UP News: रील्स के नशे में खौफनाक करतूत? गाने की धुन में लहराया तमंचा और कर गया खेला

झांसी के मोठ कोतवाली क्षेत्र का एक 10 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक कार में बैठकर तमंचा लहराते हुए दिखाई देता है। वीडियो में तेज आवाज में गाना बज रहा है और युवक हथियार में कारतूस डालने-निकालने का प्रदर्शन करता है।

Post Published By: Subhash Raturi
Updated : 7 June 2026, 4:28 PM IST

झांसी: जनपद के मोठ कोतवाली क्षेत्र से सोशल मीडिया पर वायरल हुए महज 10 सेकंड के एक वीडियो ने सनसनी फैला दी है। वीडियो छोटा है, लेकिन इसमें दिखाई गई बदमाशी का अंदाज बड़ा सवाल खड़ा कर रहा है। गाड़ी में तेज आवाज में बज रहे गाने - “हीरो न बनना, विलेन रहन दे... बदमाश बदमाशों का मैन रहन दे...” - के बीच एक युवक खुलेआम तमंचा लहराते हुए खुद को किसी फिल्मी गैंगस्टर से कम साबित करने की कोशिश नहीं कर रहा।

खुले आम चल रहा थी बदमाशी 

वायरल वीडियो में युवक कार की अगली सीट पर बैठा दिखाई दे रहा है। कैमरा ऑन है, गाना बज रहा है और बदमाशी का प्रदर्शन पूरे शबाब पर है। युवक पहले तमंचे को खोलता है, फिर उसमें कारतूस डालने का प्रदर्शन करता है और कुछ ही सेकंड बाद कारतूस निकालकर हथियार को लहराने लगता है। हैरत की बात यह है कि वीडियो में वह तमंचा ड्राइवर की कनपटी पर भी सटा देता है।

एक गलती और खेल खत्म

सोचिए... अगर उसी वक्त हथियार में कारतूस रह गया होता... अगर जरा सी चूक हो जाती... अगर गलती से ट्रिगर दब जाता... तो यह 10 सेकंड की नौटंकी सीधे मौत का मंजर बन सकती थी। लेकिन वायरल वीडियो में युवक को न कानून का डर दिखाई देता है और न किसी अनहोनी की चिंता। उसे तो बस सोशल मीडिया पर अपनी कथित दबंगई का प्रदर्शन करना है।

उड़ा कानून व्यवस्था का मजाक

आजकल कुछ युवक लाइक्स, व्यूज़ और फॉलोअर्स के लिए हथियारों को खिलौना समझ बैठे हैं। लेकिन यह भूल जाते हैं कि हथियार का ट्रिगर मजाक नहीं करता। कैमरे के सामने दिखाई गई एक छोटी सी लापरवाही किसी परिवार की जिंदगी हमेशा के लिए उजाड़ सकती है। वायरल वीडियो में दिखाई गई हरकत न केवल गैरजिम्मेदाराना है, बल्कि कानून-व्यवस्था को भी खुली चुनौती देती नजर आ रही है।

वीडियो ने खड़े किए गभीर सवाल

महज 10 सेकंड के इस वीडियो ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर युवक कौन है? तमंचा कहां से आया? क्या हथियार वैध है या अवैध? और सबसे बड़ा सवाल, सोशल मीडिया पर खुलेआम हथियार लहराकर कानून को चुनौती देने वाले इस युवक पर पुलिस क्या कार्रवाई करती है?

हथियार का दिखावा पड़ा भारी 

फिलहाल वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल है और चर्चा का विषय बना हुआ है। अब निगाहें पुलिस पर टिकी हैं कि 10 सेकंड की इस कथित बदमाशी का हिसाब कानून कितनी तेजी और सख्ती से करता है। क्योंकि हथियार के साथ दिखावा, चाहे कैमरे के लिए ही क्यों न हो, कभी भी जानलेवा साबित हो सकता है।

Location :  Jhansi

Published :  7 June 2026, 4:28 PM IST