मैनपुरी में दबंगों का तांडव: मामूली विवाद में चली गोली, वायरल वीडियो से हिली पुलिस

मैनपुरी के शहर कोतवाली क्षेत्र में मामूली विवाद के बाद दबंगों ने युवक के साथ मारपीट और फायरिंग की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 4 February 2026, 2:21 PM IST

Mainpuri: मैनपुरी में कानून का खौफ एक बार फिर दबंगई के आगे कमजोर पड़ता नजर आया, जब मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। मारपीट, तमंचा और फायरिंग… ये सब किसी फिल्म का सीन नहीं बल्कि शहर कोतवाली इलाके की हकीकत है। घटना का वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर हड़कंप मच गया और पुलिस महकमे में भी खलबली मच गई।

क्या है पूरा मामला

मैनपुरी शहर कोतवाली क्षेत्र के पीपरा घाट के पास दबंगई का एक गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित युवक सचिन यादव के मुताबिक, एक मामूली विवाद के चलते समर यादव और उसके साथियों ने उसे घेर लिया और बेरहमी से मारपीट की। आरोप है कि मारपीट यहीं नहीं रुकी, बल्कि दबंगों ने तमंचा निकालकर फायरिंग भी की, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए।

घर तक पहुंची दबंगई

पीड़ित का कहना है कि घटना के कुछ समय बाद आरोपी तमंचा लेकर उसके घर के पास भी पहुंच गया। इससे न सिर्फ सचिन बल्कि उसके पूरे परिवार में डर का माहौल बन गया। परिवार का आरोप है कि आरोपी खुलेआम हथियार लहराकर इलाके में दहशत फैलाने की कोशिश कर रहा था।

वीडियो वायरल, पुलिस हरकत में

इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में दो युवक तमंचा लिए हुए साफ दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया और मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी गई। पीड़ित सचिन यादव ने शहर कोतवाली में समर यादव के खिलाफ नामजद तहरीर दी है।

पुलिस का बयान

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है और इसमें दिख रहे युवकों की पहचान कर ली गई है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।

Location : 
  • Mainpuri

Published : 
  • 4 February 2026, 2:21 PM IST