कुशीनगर के तमकुहीराज क्षेत्र में ग्रीनलैंड पब्लिक स्कूल के पास कूड़ा और सूखे पत्ते जलाने से उठे धुएं के कारण कुछ बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। सांस लेने में परेशानी की शिकायत पर बच्चों को तुरंत सीएचसी सेवरही ले जाया गया। मौके पर डीएम और एसपी ने पहुंचकर तत्काल एक्शन लिया।

प्रशासन तुरंत सक्रिय
Kushinagar: कुशीनगर में स्थित तमकुहीराज तहसील अंतर्गत ग्रीनलैंड पब्लिक स्कूल के समीप स्थित एक प्लॉट में सूखा कूड़ा एवं पत्ते जलाए जाने की घटना हुई। जिसमें कुछ जंगली पौधों के जलने से उठे धुएं के कारण विद्यालय के कुछ बच्चों को बेचैनी एवं सांस लेने में परेशानी की शिकायत हुई। सूचना प्राप्त होने पर एहतियातन बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सेवरही लाया गया।
मौके पर पहुंचे अफसर
सीएचसी में चिकित्सकों द्वारा बच्चों का तत्काल प्राथमिक उपचार किया गया। जिसके उपरांत अधिकांश बच्चों को स्वस्थ पाए जाने पर उनके घर भेज दिया गया। वहीं कुछ बच्चों को अतिरिक्त सावधानी के तौर पर जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उन्हें समुचित उपचार प्रदान किया गया। वर्तमान में सभी बच्चे पूर्ण तरीके से स्वस्थ हैं।
डीएम और एसपी ने तत्काल लिया एक्शन
घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर, पुलिस अधीक्षक केशव कुमार एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा सीएचसी सेवरही, ग्रीनलैंड पब्लिक स्कूल और जिला अस्पताल का निरीक्षण किया गया। मौके पर स्थिति सामान्य एवं शांति व्यवस्था कायम पाई गई। प्रशासन द्वारा संबंधित प्रकरण की निगरानी की जा रही है। इसके आलावा आमजन से खुले स्थानों पर कूड़ा या पत्ते न जलाने की अपील की गई है।