गाजियाबाद की 200 झुग्गियों में अग्निकांड, एक के बाद एक हो रहे सिलेंडर ब्लास्ट, 10 KM दूर तक दिखा धुआं

गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के कनवानी गांव में गुरुवार दोपहर भीषण आग लगने से 150 से 200 झुग्गियां जलकर खाक हो गईं। सिलेंडर ब्लास्ट से दहशत फैल गई और धुएं का गुबार 10 किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया। दमकल की कई गाड़ियां मौके पर आग बुझाने में जुटी हैं, फिलहाल कोई हताहत नहीं।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 16 April 2026, 2:32 PM IST

Ghaziabad: गाजियाबाद के इंदिरापुरम इलाके में गुरुवार दोपहर अचानक भड़की आग ने देखते ही देखते भयावह रूप ले लिया। झुग्गी बस्ती में लगी इस आग के साथ सिलेंडरों के लगातार हो रहे धमाकों ने पूरे इलाके को दहला दिया। चारों तरफ चीख-पुकार, धुएं का गुबार और जान बचाने की जद्दोजहद का मंजर नजर आया।

कैसे लगी आग और क्या है स्थिति?

दोपहर करीब 12 बजे कनवानी गांव की झुग्गी बस्ती में अचानक आग लग गई। शुरुआत में छोटी दिख रही आग कुछ ही मिनटों में फैलती चली गई और देखते ही देखते सैकड़ों झुग्गियों को अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग इतनी तेज थी कि कुछ ही समय में पूरा इलाका धुएं से भर गया। करीब 10 किलोमीटर दूर से भी धुएं का काला गुबार साफ दिखाई दे रहा था। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है।

सिलेंडर ब्लास्ट से बढ़ी दहशत

आग के बीच झुग्गियों में रखे गैस सिलेंडरों में लगातार धमाके होते रहे, जिससे हालात और भयावह हो गए। लोग अपनी जान बचाने के लिए घरों से जरूरी सामान और सिलेंडर लेकर भागते नजर आए। अफरा-तफरी के इस माहौल में बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग सभी सुरक्षित जगहों की ओर भागते दिखे। कई लोगों का सारा सामान जलकर खाक हो गया।

दमकल और प्रशासन की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग हरकत में आया और मौके पर फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां पहुंच गईं। फिलहाल आठ दमकल गाड़ियां आग बुझाने में जुटी हैं, जबकि नोएडा से भी अतिरिक्त गाड़ियां मंगाई गई हैं। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर आसपास के घरों को खाली कराना शुरू कर दिया है। एंबुलेंस भी मौके पर तैनात हैं और नजदीकी अस्पतालों को अलर्ट कर दिया गया है।

डीएम का बयान और राहत कार्य

जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने बताया कि 150 से 200 झुग्गियों में आग लगी है। उन्होंने कहा कि इस इलाके में कबाड़ का काम होता था और वहीं काम करने वाले लोग झुग्गियां बनाकर रहते थे। डीएम के अनुसार, सूचना मिलते ही तुरंत अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई थी और अब आग को फैलने से रोक लिया गया है। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन अगर किसी के लापता होने की खबर मिलती है तो सर्वे कराया जाएगा।

इलाके में दहशत, लोगों का सब कुछ जलकर खाक

इस भीषण आग ने सैकड़ों परिवारों को बेघर कर दिया है। जिन लोगों ने सालों की मेहनत से अपना आशियाना बनाया था, वह कुछ ही मिनटों में राख में तब्दील हो गया। फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है, लेकिन इस हादसे ने एक बार फिर झुग्गी बस्तियों में सुरक्षा इंतजामों पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

Location :  Ghaziabad

Published :  16 April 2026, 2:32 PM IST