों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पूरे माहौल में हंसी-खुशी का रंग भर गया।
इस भव्य आयोजन में करीब 400 विद्यार्थी और कई अभिभावक मेहमान के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम के सफल संचालन में विद्यालय के शिक्षकों और स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

प्रधानाचार्य ने दी उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. पंकज तिवारी ने छात्रों को संबोधित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि ‘यादें’ केवल एक विदाई समारोह नहीं बल्कि छात्रों के अनुशासन, संस्कार और विद्यालय के प्रति उनके लगाव का प्रतीक है।

इस अवसर पर स्कूल इंचार्ज देवेंद्र शुक्ला, प्रतीक श्रीवास्तव, मनकेश्वर कुमार, स्वयं प्रकाश पांडेय, वारिश अली, अभिषेक रूद्र, सोनू कुमार, मंजेश कुमार, अनिल कपूर, स्यामजीत और विमलेश पांडेय सहित विद्यालय का पूरा स्टाफ मौजूद रहा। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अभिभावकों और गणमान्य नागरिकों ने आयोजन की सराहना करते हुए छात्रों की प्रतिभा और विद्यालय की पहल की खुले दिल से प्रशंसा की।

Location : 
  • Maharajganj

Published : 
  • 15 March 2026, 8:25 PM IST