एक्शन मोड में डीएम महेंद्र सिंह तंवर और एसपी केशव कुमार, कहा- कोई नहीं बच सकता हमारी नजरों से

तमकुहीराज स्थित BBK एकेडमी के 7 फरवरी को प्रस्तावित उद्घाटन समारोह को लेकर डीएम महेंद्र सिंह तंवर और एसपी ने स्थल निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात, भीड़ नियंत्रण और मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व भैयाजी जोशी के संभावित आगमन को देखते हुए प्रशासन सतर्क है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 2 February 2026, 8:33 PM IST

Kushinagar: तमकुहीराज स्थित BBK एकेडमी के प्रस्तावित उद्घाटन समारोह 07 फरवरी 2026 को लेकर जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर एवं पुलिस अधीक्षक ने कार्यक्रम स्थल का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण एवं मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की।

मंच, बैठक, बिजली-पानी समेत सभी व्यवस्थाओं पर जोर

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि उद्घाटन समारोह के अवसर पर सामान्य जन एवं विशिष्ट अतिथियों की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने मंच व्यवस्था, बैठक व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, शौचालय, आपातकालीन चिकित्सीय सुविधा एवं पार्किंग व्यवस्था को मानक अनुरूप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर किसी भी अव्यवस्था की संभावना समाप्त करने पर बल दिया।

सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को लेकर एसपी के निर्देश

पुलिस अधीक्षक द्वारा कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए गए कि कार्यक्रम स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए। इसके अलावा यातायात को सुचारू बनाए रखने हेतु डायवर्जन प्लान, सीसीटीवी निगरानी, प्रवेश-निकास बिंदुओं की स्पष्ट व्यवस्था तथा भीड़ नियंत्रण हेतु समुचित प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

विशिष्ट अतिथियों की संभावना, प्रशासन सतर्क

उद्घाटन समारोह में उत्तर प्रदेश के माननीय उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक भैयाजी जोशी सहित अन्य विशिष्ट जनों के प्रतिभाग करने की संभावना के दृष्टिगत प्रशासन द्वारा विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

आयोजन को गरिमामय बनाने की तैयारी

कार्यक्रम आयोजकों ने अवगत कराया कि आयोजन को सुव्यवस्थित एवं गरिमामय बनाने हेतु मंच, सांस्कृतिक कार्यक्रम, अतिथि सत्कार एवं अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उद्घाटन समारोह को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सफल ढंग से संपन्न कराने हेतु सभी विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं तथा तैयारियों की निरंतर निगरानी की जा रही है।

Location : 
  • Kushinagar

Published : 
  • 2 February 2026, 8:33 PM IST