Pratapgarh News: सई नदी में 3 लोगों के डूबने से मची चीख-पुकार, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

प्रतापगढ़ में सई नदी में नहाने गए तीन किशोर गहरे पानी में डूब गए। इनमें दो सगे भाई और उनका रिश्तेदार शामिल घटनास्थल पर मिली स्कूटी से 30 ग्राम सोना मिलने के बाद पुलिस ने उसे परिजनों को सौंप दिया। यहां पढ़ें पूरी खबर।

Post Published By: Komal Chauhan
Updated : 19 July 2026, 6:20 PM IST
google-preferred

Pratapgarh: प्रतापगढ़ जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित किशनदासपुर पुल के पास रविवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। सई नदी में नहाने गए तीन किशोर गहरे पानी में डूब गए। डूबने वालों में दो सगे भाई और उनका एक रिश्तेदार शामिल हैं। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन, SDRF और NDRF की टीमों ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। कई घंटे की तलाश के बाद एक किशोर का शव बरामद कर लिया गया, जबकि दो अन्य की खोज जारी है।

दुकान जाने से पहले नदी में नहाने पहुंचे थे किशोर

जानकारी के अनुसार अचलपुर निवासी कृष्णा सोनी (13), अनुराग सोनी (15) और उनके रिश्तेदार अमित सोनी (17) रविवार सुबह स्कूटी से सई नदी पहुंचे थे। परिजनों के मुताबिक तीनों घर से दुकान जाने की बात कहकर निकले थे, लेकिन पहले नदी में नहाने चले गए। नहाते समय वे अनजाने में गहरे पानी में पहुंच गए और डूबने लगे।

यहां भी पढ़ें: Pratapgarh: मोहर्रम से पहले प्रतापगढ़ में बड़ी कार्रवाई, राजा भैया के पिता राजा उदय प्रताप सिंह समेत 13 लोग हाउस अरेस्ट

मछुआरों ने बचाने की कोशिश की

नदी किनारे मछली पकड़ रहे मछुआरों ने किशोरों को डूबते देखा तो शोर मचाया और उन्हें बचाने का प्रयास किया। हालांकि, जब तक लोग मौके पर पहुंचे, तब तक तीनों गहरे पानी में समा चुके थे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

एक शव मिला, दो किशोरों की तलाश जारी

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों के साथ एसडीआरएफ ने नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। बाद में अयोध्या और प्रयागराज से NDRF की टीमें भी मौके पर पहुंचीं। कई घंटे की तलाश के बाद अमित सोनी का शव बरामद कर लिया गया, जबकि कृष्णा और अनुराग की तलाश लगातार जारी है।

स्कूटी से मिला 30 ग्राम सोना

घटनास्थल से पुलिस को तीनों किशोरों की चप्पलें और उनकी स्कूटी मिली। जांच के दौरान स्कूटी से करीब 30 ग्राम सोना बरामद हुआ। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद सोना परिजनों को सौंप दिया। बताया जा रहा है कि अमित के पिता राजू सोनी सर्राफा व्यवसायी हैं और ठठेरी बाजार में उनकी दुकान है।

यहां भी पढ़ें: Pratapgarh Rape Murder: सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या करके दोस्त ने की रुह कंपा देने वाली हरकत

पुलिस का बयान

सीओ सिटी आशुतोष मिश्रा ने बताया कि सुबह सूचना मिलने के तुरंत बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों, एसडीआरएफ व एनडीआरएफ की मदद से सर्च ऑपरेशन शुरू कराया गया। एक किशोर का शव बरामद हो चुका है, जबकि दो अन्य की तलाश लगातार जारी है। पुलिस पूरे मामले की जांच भी कर रही है।

Location :  Pratapgarh

Published :  19 July 2026, 6:20 PM IST

Advertisement