
नोएडा डीएम मेधा रूपम
Noida: उत्तर प्रदेश के सबसे हाई-प्रोफाइल जिलों में शुमार गौतम बुद्ध नगर की जिलाधिकारी (DM) मेधा रूपम ने सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग के बाद, अपना एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट निष्क्रिय कर दिया है। यह निर्णय उन्होंने उस वक्त लिया, जब सोशल मीडिया यूजर्स द्वारा उनके परिवार से जुड़े पोस्ट और तस्वीरें शेयर कर लगातार उन्हें निशाना बनाया जा रहा था।
दरअसल, यह पूरा मामला बिहार विधानसभा चुनाव में ‘SIR’ शब्द के वायरल विवाद से जुड़ा हुआ है। जिसमें अप्रत्यक्ष रूप से उनके पिता और देश के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को भी निशाने पर लिया गया। कुछ यूजर्स ने इस मुद्दे को व्यक्तिगत हमलों और परिवार तक पहुंचा दिया, जिसके चलते डीएम मेधा रूपम ने सोशल मीडिया से दूरी बनाना ही उचित समझा।
मेधा रूपम 2014 बैच की आईएएस अधिकारी हैं। जिन्हें अगस्त 2025 की शुरुआत में गौतम बुद्ध नगर की पहली महिला डीएम के तौर पर नियुक्त किया गया। इससे पहले प्रदेश सरकार द्वारा 23 आईएएस अधिकारियों का स्थानांतरण किया गया था, जिसमें मेधा रूपम को मनीष कुमार वर्मा के स्थान पर यहां तैनात किया गया। प्रशासनिक अनुभव और प्रोफेशनलिज्म के लिए पहचानी जाने वाली मेधा रूपम का यह कदम सोशल मीडिया ट्रोलिंग की गंभीरता को उजागर करता है।
सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने न केवल मेधा रूपम की पुरानी पारिवारिक तस्वीरें वायरल कीं, बल्कि उनके पिता की जिम्मेदारी को भी सवालों के घेरे में लाने की कोशिश की। एक महिला अधिकारी के रूप में उनकी नियुक्ति पर भी अवांछित टिप्पणियां की गई। मेधा आमतौर पर अपने कार्यों और सामाजिक अभियानों के जरिए सोशल मीडिया पर एक्टिव रहती थीं, उन्होंने अपने एक्स अकाउंट को ‘इनएक्टिव’ कर दिया है।
दिल्ली विश्वविद्यालय के सेंट स्टीफन कॉलेज से इकोनॉमिक्स ग्रेजुएट मेधा रूपम ने 2014 में UPSC की परीक्षा में 10वीं रैंक हासिल की थी। उनकी पहली पोस्टिंग यूपी के बरेली जिले में असिस्टेंट मजिस्ट्रेट के तौर पर हुई थी। इसके बाद वे मेरठ, हापुड़ और कासगंज जैसे जिलों में भी कई पदों पर कार्य कर चुकी हैं। मेधा रूपम का एक और विशेष परिचय यह है कि वे राष्ट्रीय स्तर की राइफल शूटर भी रह चुकी हैं और केरल स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में तीन गोल्ड मेडल जीत चुकी हैं। उनके पति मनीष बंसल इसी बैच (2014) के आईएएस अधिकारी हैं, जो वर्तमान में सहारनपुर में तैनात हैं।
Location : Noida
Published : 22 August 2025, 3:54 AM IST
Topics : Bihar SIR Gyanesh Kumar Medha Roopam Noida DM