
बारिश और तेज आंधी का अलर्ट (Img : pinterest)
Lucknow : उत्तर प्रदेश में मानसून अब धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ रहा है। हालांकि प्रदेश के कई हिस्सों में अभी भी उमस और तेज गर्मी लोगों को परेशान कर रही है, लेकिन मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए राहत भरी खबर दी है। विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, अगले एक सप्ताह के दौरान पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना है। इसके चलते लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, देश के मध्य हिस्सों के साथ-साथ उत्तर प्रदेश में भी मानसून की गतिविधियां तेज होने वाली हैं। इसका असर प्रदेश के अधिकांश जिलों में देखने को मिलेगा। कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है।
पूर्वी उत्तर प्रदेश की बात करें तो 4 से 6 जुलाई के बीच हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं 7 से 10 जुलाई के दौरान मानसून के पूरी तरह सक्रिय होने से अधिकांश जिलों में अच्छी बारिश होने के आसार हैं। इस दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी दर्ज की जा सकती है। जिससे जलभराव जैसी स्थिति पैदा हो सकती है।
यूपी में मानसून के बीच उमस का अटैक: चिपचिपी गर्मी बढ़ाएगी परेशानी, जानिये अपने जिले का हाल
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी मौसम का मिजाज बदलने वाला है। यहां 4 से 7 जुलाई के बीच कई जिलों में बारिश की संभावना है। इसके बाद 8 से 10 जुलाई तक भी बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। मौसम विभाग ने 4 जुलाई, 7-8 जुलाई और 9-10 जुलाई को कुछ इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
बारिश के साथ तेज आंधी और बिजली गिरने की भी चेतावनी दी गई है। विशेष रूप से 7 और 8 जुलाई को कई जिलों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं 8 से 10 जुलाई के बीच कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ तेज हवा का असर देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा मौसम से जुड़ी आधिकारिक चेतावनियों पर नजर बनाए रखने की अपील की है। किसानों को भी मौसम को ध्यान में रखते हुए कृषि कार्य करने की सलाह दी गई है। आने वाले दिनों में मानसून की सक्रियता बढ़ने से प्रदेश के लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है, लेकिन भारी बारिश और आंधी के चलते सतर्कता बरतना बेहद जरूरी रहेगा।
Location : Lucknow
Published : 4 July 2026, 9:40 PM IST