
कंटेनर में घुसी कार (Img : Google)
Azamgarh : आजमगढ़ में शनिवार को पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर उस वक्त दिल दहला देने वाला हादसा हो गया जब कंधरापुर थाना क्षेत्र के पास तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार आगे चल रहे कंटेनर ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और एक्सप्रेस-वे पर कुछ देर के लिए यातायात बाधित हो गया।
जानकारी के अनुसार, घटना पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के 238 माइल स्टोन के पास हुई, जब गाजीपुर से लखनऊ की ओर जा रहा एक कंटेनर ट्रक सामान्य गति से चल रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही स्विफ्ट डिजायर कार अनियंत्रित होकर सीधे ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से फंस गए।
हादसे की जानकारी डायल 112 के माध्यम से पुलिस को लगभग ढाई बजे मिली। सूचना मिलते ही कंधरापुर थाना पुलिस, क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी, सीसी टीम, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई। टीम ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और क्षतिग्रस्त वाहन से शवों को बाहर निकाला।
पत्नी से मिलने जा रहा था गाजीपुर शूटआउट केस का आरोपी, UP STF ने रास्ते में किया खेल खत्म
इस दर्दनाक सड़क दुर्घटना में कार सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। सभी शवों को एंबुलेंस की मदद से मोर्चरी भेज दिया गया है। पुलिस मृतकों की पहचान करने और उनके परिजनों से संपर्क स्थापित करने में जुटी हुई है ताकि आगे की कार्रवाई पूरी की जा सके।
एसपी यातायात पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि हादसे के बाद थाना कंधरापुर में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। शुरुआती जांच में कंटेनर ट्रक में पीछे से कार घुसने की बात सामने आई है, लेकिन दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच जारी है।
हादसे के बाद कुछ समय के लिए पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर यातायात प्रभावित रहा और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहत और बचाव कार्य पूरा होने के बाद धीरे-धीरे ट्रैफिक को सामान्य किया गया।
Location : Azamgarh
Published : 16 May 2026, 5:59 PM IST