
उत्तर प्रदेश में मानसून और बारिश को लेकर बड़ा अपडेट (Img: pexels)
Lucknow: उत्तर प्रदेश के कुछ जनपदों में भीषण गर्मी पड़ रही है और लोगों को मानसून का इंतजार है। लेकिन अब उत्तर प्रदेश के मानसून और बारिश को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। देश में मानसून का चक्र तेजी से बदल रहा है और इसका प्रभाव उत्तर प्रदेश पहुंचने वाले मानसून पर भी देखा जा रहा है। यूपी पहुंचने वाला मानसून दो राज्यों में अटक गया है, जिससे मानसून के राज्य में पहुंचने में देरी हो रही है। मौसम वैज्ञानिकों और अब तक के रिकार्ड के अनुसार 20 और 22 जून तक अक्सर उत्तर प्रदेश में मानसून दस्तक दे देता है लेकिन इस बार इसमें लगभग दो दिन की देरी हो सकती है।
मौसम विभाग की मानें तो अब 24 जून के बाद ही मानसून उत्तर प्रदेश में दस्तक दे सकता है। इसके बाद ही पहले चरण में राज्य के लगभग 20 जिलों के लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है। इसके एक-दो दिन बाद यूपी के लगभग हर जिले में मानसून दस्तक दे सकता है। ऐसे में साफ है कि यूपी वालों को फिलहाल 5 दिनों तक गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मानसून पश्चिम बंगाल और बिहार तक पहुंचने के बाद धीमा पड़ गया है। आमतौर पर उत्तर प्रदेश में मानसून 20 से 22 जून के बीच दस्तक दे देता है, लेकिन इस बार इसके आगे बढ़ने की रफ्तार कम हो गई है। मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल प्रदेश में मानसून के अग्रसरण के लिए अनुकूल परिस्थितियां नहीं बन रही हैं। विशेषज्ञों के मुताबिक मानसून लगभग 48 घंटे की देरी से चल रहा है और आने वाले दिनों में मौसम की स्थिति का लगातार आकलन किया जा रहा है।
मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में फिलहाल कोई सक्रिय मौसम तंत्र मौजूद नहीं है। इसी कारण तापमान में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। कई जिलों में लू की स्थिति बनी हुई है और अगले पांच दिनों तक इसमें कमी आने की संभावना कम है। हालांकि कुछ इलाकों में हल्की बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं, लेकिन इससे गर्मी से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। दिन के समय तेज धूप और उमस लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती है।
मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में लू को लेकर चेतावनी जारी की है। प्रयागराज, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, गोंडा, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, मेरठ, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल और बदायूं समेत आसपास के क्षेत्रों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। विशेषज्ञों ने बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है।
राजधानी लखनऊ में भी गर्मी का असर लगातार बढ़ रहा है। गुरुवार को सुबह से ही तेज धूप रही और दिन के समय कुछ स्थानों पर बादलों की आवाजाही देखने को मिली। 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चलीं, लेकिन इससे तापमान में कोई खास कमी नहीं आई। शहर का अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.4 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से लगभग 3 डिग्री ज्यादा है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई है।
गुरुवार को बांदा प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा। यहां अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक है। दूसरी ओर बिजनौर में न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री कम रहा। मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल सिंह के अनुसार प्रदेश में केवल छिटपुट मौसमी गतिविधियां देखने को मिल रही हैं। गाजीपुर, गोरखपुर और बहराइच जैसे जिलों में लू का असर अधिक रहा। उन्होंने कहा कि कहीं-कहीं बूंदाबांदी या हल्की बारिश की संभावना जरूर है, लेकिन अगले पांच दिनों तक गर्मी और लू की स्थिति बनी रहने की आशंका है।
मौसम विभाग के ताजा अनुमान के अनुसार उत्तर प्रदेश में मानसून के प्रवेश के लिए अभी अनुकूल परिस्थितियां नहीं बनी हैं। ऐसे में प्रदेशवासियों को कुछ और दिनों तक गर्मी और उमस झेलनी पड़ सकती है। फिलहाल सभी की निगाहें 24 जून के बाद मानसून की संभावित दस्तक पर टिकी हुई हैं।
Location : Lucknow
Published : 19 June 2026, 8:23 PM IST