
लाईनपार के प्रकाश नगर पर प्रतिमा का अनावरण ( सोर्स - रिपोर्टर )
मुरादाबाद: लाईनपार क्षेत्र के प्रकाश नगर चौक का नाम अब "महारानी अहिल्याबाई होल्कर चौक" होगा। मुरादाबाद नगर निगम द्वारा शनिवार को यह ऐतिहासिक निर्णय लोकमाता महारानी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती के अवसर पर लिया गया। इस मौके पर चौक पर महारानी अहिल्याबाई की भव्य प्रतिमा का अनावरण समारोहपूर्वक किया गया।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, प्रतिमा का अनावरण नगर निगम के महापौर विनोद अग्रवाल, विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) डॉक्टर जयपाल सिंह, नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष आकाश पाल और महानगर अध्यक्ष गिरीश भूडुला ने संयुक्त रूप से किया। समारोह में नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी, गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि और समाजसेवी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। इस अवसर पर वक्ताओं ने महारानी अहिल्याबाई के जीवन और कार्यों पर प्रकाश डाला।
वक्ताओं ने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर एक प्रजावत्सल, धर्मनिष्ठ और दूरदर्शी शासक थीं। उन्होंने न सिर्फ मालवा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास किया, बल्कि देशभर के प्रमुख तीर्थस्थलों, मंदिरों और धर्मार्थ संस्थाओं के निर्माण में भी अहम योगदान दिया। उनके शासन को सुशासन का आदर्श माना जाता है। उनके द्वारा स्थापित आदर्श आज भी समाज को प्रेरणा देते हैं।
महापौर विनोद अग्रवाल ने कहा कि महारानी अहिल्याबाई नारी सशक्तिकरण की प्रतीक थीं। उन्होंने साबित किया कि एक महिला भी उत्कृष्ट प्रशासन और समाज निर्माण में अग्रणी भूमिका निभा सकती है। एमएलसी डॉक्टर जयपाल सिंह व्यस्त ने कहा कि अहिल्याबाई का शासन मॉडल आज के नेताओं के लिए अनुकरणीय है और उनसे हमें नीति, न्याय और सेवा की प्रेरणा मिलती है।
नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल ने चौक के सौंदर्यीकरण और आसपास की सड़कों के विकास का आश्वासन दिया। इस पहल को मुरादाबाद शहर के लिए गौरवपूर्ण बताया गया, जो ऐतिहासिक विरासत और सामाजिक मूल्यों के संरक्षण की दिशा में एक सार्थक कदम है।
समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से महारानी अहिल्याबाई के जीवन मूल्यों को भी दर्शाया गया, जिससे युवाओं में नई ऊर्जा और प्रेरणा का संचार हुआ। जिससे उन्हें बहुत कुछ सिखने और जानने को मिला। अहिल्याबाई के जीवन के संबधित चीजों को भी दर्शाया गया है।
Location : Moradabad
Published : 31 May 2025, 3:09 PM IST
Topics : Maharani Ahilyabai Holkar Chowk Moradabad Latest News Moradabad Municipal Corporation moradabad news Prakash Nagar Chowk