मिशन 2027 में पूरी ताकत से जुटी सपा, बूथ से जीत तक का बनाया रोडमैप

समाजवादी पार्टी कार्यालय पर छोटे लोहिया के नाम से प्रसिद्ध जनेश्वर मिश्र की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस दौरान सपा नेताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और 2027 विधानसभा चुनाव में अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने के लिए बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का आह्वान किया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 5 August 2026, 5:16 PM IST

Maharajganj :  समाजवादी पार्टी कार्यालय पर बुधवार को समाजवादी चिंतक एवं 'छोटे लोहिया' के नाम से प्रसिद्ध स्वर्गीय जनेश्वर मिश्र की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष विद्यासागर यादव ने की। इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जनेश्वर मिश्र के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। साथ ही उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर आयोजित गोष्ठी में उनके समाजवादी विचारों को याद किया गया।

जनेश्वर मिश्र के आदर्शों को किया याद

गोष्ठी को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष विद्यासागर यादव ने कहा कि जनेश्वर मिश्र समाजवादी विचारधारा के सच्चे प्रहरी थे। अपनी सादगी, ईमानदारी और समाजवादी सिद्धांतों के प्रति अटूट निष्ठा के कारण उन्हें 'छोटे लोहिया' के नाम से जाना जाता था। उन्होंने कई बार लोकसभा और राज्यसभा का प्रतिनिधित्व किया तथा सात बार केंद्रीय मंत्री रहने के बावजूद कभी निजी गाड़ी और बंगले का मोह नहीं रखा।

जनेश्वर मिश्र पार्क का किया उल्लेख

उन्होंने कहा कि समाजवादी आंदोलन में जनेश्वर मिश्र का योगदान सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उनके सम्मान में लखनऊ में एशिया के सबसे बड़े पार्कों में से एक जनेश्वर मिश्र पार्क का निर्माण समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव की प्रेरणा से पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के कार्यकाल में कराया गया।

2027 चुनाव की तैयारियों पर जोर

जिलाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने के लक्ष्य के साथ सभी कार्यकर्ता आज से ही अपने-अपने बूथों को मजबूत करने में जुट जाएं और संगठन को गांव-गांव तक सशक्त करें।

इन नेताओं ने भी किया संबोधित

कार्यक्रम को सपा नेता हरेंद्र त्रिपाठी, बिंद्रेश कनौजिया, शमसुल होदा, डॉ. विनोद कुशवाहा और शमसुद्दीन अली ने भी संबोधित किया। उन्होंने जनेश्वर मिश्र के संघर्षमय जीवन और समाजवादी मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया।

ताले टूटे और उड़ गया सब कुछ….. महाराजगंज के हनुमान मंदिर में रात के अंधेरे का वो खौफनाक सच

बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद

इस अवसर पर सपा नेता निर्मेष मंगल, पूर्व विधायक श्रीपत आजाद, राजेश निषाद, अर्जुन यादव, नौशाद आलम, अमरजीत साहनी, विजय यादव, सुरेंद्र भारती, गोलू पासवान, रामनिवास यादव, संजय यादव, नरेंद्र भारती, अखिलेश मौर्य, अमरनाथ यादव, हीरालाल जख्मी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Location :  Maharajganj

Published :  5 August 2026, 5:16 PM IST