कुशीनगर डीएम महेंद्र सिंह तंवर का बड़ा फैसला, कहा- रजिस्ट्री नहीं तो सरकारी योजनाओं का फायदा भी नहीं

कुशीनगर में आयोजित किसान दिवस में डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने स्पष्ट किया कि सरकारी कृषि योजनाओं का लाभ पाने के लिए किसानों की रजिस्ट्री अनिवार्य होगी। बैठक में गन्ना भुगतान, अतिक्रमण और बिजली समस्याओं पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए और किसानों को जागरूक किया गया।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 15 April 2026, 6:43 PM IST

Kushinagar: कुशीनगर में किसान दिवस के दौरान प्रशासन ने साफ कर दिया कि अब कृषि योजनाओं का लाभ लेने के लिए किसानों को पहले अपनी पहचान सिस्टम में दर्ज करानी होगी। जिलाधिकारी ने सख्त शब्दों में कहा कि ‘फार्मर रजिस्ट्री’ के बिना किसी भी सरकारी योजना का फायदा नहीं मिलेगा।

कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुआ किसान दिवस

कुशीनगर के कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने की। कार्यक्रम की शुरुआत उप-कृषि निदेशक द्वारा पिछले माह की शिकायतों के निस्तारण की रिपोर्ट प्रस्तुत करने से हुई, जिसमें कई मुद्दों के समाधान की जानकारी दी गई।

किसानों की रजिस्ट्री अनिवार्य

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ पाने के लिए किसानों की रजिस्ट्री कराना अनिवार्य है। जिन किसानों के नाम खतौनी में अलग-अलग दर्ज हैं और रजिस्ट्री में दिक्कत आ रही है, उन्हें जल्द से जल्द तहसील स्तर पर संशोधन कराने की सलाह दी गई। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे समय रहते रजिस्ट्री प्रक्रिया पूरी करें, जिससे किसी योजना का लाभ लेने में परेशानी न हो।

गन्ना भुगतान और अतिक्रमण पर सख्त रुख

बैठक में किसानों ने गड़ौरा चीनी मिल द्वारा गन्ना भुगतान लंबित होने की शिकायत उठाई। इस पर जिलाधिकारी ने जिला गन्ना अधिकारी को तुरंत नोटिस जारी कर भुगतान सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा चक मार्गों पर अवैध अतिक्रमण हटाने की मांग भी उठी, जिस पर प्रशासन ने कार्रवाई का भरोसा दिया।

डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने किसानों के साथ की बैठक (सोर्स: डाइनामाइट न्यूज़)

महिलाओं और किसानों की समस्याओं का तत्काल होगा समाधान

स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने बिजली कनेक्शन से जुड़ी समस्याएं रखीं, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तुरंत समाधान करने को कहा। इंडिया मार्का हैंडपंपों की खराब स्थिति पर भी संज्ञान लेते हुए उन्होंने पूरे जिले में सूची तैयार कर रिबोर कार्य जल्द शुरू कराने के निर्देश दिए।

जागरूकता और सुरक्षा पर भी जोर

जिलाधिकारी ने किसानों से फसल कटाई के दौरान रीपर मशीन का सावधानीपूर्वक उपयोग करने और आगजनी की घटनाओं से बचाव के लिए निर्धारित मानकों का पालन करने की अपील की। कार्यक्रम में कृषि, खाद्य और विपणन विभाग ने पीपीटी के माध्यम से विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। अंत में अधिकारियों ने किसानों से रजिस्ट्री कराने का पुनः अनुरोध किया।

Location :  Kushinagar

Published :  15 April 2026, 6:43 PM IST