लखनऊ में बिजली संकट से हाहाकार, दो दिन अंधेरे में रहे लोग, विभाग के खिलाफ सड़कों पर उतरे

लखनऊ के दुबग्गा समेत कई इलाकों में ट्रांसफार्मर जलने से सैकड़ों परिवार 43 घंटे तक बिजली और पानी संकट से जूझते रहे। लगातार शिकायतों के बावजूद राहत नहीं मिलने पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और सड़कों पर प्रदर्शन शुरू हो गया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 28 May 2026, 9:55 AM IST

Lucknow: राजधानी लखनऊ में बिजली संकट लगातार गहराता जा रहा है। दुबग्गा, काकोरी, गोसाईंगंज, उत्तरेटिया, फैजुल्लागंज और दाऊद नगर समेत कई इलाकों में घंटों बिजली गुल रहने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सबसे खराब स्थिति दुबग्गा उपकेंद्र क्षेत्र की रही, जहां ट्रांसफार्मर जलने से करीब 300 परिवारों और व्यापारियों की बिजली 43 घंटे तक ठप रही। बिजली न होने से लोग पानी तक के लिए तरस गए। नाराज लोगों ने प्रदर्शन कर बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

दुबग्गा में 43 घंटे तक ठप रही बिजली

रामपुर भूहर इलाके में सोमवार रात करीब 10:30 बजे बिजली आपूर्ति बंद हो गई थी, जो बुधवार शाम 7:30 बजे बहाल हो सकी। स्थानीय उपभोक्ताओं आलोक कुमार गुप्ता, राहुल पटेल, पवन मौर्या, अमित कुमार, अंकित, विकास यादव, दिलीप यादव, प्रशांत और सर्वेश ने बताया कि जले ट्रांसफार्मर को बदलने के लिए कई बार एसडीओ को फोन किया गया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। लगातार अनदेखी के बाद लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया।

UP Electricity Crisis: भीषण गर्मी में बिजली संकट से परेशान जनता, गोंडा समेत कई जिलों में विरोध प्रदर्शन

लोगों का कहना है कि 27 मई को मुख्य अभियंता राम कुमार से फोन पर शिकायत किए जाने के बाद ट्रांसफार्मर बदलने की प्रक्रिया शुरू हुई। ओवरलोडिंग से दोबारा ट्रांसफार्मर न जले, इसके लिए विभाग ने यहां एक अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाया है। साथ ही एबीसी के नए सर्किट भी बनाए गए हैं। एक्सईएन अमित आनंद ने बताया कि सभी कार्य पूरा होने के बाद बुधवार शाम बिजली आपूर्ति शुरू कर दी गई।

रसूलपुर गांव में भी दो दिन से बिजली संकट

काकोरी उपकेंद्र के अंतर्गत रसूलपुर गांव में सोमवार सुबह 100 केवीए का ट्रांसफार्मर ओवरलोडिंग के कारण खराब हो गया। इससे 500 से अधिक घरों की बिजली आपूर्ति बंद हो गई। पूर्व ग्राम पंचायत प्रधान दिनेश विश्वकर्मा ने बताया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समय पर ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया, जिससे ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

गोसाईंगंज में 20 घंटे तक बिजली गुल

गोसाईंगंज के मोहनलालगंज रोड स्थित नहर किनारे रखा ट्रांसफार्मर खराब होने से मंगलवार रात करीब 10 बजे से बुधवार शाम तक करीब 20 घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रही। इससे करीब 100 परिवार प्रभावित हुए। एसडीओ विनय कुमार ने बताया कि ट्रांसफार्मर की एमसीबी खराब होने के कारण बिजली बंद हुई थी, जिसे बाद में ठीक कर आपूर्ति बहाल कर दी गई।

एकतानगर के लोगों ने एमडी से लगाई गुहार

उत्तरेटिया उपकेंद्र के तहत आने वाले एकतानगर के लोगों ने बुधवार को बिजली संकट को लेकर मध्यांचल निगम की एमडी रिया केजरीवाल से मुलाकात की। लोगों ने बताया कि पिछले डेढ़ महीने से इलाके में लगातार बिजली संकट बना हुआ है और उपकेंद्र स्तर पर उनकी शिकायतों पर कोई सुनवाई नहीं हो रही है। एमडी ने लोगों को समस्या के जल्द समाधान का आश्वासन दिया।

LPG Crisis: नहीं हो रहा गैस सिलिंडर बुक तो इस नंबर पर करें WhatsApp, तुरंत आएगा कंफर्म मैसेज

फैजुल्लागंज और दाऊद नगर में बढ़ा लोगों का गुस्सा

फैजुल्लागंज और दाऊद नगर में अघोषित बिजली कटौती और लो वोल्टेज की समस्या से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। बुधवार को समाजवादी पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता पूजा शुक्ला ने क्षेत्रीय लोगों के साथ अधिशाषी अभियंता पंकज गुप्ता को ज्ञापन सौंपकर बिजली संकट दूर करने की मांग की। इस दौरान शैलेंद्र वर्मा, डॉ हमजा बिलाल, रंजीत यादव और सुधीर मौर्या समेत कई लोग मौजूद रहे।

Location :  Lucknow

Published :  28 May 2026, 9:55 AM IST