बाग से आम तोड़ने गई थी मासूम बच्ची, लेकिन घर लौटी बिना कपड़े की लाश, पढ़ें बहराइच का सनसनीखेज मामला

बहराइच में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां तीसरी कक्षा की छात्रा का झाड़ियों में बगैर कपड़े के मिलने से सनसनी फैल गई। छात्रा आम लेने निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। पुलिस ने दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई है और जांच जारी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 16 May 2026, 12:30 PM IST

Bahraich: बहराइच जिले में तीसरी कक्षा में पढ़ने वाली एक मासूम छात्रा का शव झाड़ियों में मिला। छात्रा आम लेने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी थी। शनिवार सुबह उसका शव बाग के पास मक्के के खेत में मिला।

घर से निकली थी आम लेने, फिर लापता हो गई

जानकारी के अनुसार, गांव की रहने वाली यह छात्रा प्राथमिक विद्यालय में कक्षा तीन में पढ़ती थी और शुक्रवार को वह स्कूल नहीं गई थी। सुबह वह आम तोड़ने के लिए घर से निकली थी, लेकिन उसके बाद उसका कोई पता नहीं चला। परिजनों ने काफी देर तक तलाश की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। इसके बाद ग्रामीण और पुलिस लगातार उसकी खोज में लगे रहे।

झाड़ियों में मिला शव, हालत देख लोग सन्न रह गए

शनिवार सुबह जब कुछ ग्रामीण बाग के पास खेतों की तरफ गए तो उन्हें झाड़ियों में छात्रा का शव दिखाई दिया। जैसे ही यह खबर फैली, बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। छात्रा के मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था और शरीर पर कपड़े नहीं थे, जिससे पूरे गांव में आक्रोश और दहशत फैल गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और गांव में मातम पसर गया।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर

घटना की सूचना मिलते ही एसपी विश्वजीत श्रीवास्तव, एएसपी डीपी तिवारी, क्षेत्राधिकारी महसी पवन कुमार और प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फॉरेंसिक टीम को भी साक्ष्य जुटाने के लिए लगाया गया है। अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती जांच में दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।

Location :  Bahraich

Published :  16 May 2026, 12:30 PM IST