
जयंत चौधरी के साथ मिले मोहम्मद शमी
Lucknow: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी और राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी की मुलाकात के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। जयंत चौधरी ने रविवार को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शमी के साथ तस्वीर साझा की, जिसके बाद अमरोहा में शमी या उनके परिवार की संभावित राजनीतिक भूमिका को लेकर कयास लगाए जाने लगे हैं।
हालांकि, अभी तक मोहम्मद शमी या रालोद की ओर से राजनीति में प्रवेश, चुनाव लड़ने या पार्टी में शामिल होने को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
मोहम्मद शमी लंबे समय से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से दूर चल रहे हैं। उन्होंने भारत के लिए अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला 9 मार्च 2025 को न्यूजीलैंड के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल में खेला था। इस टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए उन्होंने नौ विकेट हासिल किए थे और आईसीसी की ‘टीम ऑफ द टूर्नामेंट’ में भी जगह बनाई थी।
इसके बाद से वह भारतीय टीम में वापसी नहीं कर पाए हैं। मई 2026 में मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने कहा था कि अफगानिस्तान सीरीज के लिए शमी के नाम पर चर्चा नहीं हुई थी, क्योंकि टीम को जानकारी दी गई थी कि वह फिलहाल टी-20 प्रारूप के लिए उपलब्ध हैं।
राष्ट्रीय टीम से बाहर रहने के दौरान शमी ने घरेलू क्रिकेट में बंगाल की ओर से शानदार प्रदर्शन किया। 2025-26 सत्र में रणजी ट्रॉफी, विजय हजारे ट्रॉफी और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में उन्होंने कुल 67 विकेट हासिल किए।
इसके बावजूद सितंबर में वेस्टइंडीज के खिलाफ घोषित वनडे टीम में उन्हें जगह नहीं मिली। करीब डेढ़ साल से टीम इंडिया से बाहर चल रहे शमी की जयंत चौधरी से मुलाकात को इसी पृष्ठभूमि में देखा जा रहा है।
मोहम्मद शमी पहले भी राजनीति में आने के सवाल पर अपनी बात रख चुके हैं। अप्रैल 2026 में जब उनसे इस बारे में पूछा गया था तो उन्होंने कहा था कि फिलहाल उनका ध्यान क्रिकेट पर है, लेकिन उन्होंने भविष्य में राजनीति में आने की संभावना को पूरी तरह खारिज नहीं किया था।
वहीं, शमी ने 2023 में अपने करियर के शुरुआती दौर से जुड़ा एक अनुभव साझा किया था, जिसमें उन्होंने उत्तर प्रदेश रणजी टीम के चयन ट्रायल से जुड़ी परेशानियों का जिक्र किया था। इसके बाद उन्होंने बंगाल की ओर से क्रिकेट खेलना शुरू किया था।
अब जयंत चौधरी से मुलाकात के बाद सवाल उठ रहे हैं कि क्या मोहम्मद शमी क्रिकेट के मैदान के बाद राजनीति की पिच पर भी नई शुरुआत कर सकते हैं। हालांकि, इस संबंध में अंतिम फैसला या घोषणा अभी सामने नहीं आई है।
Location : Lucknow
Published : 21 September 2026, 9:41 AM IST
Topics : Mohammed Shami Cricket Career Mohammed Shami Jayant Chaudhary Meeting Mohammed Shami Politics News RLD News UP Assembly Election 2027