कानपुर में चार मंजिला इमारत में भीषण आग, इलाके में हड़कंप

कानपुर के फीलखाना थाना क्षेत्र स्थित मनीराम बगिया में शुक्रवार को एक चार मंजिला भवन में भीषण आग लगने से अफरातफरी मच गई। आग भूतल पर बनी दुकानों में लगी थी, जबकि ऊपरी मंजिलों पर कई लोग फंसे हुए थे। दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 22 May 2026, 2:52 PM IST

Kanpur: कानपुर के फीलखाना थाना क्षेत्र में शुक्रवार को उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब मनीराम बगिया इलाके की एक चार मंजिला इमारत में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भूतल पर बनी दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया और पूरे इलाके में धुएं का गुबार फैल गया। आग लगने की खबर मिलते ही आसपास के लोगों में चीख-पुकार मच गई, क्योंकि इमारत की ऊपरी मंजिलों पर कई लोग फंसे हुए थे। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग हरकत में आया और तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। संकरी गलियों और धुएं से भरे माहौल के बीच फायर ब्रिगेड की टीम ने जिस तेजी से कार्रवाई की, उससे एक बड़ा हादसा टल गया।

कई दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं

जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को मिनी कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि मनीराम बगिया स्थित मकान संख्या 32/125 में आग लग गई है। सूचना मिलते ही मुख्य अग्निशमन अधिकारी के निर्देश पर फायर स्टेशन लाटूश रोड, कर्नलगंज और फजलगंज से पांच दमकल गाड़ियों को तत्काल मौके के लिए रवाना किया गया। जब दमकल कर्मी घटनास्थल पर पहुंचे तो वहां का मंजर बेहद डरावना था। चार मंजिला भवन के नीचे बनी दुकानों से आग की ऊंची लपटें निकल रही थीं और धुआं पूरी बिल्डिंग में भर चुका था। आग की वजह से ऊपरी मंजिलों पर मौजूद लोग बाहर नहीं निकल पा रहे थे। कई लोग खिड़कियों और छत से मदद की गुहार लगा रहे थे।

कानपुर किडनी कांड में डॉक्टर दंपती को बड़ा झटका, कोर्ट ने खारिज की जमानत अर्जी

छत के रास्ते चलाया गया रेस्क्यू ऑपरेशन

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मुख्य अग्निशमन अधिकारी के नेतृत्व में सबसे पहले लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का फैसला लिया गया। संकरी गली होने की वजह से दमकल वाहनों को अंदर तक पहुंचने में भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दमकल टीम ने सूझबूझ दिखाते हुए पड़ोस की इमारत की छत तक पहुंच बनाई और फिर वहां से फंसलोगों को सुरक्षित नीचे उतारा। धुएं और आग के बीच चलाया गया यह रेस्क्यू ऑपरेशन काफी चुनौतीपूर्ण रहा। कई लोग दहशत में थे, लेकिन दमकल कर्मियों ने एक-एक कर सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

काफी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू

रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने के बाद दमकल विभाग ने आग बुझाने का काम तेज किया। संकरी गलियों के कारण पाइप लाइन काफी दूरी से बिछानी पड़ी। दमकल कर्मियों ने चारों तरफ से पानी की बौछार कर आग को फैलने से रोकने की कोशिश की। काफी देर तक चली मशक्कत के बाद आखिरकार आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। फायर ब्रिगेड की तत्परता की वजह से आग आसपास की दुकानों और इमारतों तक नहीं फैल सकी, वरना यह हादसा और भी बड़ा रूप ले सकता था।

कानपुर में साइबर ठगी का बड़ा खुलासा, खेतों से चल रहा था ‘जामताड़ा स्टाइल’ नेटवर्क, 8 गिरफ्तार

इलाके में देर तक बना रहा दहशत का माहौल

घटना के दौरान पूरे इलाके में अफरातफरी का माहौल बना रहा। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए थे। धुएं और आग की लपटों की वजह से आसपास के लोगों में डर का माहौल था। पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और इलाके को खाली कराया गया ताकि राहत और बचाव कार्य में कोई परेशानी न हो।

Location :  Kanpur

Published :  22 May 2026, 2:52 PM IST