हिंदी
मोदी कैबिनेट में जल्द हो सकता है बड़ा बदलाव (Img: Dynamite News)
New Delhi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही अपने मंत्रिमंडल में संभावित फेरबदल कर सकते हैं। मोदी कैबिनेट में बदलाव को लेकर सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई है। चर्चा है कि आगामी चुनावी समीकरणों और संगठनात्मक जरूरतों को देखते हुए मंत्रिमंडल को बढ़ाया जा सकता है। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब में होने वाले विधानसभा चुनावों के मद्देनजर यह संभावित फेरबदल बेहद अहम माना जा रहा है।
माना जा रहा है कि भाजपा आगामी चुनावी समीकरणों को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार और संगठन दोनों स्तरों पर बड़ा संदेश देने की तैयारी में है। हालांकि, मोदी सरकार या एनडीए की ओर से अभी तक मंत्रिमंडल फेरबदल को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता जॉर्ज कुरियन के मंत्री पद से मंगलावर सुबह इस्तीफा देने के बाद मोदी कैबिनेट में फेरबदल की चर्चाओं ने और जोर पकड़ लिया है। कुरियन का राज्यसभा कार्यकाल पूरा हो गया था और पार्टी ने उन्हें दोबारा उच्च सदन के लिए नामांकित नहीं किया। उनके इस्तीफे को राजनीतिक हलकों में संभावित बदलाव की शुरुआती कड़ी के तौर पर देखा जा रहा है।
सबसे ज्यादा नजर उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब पर टिकी है, जहां विधानसभा चुनाव की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है। इन राज्यों में आगामी विधानसभा चुनाव भाजपा के लिए बेहद अहम माने जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश लोकसभा की सबसे ज्यादा 80 सीटों वाला राज्य है और यहां का राजनीतिक संदेश राष्ट्रीय राजनीति को सीधे प्रभावित करता है। ऐसे में माना जा रहा है कि मंत्रिमंडल में यदि बदलाव होता है तो यूपी से आने वाले कुछ सांसदों या प्रभावशाली चेहरों को नई जिम्मेदारी दी जा सकती है। जातीय संतुलन, क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व और संगठन में सक्रिय भूमिका निभाने वाले नेताओं को प्राथमिकता मिल सकती है या उन्हें संगठात्मक आधार पर कोई बड़ी जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।
सूत्रों के हवाले से राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा का नाम भी चर्चा में बताया जा रहा है। हाल ही में आम आदमी पार्टी से अलग होकर सात सांसदों के साथ भाजपा खेमे में आए चड्ढा को नई भूमिका मिलने की अटकलें लगाई जा रही हैं। राघव चड्ढा के जरिये भाजपा पंजाब को साधने की कोशिश कर सकती है। राघव चड्ढा पंजाब से राज्य सभा सदस्य हैं। आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका देकर मोदी खैमे में आये चड्ढा को बड़ा इनाम मिल सकता है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को पंजाब से अचानक दिल्ली बुलाए जाने को भी भाजपा की रणनीतिक तैयारी से जोड़कर देखा जा रहा है और माना जा रहा है कि मोदी कैबिनेट में संभावित फेरबदल के मद्देनजर रही मंगलवार को नितिन नबीन को दिल्ली बुलाया गया।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि अगर मोदी मंत्रिमंडल में फेरबदल होता है तो यह सिर्फ सरकार का विस्तार नहीं होगा, बल्कि उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब समेत उन पांच राज्यों का राजनीतिक समीकरण को भी सुलझाने की कोशिशें होंगी, जहां विधानसभा चुनाव होने है। यह फरेबदल इन विधानसभा चुनावों से पहले भाजपा की चुनावी बिसात का अहम हिस्सा माना जाएगा।
Location : New Delhi
Published : 23 June 2026, 2:05 PM IST