रामपुर हत्याकांड में बड़ा खुलासा, जानें कैसे रची साजिश?

यूपी के सनसनीखेज रामपुर हत्याकांड से पुलिस ने पर्दा हटा दिया है। मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस की भी पैरों तले जमीन खिसक गई। महिला कांस्टेबल लता और उसके मासूम बेटे लड्डू की मौत के पीछे की सच्चाई जानकर हर कोई सन्न रह गया।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 6 April 2026, 4:03 PM IST

Rampur: उत्तर प्रदेश के चर्चित रामपुर हत्याकांड से पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने एक ऐसी वारदात का खुलासा किया है, जिसने रिश्तों और इंसानियत दोनों को शर्मसार कर दिया है। जिस घटना को अब तक एक दर्दनाक सड़क हादसा माना जा रहा था, दरअसल वह एक खौफनाक साजिश और सुनियोजित हत्या निकली।

महिला कांस्टेबल लता और उसके मासूम बेटे लड्डू की मौत के पीछे की सच्चाई जानकर हर कोई सन्न रह गया।

कार में जलकर हो गई थी मौत

गौरतलब है कि रामपुर के गंज थाना क्षेत्र के काशीपुर-आंगा रोड पर 25 फरवरी 2026 की रात को वारदात हुई थी। इस घटना में 23 साल की महिला कांस्टेबल लता सिंह और उसके 2 साल के बेटे लड्डू की कार में जलकर मौत हो गई थी। शुरुआती जांच में इसे सड़क हादसा बताया गया था। जहां एक तेज रफ्तार डंपर की टक्कर के बाद कार में आग लग गई थी।

लेकिन जैसे-जैसे पुलिस ने इस मामले की गहराई से जांच की, कहानी पूरी तरह बदल गई। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि यह हादसा नहीं बल्कि एक सुनियोजित हत्या थी। इस साजिश को किसी और ने नहीं, बल्कि मृतका के पति दानसिंह और देवर रवि ने मिलकर अंजाम दिया।

रामपुर में स्पा सेंटरों पर बड़ी रेड, अंदर क्या चल रहा था? पढ़िए पूरी खबर

पुलिस का खुलासा

बताया जा रहा है कि पहले लता सिंह को नशे की गोलियां दी गईं, ताकि वह बेसुध हो जाए। इसके बाद कार में पेट्रोल डालकर आग लगाने की योजना बनाई गई। इतना ही नहीं, जब लता सिंह ने बचने की कोशिश की, तो उस पर कार में रखे हथौड़े से हमला किया गया। इसके बाद पूरी वारदात को सड़क हादसे का रूप देने के लिए कार को सड़क पर ले जाया गया। डंपर की टक्कर के बाद आग तेजी से भड़की और मां-बेटे कार में ही फंस गए।

आरोपी पति और देवर मौके से कूदकर बाहर निकल आए और खुद को भी झुलसा लिया ताकि शक न हो। जांच में यह भी सामने आया कि इस खौफनाक साजिश के पीछे पैसों का लालच था। महिला कांस्टेबल की मौत के बाद मिलने वाले बीमा और अन्य क्लेम की रकम पाने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया गया। इस मामले में पुलिस ने अब तक पति दानसिंह, नूरहसन और सलमान को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि देवर रवि और प्रदीप फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

रामपुर में क्या हुआ उस रात? बच्ची के इशारों ने सब कुछ बता दिया, पढ़िए सनसनीखेज खबर

मामले में एसपी का बयान

इस मामले में पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने बताया कि मृतक महिला को पति दानसिंह और देवर रवि के द्वारा कार में पेट्रोल डालकर जलाया गया था। महिला को नशे की गोलियां दी गई थी ताकि वह वाहन से उतर ना सके, लेकिन इसके बाबजूद महिला वाहन से निकलने में कामयाब रही लेकिन जिंदा बचने पर उस पर हथौड़ी से वार किया गया। इस आपराधिक षड़यंत्र में अन्य चार व्यक्ति रवि, प्रदीप, नुरहशन और सलमान में से तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

Location :  Rampur

Published :  6 April 2026, 4:03 PM IST