बालाजी के दर्शन करके लौट रहे थे श्रद्धालु, रास्ते में मौत बनकर आया ट्रक, 2 की गई जान, 22 घायल

मेहंदीपुर बालाजी और सालासर धाम के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं के साथ रास्ते में ऐसा हादसा हुआ कि खुशियां मातम में बदल गईं। बस में मची चीख-पुकार के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने संभाला मोर्चा।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 19 November 2026, 10:40 AM IST

कानपुर देहात: उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात में नेशनल हाईवे-19 पर गुरुवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। धार्मिक यात्रा से लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी टूरिस्ट बस अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस दर्दनाक हादसे में दो श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 22 अन्य घायल हो गए। घायलों में 10 की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें मेडिकल कॉलेज अकबरपुर रेफर किया गया है।

मेहंदीपुर बालाजी और सालासर धाम से लौट रहे थे श्रद्धालु

जानकारी के मुताबिक, उन्नाव के शुक्लागंज से करीब 30 श्रद्धालु एक टूर एंड ट्रैवल्स बस से मेहंदीपुर बालाजी और सालासर धाम के दर्शन करने गए थे। धार्मिक यात्रा पूरी करने के बाद सभी श्रद्धालु गुरुवार को अपने घर उन्नाव लौट रहे थे।

इसी दौरान कानपुर देहात के सिकंदरा थाना क्षेत्र के खोजाफूल के पास नेशनल हाईवे-19 पर बस चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई। इससे चालक बस पर नियंत्रण खो बैठा और तेज रफ्तार बस आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बस के अंदर बैठे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।

दो श्रद्धालुओं की मौके पर मौत, 22 घायल

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों की मदद से बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) सिकंदरा पहुंचाया गया।

इस दुर्घटना में दो श्रद्धालुओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि 22 अन्य घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद 10 घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अकबरपुर रेफर कर दिया। वहीं, शेष 10 से 12 घायलों का उपचार सीएचसी सिकंदरा में डॉक्टरों की निगरानी में जारी है।

ASP और CO ने अस्पताल पहुंचकर जाना घायलों का हाल

हादसे की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक और सिकंदरा के क्षेत्राधिकारी सौरभ वर्मा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया और अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना।

इस दौरान घायल साधना मिश्रा, राम भगत सिंह समेत अन्य यात्रियों की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली गई। अधिकारियों ने चिकित्सक डॉ. पूजा गोयल और उनकी टीम को घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश दिए।

पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव, हाईवे पर यातायात बहाल

पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, दुर्घटना के बाद नेशनल हाईवे पर प्रभावित यातायात को सामान्य कराने के लिए क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से हटवाया गया। इसके बाद हाईवे पर आवागमन फिर से सुचारू करा दिया गया।

धार्मिक यात्रा से घर लौट रहे श्रद्धालुओं के साथ हुए इस हादसे से उनके परिवारों में शोक का माहौल है।

Location :  Kanpur Dehat

Published :  19 November 2026, 10:40 AM IST