नीला ड्रम हत्याकांड: जेल में मनेगा मुस्कान की लाली का बर्थडे, पुलिस वाले देंगे गिफ्ट और खिलौने

नीले ड्रम हत्याकांड में सजा काट रही मुस्कान की छोटी बेटी का जन्मदिन जेल में मनाया जाएगा। जेल प्रशासन बच्ची को कपड़े, मिठाई और खिलौने देगा। वहीं, मुस्कान ने अपनी बेटी पीहू से मिलने की इच्छा जताई है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 24 November 2026, 2:26 PM IST

Meerut News: मेरठ के चर्चित नीले ड्रम हत्याकांड में सजा काट रही मुस्कान की छोटी बेटी का जन्मदिन अब जेल की चारदीवारी के भीतर मनाया जाएगा। इस खास मौके पर मेरठ जेल प्रशासन बच्ची को नए कपड़े, मिठाई और खिलौने उपहार में देगा। जेल प्रशासन का कहना है कि जेल में रहने वाले मासूम बच्चों का बचपन किसी तरह प्रभावित न हो, इसके लिए उनके जन्मदिन को भी सामान्य बच्चों की तरह मनाने की परंपरा है। इसी के तहत मुस्कान की बेटी का जन्मदिन भी अन्य बच्चों की तरह मनाया जाएगा।

जेल में पांच बच्चे अपनी मां के साथ रह रहे

मेरठ जेल के वरिष्ठ अधीक्षक वीरेश राज शर्मा के मुताबिक, फिलहाल जेल में छह साल से कम उम्र के पांच बच्चे अपनी मां के साथ रह रहे हैं। इन बच्चों का अपना कोई दोष नहीं है, लेकिन माता-पिता के अपराध के कारण उन्हें भी जेल में रहना पड़ रहा है। ऐसे में जेल प्रशासन की कोशिश रहती है कि बच्चों को यह महसूस न हो कि उनका बचपन दूसरे बच्चों से अलग है या उनकी खुशियों को नजरअंदाज किया जा रहा है।

वरिष्ठ जेल अधीक्षक ने बताया कि जेल में छह साल तक के बच्चों का जन्मदिन मनाने की परंपरा है। इसी परंपरा के तहत मुस्कान की छोटी बेटी का जन्मदिन भी मनाया जाएगा। इस दौरान बच्ची को कपड़े, मिठाई और खिलौने दिए जाएंगे।

जेल कर्मचारी और महिला बंदी मिलकर मनाते हैं जन्मदिन

जेल प्रशासन के मुताबिक, बच्चों के जन्मदिन पर जेल कर्मचारी और महिला बंदी मिलकर आयोजन करते हैं। इस दौरान बच्चों को नए कपड़े, मिठाई और खिलौने उपहार में दिए जाते हैं। साथ ही उनकी जरूरतों का भी ध्यान रखा जाता है।

मुस्कान का पुलिस की गिरफ्त में फोटो (Image: X)

वीरेश राज शर्मा ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य बच्चों को सम्मान और अपनापन महसूस कराना है। जेल प्रशासन चाहता है कि बच्चे खुद को समाज का सम्मानित नागरिक समझें। जब वे भविष्य में जेल से बाहर निकलकर सामान्य जीवन में लौटें, तो उनके मन में यह मलाल न रहे कि जेल में रहने के कारण उनका जन्मदिन नहीं मनाया गया या उनकी खुशियों की अनदेखी हुई।

प्रशासन का मानना है कि माता-पिता के अपराध की सजा बच्चों को नहीं मिलनी चाहिए। इसलिए जेल में रहने के दौरान भी उनके बचपन और खुशियों का ध्यान रखने की कोशिश की जाती है।

बड़ी बेटी पीहू से मिलना चाहती है मुस्कान

इस बीच मुस्कान ने अपनी बड़ी बेटी पीहू से मिलने की इच्छा भी जताई है। जानकारी के मुताबिक, मुस्कान के वकील उससे मिलने जेल पहुंचे थे। इसी दौरान उसने वकील के माध्यम से अपने परिवार तक बेटी से मिलने की इच्छा का संदेश भिजवाया।

वरिष्ठ जेल अधीक्षक वीरेश राज शर्मा ने बताया कि यदि मुस्कान की ओर से इस संबंध में कोई पत्र दिया जाता है तो उसे नियमानुसार परिवार तक पहुंचाया जाएगा। फिलहाल जेल प्रशासन को मुस्कान की ओर से पत्र मिलने का इंतजार है। इसके बाद नियमानुसार आगे की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।

Location :  Meerut

Published :  24 November 2026, 2:26 PM IST