
पूर्व मंत्री के परिवार से जुड़े नाम सामने आए
Ballia : वाराणसी में सामने आए संगठित वसूली रैकेट ने पूर्वांचल की परिवहन व्यवस्था में चल रहे कथित भ्रष्ट नेटवर्क की परतें खोल दी हैं। ट्रक चालकों, कमर्शियल वाहन मालिकों और परिवहन कारोबारियों से सरकारी कार्रवाई का डर दिखाकर अवैध वसूली करने वाले गिरोह के खिलाफ दर्ज मुकदमे में राजनीतिक रसूख वाले नाम भी सामने आने लगे हैं। सबसे बड़ी बात यह है कि इस मामले में सतीश चौधरी और उसके बेटे सौरभ चौधरी के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों उत्तर प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री अंबिका चौधरी के परिवार से जुड़े हैं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह के सदस्य खुद को परिवहन विभाग और आरटीओ से जुड़ा अधिकारी या कर्मचारी बताकर हाईवे पर चलने वाले ट्रक चालकों और कमर्शियल वाहन मालिकों को निशाना बनाते थे। आरोप है कि कार्रवाई, चालान और वाहन सीज करने का डर दिखाकर उनसे नियमित रूप से धन उगाही की जाती थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस और संबंधित विभागों की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। जिसमें कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए।
जांच एजेंसियों के अनुसार, वाहन मालिकों से कथित तौर पर "इंडस्ट्री फीस" के नाम पर हर महीने निश्चित रकम वसूली जाती थी। बदले में उन्हें आश्वासन दिया जाता था कि उनके वाहनों के खिलाफ किसी भी जिले में कार्रवाई नहीं होगी। रकम न देने वालों को चालान, सीजिंग और अन्य कानूनी कार्रवाई का भय दिखाया जाता था। इसी डर के सहारे लंबे समय से यह नेटवर्क सक्रिय होने की आशंका जताई जा रही है।
मामले में सतीश चौधरी और उसके बेटे सौरभ चौधरी के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के बाद पूरे प्रकरण ने राजनीतिक रंग भी पकड़ लिया है। दोनों का नाम उत्तर प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री अम्बिका चौधरी के परिवार से जुड़ने के कारण चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि जांच एजेंसियां सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच कर रही हैं और अभी किसी भी आरोपी की भूमिका पर अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला गया है।
एफआईआर में कुल 19 लोगों को नामजद किया गया है। नामजद आरोपियों में विपिन कुमार यादव उर्फ पातु चौधरी, आकाश चौधरी, राजा कुमार, प्रदीप गुप्ता उर्फ बिछ्छी गुप्ता, पिंकू सिंह उर्फ सुशील सिंह, मुनीम जी उर्फ संतोष, बुलबुल, सीबी सिंह, अशोक दुबे, रंजीत, बबलू सिंह, दीपक, गुड्डू सिंह, सौरभ चौधरी, ललित सिंह, हृदय चौधरी, भोला नाथ चौधरी, दिनेश यादव और सतीश चौधरी उर्फ नागा शामिल हैं।
Location : Ballia
Published : 30 May 2026, 8:55 PM IST