
BJP MP Devendra Singh Bhole (IMG: Social Media)
Kanpur Dehat: कानपुर देहात में निकली तिरंगा यात्रा के दौरान भाजपा सांसद देवेंद्र सिंह भोले के साथ ऐसा वाकया हुआ कि उन्हें समर्थकों के सामने हाथ जोड़कर गुहार लगानी पड़ी। दरअसल, यात्रा के दौरान कुछ युवक सांसद की THAR के बोनट पर चढ़ गए और फूल-माला पहनाने की होड़ करने लगे। कार पर चढ़े युवकों को देखकर सांसद ने हाथ जोड़ते हुए कहा कि नीचे उतर जाओ, वरना कार टूट जाएगी। सांसद का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर चर्चा में है।
सांसद देवेंद्र सिंह भोले खुली THAR में सवार होकर तिरंगा यात्रा का नेतृत्व कर रहे थे। काफिला रनियां पहुंचा तो कुछ समर्थक उत्साह में उनकी THAR के बोनट पर चढ़ गए। सांसद ने उन्हें रोकते हुए हाथ जोड़कर कहा, “अरे बेटा लोग कार से उतर जाओ, टूट जाएगी।” इसके बाद उन्होंने मजाकिया लेकिन चिंतित अंदाज में कहा कि अगर कार टूट गई तो वह दूसरी कार कहां से लाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि उनके पास पैसे नहीं हैं। सांसद की अपील के बाद समर्थक नीचे उतर गए।
अकबरपुर लोकसभा क्षेत्र में निकाली गई तिरंगा यात्रा सुबह करीब 10 बजे शुरू हुई। यात्रा कानपुर नगर के भौती से शुरू होकर दोपहर करीब एक बजे रनियां पहुंची। यात्रा में 2000 से ज्यादा लोग और 150 से अधिक वाहन शामिल हुए। वाहनों को तिरंगे से सजाया गया था और डीजे पर देशभक्ति के गीत बजाए जा रहे थे। पूरे रास्ते जगह-जगह समर्थकों ने सांसद का फूल-मालाओं से स्वागत किया। सांसद देवेंद्र सिंह भोले खुली THAR में सवार होकर काफिले के साथ आगे बढ़ते रहे।
रनियां में स्थानीय लोगों और समर्थकों ने नेशनल हाईवे पर क्रेन की मदद से सांसद का माला पहनाकर स्वागत किया। स्वागत के दौरान बड़ी संख्या में लोग सड़क पर जुट गए। इसके बाद काफिले में वाहनों की संख्या और बढ़ गई। वाहनों की संख्या बढ़ने से कानपुर-इटावा हाईवे पर कुछ देर के लिए जाम की स्थिति बन गई। इससे हाईवे से गुजरने वाले दूसरे वाहन चालकों को भी परेशानी हुई।
जाम की स्थिति देखते हुए सांसद ने खुद माइक संभाला और समर्थकों से अपनी गाड़ियां एक तरफ करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़क पर दूसरे वाहनों को भी निकलने के लिए रास्ता मिलना चाहिए। इसके बाद समर्थकों ने वाहनों को व्यवस्थित करने की कोशिश की और रास्ता खाली कराया गया। देवेंद्र सिंह उर्फ भोले सिंह अकबरपुर लोकसभा सीट से लगातार तीसरी बार भाजपा सांसद हैं। तिरंगा यात्रा के दौरान सामने आए उनके हाथ जोड़कर अपील करने वाले वीडियो को लेकर अब सोशल मीडिया पर भी चर्चा हो रही है।
Location : Kanpur Dehat
Published : 20 August 2026, 6:29 AM IST