हिंदी
यात्री शेड में लगी नेताजी की तस्वीरें फाड़ी गईं ( सोर्स- रिपोर्टर )
मुरादाबाद: जनपद के थाना बिलारी क्षेत्र में पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी (सपा) के संस्थापक मुलायम सिंह यादव की स्मृति में बनाए जा रहे उपवन में तोड़फोड़ की घटना सामने आई है। इस उपवन में लगे यात्री शेड पर लगाए गए पोस्टरों को अज्ञात शरारती तत्वों द्वारा फाड़ दिया गया। इस घटना से सपा कार्यकर्ताओं में रोष व्याप्त है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, घटना की जानकारी मिलते ही बिलारी विधानसभा से सपा विधायक हाजी मोहम्मद फहीम इरफान मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने इस कृत्य की कड़ी निंदा करते हुए कहा, “कुछ नफरती ताकतें नहीं चाहतीं कि नेताजी (मुलायम सिंह यादव) की स्मृति में यह उपवन बने। लेकिन हम इसे हर हाल में बनाएंगे और जरूरत पड़ी तो इसके लिए अपनी जान तक कुर्बान कर देंगे।”
सपा विधायक हाजी मोहम्मद फहीम इरफान ( बाएं )
15 मई को समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रोफेसर रामगोपाल यादव, पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव और अक्षय प्रताप सिंह यादव सहित कई दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में इस उपवन का विधिवत भूमि पूजन किया गया था। यह उपवन सपा विधायक हाजी मोहम्मद फहीम इरफान के प्रयासों से बन रहा है और इसे मुलायम सिंह यादव की सामाजिक व राजनीतिक विरासत के प्रतीक के रूप में देखा जा रहा है।
इस घटना को सपा नेताओं ने सोची-समझी साजिश करार दिया है। विधायक फहीम इरफान ने इस संबंध में थाना बिलारी में अज्ञात लोगों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि दोषियों की शीघ्र पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
घटना के बाद स्थानीय पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सीसीटीवी फुटेज और आसपास के लोगों से पूछताछ कर दोषियों की पहचान की जाएगी।
इस घटना के बाद सपा कार्यकर्ताओं में काफी नाराजगी देखी जा रही है। उनका कहना है कि नेताजी की स्मृति में बन रहे उपवन के साथ छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं, विधायक फहीम इरफान ने साफ कहा कि उपवन का निर्माण तय समय पर पूरा किया जाएगा और मुलायम सिंह यादव की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
Location : Moradabad
Published : 18 May 2025, 5:48 PM IST
Topics : bilari police station Crime in Moradabad SP founder Mulayam Singh Yadav SP workers Vandalism in the garden
No related posts found.