
मुरैना के पास ट्रेन का बड़ा हादसा (img : google)
Morena: उत्तर प्रदेश के जिले मुरैना के पास रविवार शाम बड़ा रेल हादसा हो गया। आगरा मंडल के धौलपुर-हेतरामपुर रेलखंड पर उदयपुर सिटी-खुर्दा रोड एक्सप्रेस में चेन पुलिंग के बाद कुछ यात्री ट्रेन से नीचे उतर गए। इसी दौरान पास की लाइन से गुजर रही राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में आने से चार लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार ट्रेन संख्या 19665 उदयपुर सिटी-खुर्दा रोड एक्सप्रेस रविवार शाम करीब 4:33 बजे धौलपुर और हेतरामपुर स्टेशनों के बीच रुकी थी। बताया जा रहा है कि ट्रेन में किसी ने चेन पुलिंग कर दी थी, जिसके कारण ट्रेन को बीच रास्ते में रोकना पड़ा। ट्रेन रुकने के बाद कुछ यात्री कोच से उतरकर रेलवे ट्रैक के पास पहुंच गए। इसी दौरान दूसरी लाइन पर तेज रफ्तार से Rajdhani Express गुजर रही थी।
नई दिल्ली से डिब्रूगढ़ जा रही ट्रेन संख्या 20424 राजधानी एक्सप्रेस वहां से गुजर रही थी। अचानक ट्रैक पर पहुंचे यात्री उसकी चपेट में आ गए। हादसा इतना दर्दनाक था कि मौके पर ही चार लोगों की मौत हो गई। रेलवे अधिकारियों के अनुसार मृतकों में तीन महिलाएं और एक बच्ची शामिल हैं। हादसे के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में दहशत फैल गई।
रेलवे प्रशासन ने बताया कि मृतकों में अफरीन (32 वर्ष) और अजहर (8 वर्ष) की पहचान हो चुकी है। दोनों की पहचान उनके परिजन नदीम ने की। बाकी दो मृतकों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया।
हादसे के बाद अप, डाउन और तीसरी लाइन की ओएचई सप्लाई कुछ समय के लिए बंद कर दी गई, ताकि राहत कार्य में कोई परेशानी न हो। आगरा और झांसी से दुर्घटना राहत चिकित्सा यान भी मौके पर भेजे गए। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। यह पता लगाया जा रहा है कि चेन पुलिंग क्यों की गई और यात्री ट्रैक पर कैसे पहुंचे।
इस हादसे के बाद रेल यातायात कुछ समय के लिए प्रभावित रहा। कई ट्रेनों को धीमी गति से चलाया गया। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से ट्रैक पर न उतरने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है।
Location : Morena
Published : 14 June 2026, 8:01 PM IST
Topics : Morena Train Accident Rail Accident India Rajdhani Express Accident Train Accident Hindi News UP Police