यूपी के उन्नाव में सोमवार को भयानक सड़क हादसे की खबर सामने आयी है। घटना के बाद मौके पर चीखपुकार और अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

उन्नाव में भयानक सड़क हादसा
Unnao: जनपद में होली के पावन पर्व पर अपनों के पास घर लौट रहे यात्रियों के लिए रविवार की रात काल बनकर आई। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर देवखरी गांव के पास मथुरा और आगर डिपो की दो रोडवेज बसों की एक ही ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई। जिसमें 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दोनों बसों के 31 यात्री घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए बांगरमऊ सीएचसी भेजा। वहां उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में बैठी सवारियों में कोहराम मच गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची बांगरमऊ कोतवाली पुलिस ने राहत और बचाव कार्य चलाया।
घायलों की पहचान सुनील निवासी अमीनाबाद लखनऊ, रुद्र, सुमित्रा राजाराम निवासी दरभंगा बिहार, सुशील कुमार निवासी आगरा, अनीता साहनी निवासी कुशीनगर, रमेश, वंदना निवासी अहिरौली, कुशीनगर, अन्यया निवासी कुशीनगर, अवधेश निवासी गोरखपुर और तारा देवी सरस्वती निवासी कुशीनगर समेत शामिल हैं। बाकी घायलों की पहचान की जा रही है। थाना पुलिस ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। मृतकों के शवों की पहचान की जा रही है।
जानकारी के अनुसार रविवार रात को एक्सप्रेस-वे पर सिरधरपुर गांव के सामने एक ट्रक सड़क में आड़े-तिरछा खड़ा था। इस दौरान रात करीब 12 आगरा फोर्ट की बस खड़े ट्रक में पीछे से भिड़ गई। हादसे में 14 सवारी घायल हो गईं। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने पांच एंबुलेंस से सभी घायलों को बांगरमऊ स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। साथ ही हाइड्रा मंगाकर क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने का प्रयास शुरू किया।
इस बीच पुलिस द्वारा रोडवेज बस हटवाने के बाद रात्रि 2:30 बजे क्षतिग्रस्त ट्रक को प्रीतमपुरा चौकी ले जाया जा रहा था, तभी आगरा फोर्ट की ही दूसरी रोडवेज बस इस ट्रक में पीछे से टकरा गई। हादसे में तीन सवारियों की मौत हो गई। उसमें बैठी 17 सवारियां घायल हो गईं। फिर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को स्वास्थ्य केंद्र लाई। डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों बसों के घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान न होने पर शव पोस्टमार्टम हाउस में रखवाए गए हैं। बताया जा रहा है कि दोनों घटनाएं चालक को झपकी आने के बाद हुई।
कोतवाल अखिलेशचंद्र पांडेय ने बताया कि ट्रक सड़क के किनारे खड़ा था। दोनों बसों में 31 सवारियां घायल हुई हैं। तीन की मौत हुई है। शवों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
खबर अपडेट हो रही है...