लखनऊ में फिर आग का तांडव, कोल्ड स्टोरेज धू-धू कर जला, आसपास के घरों को तुरंत कराया गया खाली

लखनऊ के चिनहट में हिमालयन कोल्ड स्टोरेज में भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। आग की लपटें एक किलोमीटर दूर तक दिखीं। पुलिस ने एहतियातन आसपास के मकान खाली कराए। दमकल की कई गाड़ियों ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 28 June 2026, 10:57 AM IST

Lucknow: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक बार फिर आग का बड़ा हादसा सामने आया है। रविवार सुबह करीब 6 बजे चिनहट इलाके में स्थित हिमालयन कोल्ड स्टोरेज में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि इसकी लपटें दूर-दूर तक दिखाई देने लगीं और करीब एक किलोमीटर तक धुआं फैल गया। सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने सबसे पहले कोल्ड स्टोरेज से उठता हुआ घना धुआं देखा, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों ने दी सूचना, फायर ब्रिगेड पहुंची मौके पर

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू कर दी गई। बताया जा रहा है कि जब तक फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंचती, तब तक आग ने पूरे कोल्ड स्टोरेज को अपनी चपेट में ले लिया था और इमारत धू-धू कर जलने लगी थी।

Lucknow Fire Tragedy: मंत्री जी रोए, CM का दौरा रद्द… चीख-पुकार के बीच उजड़े परिवारों का सवाल- लखनऊ अग्निकांड का दोषी कौन?

10 से ज्यादा दमकल गाड़ियां आग बुझाने में जुटीं

आग की गंभीरता को देखते हुए मौके पर 10 से अधिक फायर ब्रिगेड की गाड़ियां लगाई गईं। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने की कोशिश की। लंबे समय तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद आग को बुझा लिया गया, हालांकि इस दौरान भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।

एहतियातन खाली कराए गए आसपास के मकान

आग की भयावहता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आसपास के मकानों को खाली करा लिया। खासकर कोल्ड स्टोरेज से सटे हुए दयाल रेजीडेंसी के घरों को खाली करवाया गया ताकि किसी भी अनहोनी से बचा जा सके। स्थानीय लोगों ने बताया कि अचानक मची अफरा-तफरी के चलते लोग अपने घर छोड़कर बाहर निकल आए।

स्थानीय लोगों ने उठाए सवाल

प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय निवासियों ने इस घटना पर चिंता जताई है। उनका कहना है कि यह इलाका रिहायशी है और यहां इस तरह के कोल्ड स्टोरेज का संचालन खतरनाक हो सकता है। लोगों ने मांग की है कि ऐसे प्रतिष्ठानों को रिहायशी क्षेत्र से हटाया जाना चाहिए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Lucknow Fire Tragedy: अलीगंज अग्निकांड की लपटें अलीगढ़ तक, शिक्षा विभाग की टूटी नींद, ताबड़तोड़ सीलबंदी

हाल की घटनाओं से दहशत

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही लखनऊ के अलीगंज इलाके में एक बिल्डिंग में आग लगने की घटना हुई थी, जिसमें 15 लोगों की मौत हो गई थी। उस मामले में अब तक 4 लोगों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है। लगातार हो रही आग की घटनाओं ने राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Location :  Lucknow

Published :  28 June 2026, 10:57 AM IST