
दिल्ली हाईवे (IMG: Dynamite News)
Muradabad: सावन के तीसरे सोमवार को लेकर कांवड़ यात्रा के बीच मुरादाबाद पुलिस ने बड़ा ट्रैफिक प्लान जारी किया है। दिल्ली हाईवे समेत कई प्रमुख मार्गों पर शुक्रवार दोपहर दो बजे से भारी वाहनों की आवाजाही बंद कर दी जाएगी। कांवड़ियों की बढ़ती संख्या और उनकी सुरक्षा को देखते हुए यह रूट डायवर्जन लागू किया गया है। यह व्यवस्था सोमवार तक जारी रहेगी।
मुरादाबाद से दिल्ली, मेरठ और गाजियाबाद जाने वाले भारी वाहनों को अब संभल, बबराला, नरौरा, बुलंदशहर और हापुड़ के रास्ते भेजा जाएगा। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे तय किए गए वैकल्पिक मार्गों का ही इस्तेमाल करें। इसके अलावा कांठ रोड पर भी शुक्रवार से भारी वाहनों का संचालन बंद रहेगा। यातायात व्यवस्था को संभालने के लिए दिल्ली हाईवे और कांठ रोड पर जगह-जगह ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
पुलिस अधीक्षक यातायात सुभाष चंद्र गंगवार ने बताया कि सावन के तीसरे सोमवार को लेकर शुक्रवार दोपहर दो बजे के बाद रूट डायवर्जन लागू कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि हरिद्वार और ब्रजघाट से जल लेकर कांवड़िए वापस लौटने लगे हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में कांवड़ियों की संख्या और बढ़ने की संभावना है। उन्होंने कहा कि फिलहाल भारी वाहनों पर रोक लगाई गई है। अगर कांवड़ियों की संख्या ज्यादा बढ़ती है तो जरूरत पड़ने पर हल्के वाहनों के संचालन पर भी रोक लगाने का फैसला लिया जा सकता है।
शाहजहांपुर से दिल्ली जाने वाले भारी वाहनों को बदायूं, बबराला, नरौरा और बुलंदशहर के रास्ते भेजा जाएगा। वहीं मुरादाबाद से दिल्ली जाने वाले वाहन संभल, बबराला, नरौरा, बुलंदशहर और हापुड़ होकर दिल्ली पहुंचेंगे। बरेली और रामपुर से दिल्ली जाने वाले भारी वाहनों के लिए बिलारी, सिरसी, संभल, चौधरी सराय और गंगा एक्सप्रेस-वे का मार्ग तय किया गया है। मुरादाबाद से मेरठ और दिल्ली जाने वाले वाहन गांगन तिराहा, मनोटा, सिरसी, संभल, बबराला, नरौरा, डिबाई, बुलंदशहर और हापुड़ होकर जा सकेंगे। वहीं दिल्ली और गाजियाबाद से रामपुर, बरेली और लखनऊ जाने वाले भारी वाहन हापुड़, सिंभावली, डिबाई, नरौरा और बदायूं मार्ग से भेजे जाएंगे। बिजनौर और हरिद्वार की ओर जाने वाले वाहनों के लिए काशीपुर तिराहा, ठाकुरद्वारा, जसपुर, अफजलगढ़ और धामपुर का रास्ता निर्धारित किया गया है।
पुलिस प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे रूट डायवर्जन का पालन करें और किसी भी तरह की परेशानी से बचने के लिए यात्रा से पहले अपना रास्ता तय कर लें। सावन सोमवार तक कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित रखने के लिए यातायात व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है।
Location : Muradabad
Published : 14 August 2026, 12:27 PM IST