Site icon Hindi Dynamite News

मनोज सिंह बने महराजगंज के नए एआरटीओ प्रशासन, बरेली से हुआ तबादला

मनोज सिंह बने महराजगंज के नए एआरटीओ प्रशासन। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट
Post Published By: Rohit Goyal
Published:
मनोज सिंह बने महराजगंज के नए एआरटीओ प्रशासन, बरेली से हुआ तबादला

महराजगंज: लंबे समय से खाली चल रहे जनपद के चर्चित कार्यालय के लिए उत्तर प्रदेश शासन ने परिवहन विभाग में बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए मनोज सिंह को महराजगंज का नया एआरटीओ (प्रशासन) नियुक्त किया है। मनोज सिंह इससे पहले बरेली में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) के पद पर कार्यरत थे। उनका तबादला महराजगंज के लिए किया गया है, जहां वह जल्द ही कार्यभार ग्रहण करेंगे।

मनोज सिंह को एक अनुशासित, सख्त प्रशासक और ईमानदार अधिकारी के रूप में जाना जाता है। बरेली में उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान सड़क सुरक्षा, वाहन पंजीकरण, लाइसेंस प्रक्रिया और अवैध वाहनों पर नियंत्रण जैसे मुद्दों पर प्रभावी काम किया था। अब महराजगंज जैसे सीमावर्ती जिले में उनकी तैनाती से लोगों को उम्मीद है कि जिले में ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार होगा और परिवहन विभाग में पारदर्शिता आएगी।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार महराजगंज जिला नेपाल सीमा से सटा हुआ है, जहां पर मालवाहक और सवारी वाहनों की भारी आवाजाही होती है। इसके साथ ही यहां ओवरलोडिंग, अवैध संचालन, बिना नंबर प्लेट वाले वाहन और असंगठित ऑटो संचालन जैसी समस्याएं लगातार बनी रहती हैं। इन चुनौतियों से निपटना मनोज सिंह के लिए एक बड़ी जिम्मेदारी होगी।

परिवहन विभाग के सूत्रों के अनुसार, मनोज सिंह ने बरेली में कई बार विशेष जांच अभियान चलाकर अवैध वाहनों पर कार्रवाई की थी। अब उनकी यह कार्यशैली महराजगंज में भी देखने को मिल सकती है। नए एआरटीओ के आने के बाद उम्मीद है कि परिवहन कार्यालय में आम जनता को समय पर सेवाएं मिलेंगी और बिचौलियों पर भी अंकुश लगेगा।

मनोज सिंह की नियुक्ति पर जिले के प्रबुद्ध जनों, व्यापारियों और आम नागरिकों ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है। उनका मानना है कि एक सशक्त और अनुभवशील अधिकारी के आने से जिले में परिवहन व्यवस्था में नया बदलाव दिखाई देगा।

अब सभी की निगाहें इस पर टिकी हैं कि मनोज सिंह किस तरह जिले की परिवहन प्रणाली को बेहतर बनाने की दिशा में कार्य करते हैं। उनके नेतृत्व में विभाग से आम जनता को अधिक पारदर्शी और समयबद्ध सेवाएं मिलने की उम्मीद है।

Exit mobile version