महराजगंज में बाढ़ अलर्ट! त्रिमुहानी घाट पहुंचे डीएम-एसपी, 24×7 निगरानी के निर्देश

महराजगंज के त्रिमुहानी घाट पर डीएम गौरव सिंह सोगरवाल और एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने निरीक्षण किया। तटबंध, जलस्तर और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर 24x7 निगरानी के निर्देश दिए।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 28 September 2026, 11:43 AM IST

महराजगंज: जिले में संभावित जलभराव और नदी क्षेत्र की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड पर है। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने सोमवार को त्रिमुहानी घाट का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने तटबंधों की स्थिति, नदी के जलस्तर और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

डीएम और एसपी ने संबंधित अधिकारियों को क्षेत्र में 24x7 निगरानी, नियमित गश्त और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

तटबंधों और जलस्तर की स्थिति परखी

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने घाट क्षेत्र में पहुंचकर तटबंधों की मजबूती, नदी के बहाव और वर्तमान जलस्तर की जानकारी ली।

मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों से क्षेत्र की स्थिति के बारे में जानकारी लेते हुए संभावित खतरे से निपटने की तैयारियों की समीक्षा की गई।

सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

डीएम और एसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि नदी और तटबंध क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जाए। किसी भी अप्रिय स्थिति या जलस्तर में अचानक बदलाव की सूचना तुरंत उच्चाधिकारियों तक पहुंचाई जाए।

उन्होंने कहा कि आम लोगों की सुरक्षा को देखते हुए घाट क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखी जाए और जिम्मेदार अधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरता से पालन करें।

प्रशासन की टीम रहेगी अलर्ट

प्रशासन ने नदी क्षेत्र में आने-जाने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर भी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।

संयुक्त निरीक्षण के दौरान सदर तहसीलदार पंकज शाही समेत संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। प्रशासन का कहना है कि जिले में कानून-व्यवस्था के साथ-साथ प्राकृतिक परिस्थितियों पर भी लगातार नजर रखी जा रही है।

Location :  Maharajganj

Published :  28 September 2026, 11:43 AM IST