
Kanpur Dehat: दिल्ली–हावड़ा रेल मार्ग पर स्थित झींझक रेलवे स्टेशन के पश्चिमी छोर पर उस समय हड़कंप मच गया जब एक महिला आत्महत्या करने के इरादे से रेलवे ट्रैक के पास पहुंच गई। मौके की गंभीरता को भांपते हुए किसी स्थानीय व्यक्ति ने तत्काल जीआरपी को सूचना दे दी। सूचना मिलते ही जीआरपी झींझक की टीम बिना देर किए मौके पर पहुंची और महिला से बातचीत शुरू की।
ड्यूटी पर तैनात हेड कांस्टेबल नृपेंद्र प्रताप सिंह और कांस्टेबल अनुराग सिंह ने सूझबूझ दिखाते हुए महिला को शांत कराया और साथ ही थाना मंगलपुर की पुलिस चौकी झींझक को भी सूचना दी। कुछ ही देर में चौकी इंचार्ज उमेश शर्मा अपने हमराही सिपाही दिग्विजय के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने महिला को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर धैर्यपूर्वक उससे बातचीत की।
पुलिस की पूछताछ में महिला ने बताई घरेलू विवाद
पूछताछ में महिला ने अपना नाम शशि (28 वर्ष) पत्नी सुनील कुमार निवासी निहालपुर थाना मंगलपुर बताया। उसने बताया कि घरेलू विवाद के चलते उसके जेठ और जेठानी ने उसके साथ मारपीट की थी। जब उसने इस बात की शिकायत अपने पति से की तो पति ने उल्टा उसे ही डांट दिया।
इसी बात से आहत होकर वह आत्मघाती कदम उठाने के लिए यहां आ गई थी। स्थिति की गंभीरता समझते हुए चौकी इंचार्ज उमेश शर्मा ने तुरंत महिला के पति सुनील कुमार को फोन कर मौके पर बुलाया। पति के पहुंचने पर पुलिस ने दोनों को समझाया-बुझाया और पारिवारिक विवाद आपसी संवाद से सुलझाने की सलाह दी। पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता के चलते एक बड़ा हादसा टल गया। बाद में पति सुनील कुमार अपनी पत्नी शशि को सकुशल अपने साथ घर ले गए। इस पूरी कार्रवाई से क्षेत्र में पुलिस की मानवीय पहल की सराहना की जा रही है।
Location : Kanpur Dehat News
Published : 31 January 2026, 5:00 PM IST
Topics : Crime News kanpur dehat jhinjhak news mangalpur police Railway station jhinjhak news suside