कागजों पर इलाज या मरीजों से खिलवाड़? जननी सुरक्षा से लेकर दवा वितरण तक के रजिस्टरों में महीनों से नहीं हुई एंट्री

मिर्जापुर के जिलाधिकारी ने हलिया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया, जहां रिकॉर्ड में भारी गड़बड़ी, गंदगी और कर्मचारियों के एडवांस हस्ताक्षर जैसी गंभीर कमियां मिलीं। बिना बताए गायब प्रभारी चिकित्साधिकारी और फार्मासिस्ट के खिलाफ प्रतिकूल प्रविष्टि के निर्देश देते हुए सीएमओ से दो दिन में रिपोर्ट मांगी गई है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 5 July 2026, 3:06 PM IST

Mirzapur: हलिया विकास खंड क्षेत्र के भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार और मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. कीर्ति कुमार मिश्रा के साथ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और उच्चीकृत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हलिया का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की व्यवस्थाओं में गंभीर लापरवाही सामने आई।

रजिस्टर और पत्रावलियां नहीं मिलीं

जिलाधिकारी ने ओपीडी, संचारी रोग नियंत्रण, आयुष्मान भारत, जननी सुरक्षा योजना और मरीजों से जुड़े रजिस्टर व पत्रावलियां मांगीं, लेकिन मौके पर कोई व्यवस्थित रिकॉर्ड नहीं मिला। जननी सुरक्षा योजना का रिकॉर्ड कंप्यूटर से निकालकर दिखाया गया, जिसमें 6 अप्रैल 2026 के बाद कोई आंकड़ा दर्ज नहीं था।

Mirzapur News: शातिर वाहन चोर गिरफ्तार, फर्जी नंबर प्लेट लगाकर बेचने की फिराक में था आरोपी

एडवांस हस्ताक्षर और अवकाश में गड़बड़ी

उपस्थिति रजिस्टर की जांच में कई कर्मचारियों के एडवांस हस्ताक्षर पाए गए। कुछ जगह हस्ताक्षर काटकर सीएल लिखा गया था। संविदा कर्मचारियों के अवकाश में भी अनियमितता मिली। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अवधेश कुमार बिना अवकाश स्वीकृति के कानपुर गए हुए पाए गए।

प्रतिकूल प्रविष्टि के निर्देश

जिलाधिकारी ने प्रभारी चिकित्साधिकारी की लापरवाही को गंभीर मानते हुए मुख्य चिकित्साधिकारी को उनके खिलाफ प्रतिकूल प्रविष्टि देने का निर्देश दिया। फार्मासिस्ट अजय कुमार कुशवाहा के खिलाफ भी विशेष प्रतिकूल प्रविष्टि देने को कहा गया।

दवा वितरण में भी लापरवाही

उच्चीकृत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में दवा वितरण कक्ष की जांच के दौरान दवा वितरण का कोई अपडेट रिकॉर्ड नहीं मिला। रजिस्टर में 11 नवंबर 2025 के बाद कोई एंट्री दर्ज नहीं थी। जिलाधिकारी ने सीएमओ को दो दिन के भीतर विस्तृत जांच रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।

मलहम-पट्टी कक्ष में गंदगी

मलहम-पट्टी कक्ष में भारी गंदगी मिली। हाईजीनिक रूई की जगह सामान्य रूई रखी थी। दवाइयां और अन्य सामग्री खुले में पड़ी थीं। वार्ड कर्मी बिना ग्लव्स के काम करते मिले। जिलाधिकारी ने इसे संक्रमण फैलने की आशंका बताते हुए व्यवस्था सुधारने की चेतावनी दी।

Mirzapur: मिर्जापुर में सराफा व्यापारी लूटकांड में बड़ा खुलासा, तीन गिरफ्तार; जानिये कैसे रची थी खौफनाक साजिश?

सीएमओ को जांच के आदेश

जिलाधिकारी ने कहा कि अस्पताल में मिली अव्यवस्थाएं घोर लापरवाही का प्रमाण हैं। उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी को हलिया सहित अन्य अस्पतालों का भी निरीक्षण कर व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने और पारदर्शिता के साथ मरीजों को सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

Location :  Mirzapur

Published :  5 July 2026, 3:06 PM IST