रायबरेली: पिता की 39वीं पुण्यतिथि पर पूनम सिंह का बड़ा सेवा कार्य, सैकड़ों मरीजों को मिला निःशुल्क इलाज

अपने पिता एवं रायबरेली के जनप्रिय व्यक्तित्व स्वर्गीय ठाकुर धुन्नी सिंह की 39वीं पुण्यतिथि पर समाजवादी पार्टी की नेत्री पूनम सिंह ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 24 November 2026, 3:22 PM IST

Raebareli: अपने पिता एवं रायबरेली के जनप्रिय व्यक्तित्व स्वर्गीय ठाकुर धुन्नी सिंह की 39वीं पुण्यतिथि पर समाजवादी पार्टी की नेत्री पूनम सिंह ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर सुपर मार्केट, रायबरेली स्थित उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया गया। आयोजित श्रद्धांजलि सभा में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, वरिष्ठजनों, शुभचिंतकों एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने पहुंचकर स्व. ठाकुर धुन्नी सिंह को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

रायबरेली में स्व. ठाकुर धुन्नी सिंह की 39वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)

श्रद्धांजलि सभा के उपरांत उनकी पावन स्मृति में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। इसके साथ ही स्व. ठाकुर धुन्नी सिंह जी के सेवा और जनकल्याण के विचारों को आगे बढ़ाते हुए ग्राम एवं पोस्ट सिधौना स्थित पंचायत भवन, ब्लॉक अमावां में निःशुल्क नेत्र शिविर का आयोजन कराया गया।

यहाँ उन्होंने अपने पिता स्व धुन्नी सिंह की तस्वीर पर पुष्प अर्पित किए और आये हुए लोगों से मुलाकात की भी। इस दौरान पूनम सिंह सदर विधायक अदिति सिंह के द्वारा अपने दादा की पुण्यतिथि पर कोई कार्यक्रम न कराये जाने के सवाल पर कहा कि हमे अपने पूर्वजों को याद रखना चाहिये। जिस तरह उनके दिवंगत भाई की स्मृति में वह उन्हें याद करती हैं उसी तरह पीटा व मां की स्मृति में वह कार्यक्रम करती हैं। लेकिन यह सब राजनीति से ऊपर उठकर भावात्मक तरीके से होना चाहिये। उन्होंने सदर विधायक अदिति सिंह को सलाह देते हुए कहा है कि मानवता के नाते ही सही अपने पूर्वजों को जरूर याद करें।

नेत्र शिविर में सैकड़ों मरीजों ने उठाया लाभ

नेत्र शिविर में सैकड़ों मरीजों ने उठाया लाभ

निःशुल्क नेत्र शिविर में सैकड़ों की संख्या में मरीजों एवं ग्रामीणों ने पहुंचकर अपनी आंखों की जांच कराई। कानपुर साई आई अस्पताल के अनुभवी नेत्र सर्जनों एवं चिकित्सकीय टीम ने मरीजों का परीक्षण किया। जांच के बाद जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाइयां एवं चश्मे वितरित किए गए। वहीं, जिन मरीजों को ऑपरेशन की आवश्यकता पाई गई, उनके लिए भी पूर्णतः निःशुल्क ऑपरेशन की व्यवस्था की गई। इस पहल से क्षेत्र के ग्रामीणों को अपने ही क्षेत्र में बेहतर नेत्र चिकित्सा सुविधा मिली और आर्थिक रूप से कमजोर जरूरतमंद मरीजों को बड़ी राहत मिली।

इस अवसर पर पूनम सिंह ने कहा कि उनके पिताजी स्व. ठाकुर धुन्नी सिंह ने सदैव जनसेवा, गरीबों एवं जरूरतमंदों की मदद और समाज के प्रति समर्पण को प्राथमिकता दी। उनके जीवन के आदर्श, संस्कार और सेवा भाव आज भी उनके लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनकी पुण्यतिथि पर जरूरतमंदों की सेवा और जनकल्याण के कार्य करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

उन्होंने कहा कि समाज के जरूरतमंद लोगों के चेहरे पर मुस्कान लाना और उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना उनके पिताजी के विचारों को आगे बढ़ाने का एक प्रयास है।

अंत में पूनम सिंह ने श्रद्धांजलि सभा, भंडारे एवं निःशुल्क नेत्र शिविर को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी क्षेत्रवासियों, वरिष्ठजनों, शुभचिंतकों एवं कानपुर साई आई अस्पताल की चिकित्सकीय टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।

Location :  Raebareli

Published :  24 November 2026, 3:22 PM IST